दुनियाभर में बढ़ती जिन बीमारियों को लेकर स्वास्थ्य विशेषज्ञ सबसे ज्यादा चिंतित हैं, डायबिटीज उनमें से एक है। लगातार शुगर लेवल का बढ़ा हुआ रहना शरीर के लिए कई तरह की मुसीबतों का कारण बन सकता है। हाई शुगर वाले लोगों में किडनी, आंखों, तंत्रिकाओं से लेकर हार्ट और कैंसर तक होने का खतरा अधिक हो सकता है। क्या आप जानते हैं कि भोजन करने के बाद शरीर में दिखने वाले कुछ बदलावों की मदद से भी ये जाना जा सकता है कि कहीं आपको डायबिटीज का खतरा तो नहीं है?
Healthy Body: खाने के बाद शरीर में होने वाले ये बदलाव सामान्य नहीं, ब्लड शुगर से हो सकता है कनेक्शन
खाना खाने के बाद हल्की सुस्ती या प्यास सामान्य हो सकती है, लेकिन बार-बार अत्यधिक प्यास, पेशाब, कमजोरी या असामान्य भूख ब्लड शुगर में गड़बड़ी का संकेत हो सकते हैं। भोजन के बाद शुगर क्यों बढ़ती है, कौन से लक्षण सतर्क करते हैं और कब शुगर की जांच जरूरी हो जाता है? आइए इस बारे में जान लेते हैं।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
भोजन के बाद शरीर में क्या महसूस होता है?
क्या आपको भी खाना खाने के बाद बहुत ज्यादा नींद आने लगती है, कभी अचानक कमजोरी महसूस होती है, तो कभी बहुत ज्यादा प्यास लगती है। अगर ये लक्षण कभी-कभार हों तो इनके पीछे भोजन, नींद, पानी की कमी या दूसरी वजहें भी हो सकती हैं। लेकिन जब ये बार-बार होने लगें, ब्लड शुगर की जांच कराना जरूरी हो जाता है।
- असल में डायबिटीज में शरीर या तो पर्याप्त इंसुलिन नहीं बना पाता या इंसुलिन का सही इस्तेमाल नहीं कर पाता। इसका असर खून में ग्लूकोज के स्तर पर पड़ता है।
- डायबिटीज के सामान्य लक्षणों में ज्यादा पेशाब आने, बहुत प्यास या भूख लगने, थकान, धुंधला दिखने और घावों के देर से भरने की समस्या हो सकती है।
खाना खाने के बाद नींद आने की समस्या
भोजन के बाद हल्की सुस्ती या नींद आना वैसे तो सामान्य हो सकता है। भारी या अधिक मात्रा में भोजन करने के बाद अक्सर लोगों को ऐसा महसूस हो सकता है। लेकिन अगर हर बार भोजन के बाद अत्यधिक नींद, कमजोरी या सुस्ती महसूस होती है, तो इसे केवल खाने का असर मानकर छोड़ना ठीक नहीं है।
- खून में ग्लूकोज का स्तर शरीर की ऊर्जा व्यवस्था से जुड़ा होता है। डायबिटीज में अत्यधिक थकान एक सामान्य लक्षण हो सकता है।
- इसलिए यदि खाने के बाद होने वाली सुस्ती लगातार बनी रहती है और साथ में बहुत प्यास, बार-बार पेशाब जैसे संकेत भी हैं, तो शुगर की जांच जरूर करा लें।
खाने के बाद बार-बार पेशाब आना
खाना खाने के कुछ समय बाद बार-बार पेशाब जाने की जरूरत महसूस होने के कई कारण हो सकते हैं।
- ज्यादा पानी, चाय-कॉफी या कुछ दवाओं के कारण भी पेशाब बढ़ सकता है।
- लेकिन अगर बार-बार पेशाब आने के साथ बहुत ज्यादा प्यास, थकान भी हो तो ब्लड शुगर की जांच जरूरी हो सकती है।
- डायबिटीज में अधिक पेशाब आना शरीर द्वारा अतिरिक्त ग्लूकोज को बाहर निकालने की प्रक्रिया से जुड़ा हो सकता है।
स्वास्थ्य विशेषज्ञ कहते हैं, खाना खाने के बाद ब्लड शुगर कुछ समय के लिए बढ़ना सामान्य है। अगर खाना खाने के बाद बार-बार अत्यधिक प्यास, पेशाब, थकान, फिर से भूख या कमजोरी महसूस हो रही है, तो इसे लगातार नजरअंदाज न करें। ये लक्षण अगर कई दिनों या हफ्तों से बने हुए हों तो तुरंत डॉक्टर से इसकी जांच करा लें।
--------------
नोट: यह लेख मेडिकल रिपोर्टस के आधार पर तैयार किया गया है।
अस्वीकरण: अमर उजाला की हेल्थ एवं फिटनेस कैटेगरी में प्रकाशित सभी लेख डॉक्टर, विशेषज्ञों व अकादमिक संस्थानों से बातचीत के आधार पर तैयार किए जाते हैं। लेख में उल्लेखित तथ्यों व सूचनाओं को अमर उजाला के पेशेवर पत्रकारों द्वारा जांचा व परखा गया है। इस लेख को तैयार करते समय सभी तरह के निर्देशों का पालन किया गया है। संबंधित लेख पाठक की जानकारी व जागरूकता बढ़ाने के लिए तैयार किया गया है। अमर उजाला लेख में प्रदत्त जानकारी व सूचना को लेकर किसी तरह का दावा नहीं करता है और न ही जिम्मेदारी लेता है। उपरोक्त लेख में उल्लेखित संबंधित बीमारी के बारे में अधिक जानकारी के लिए अपने डॉक्टर से परामर्श लें।