लाइफस्टाइल और खान-पान की गड़बड़ी ने किस तरह से हमारी सेहत को नुकसान पहुंचाया है, ये हम सभी लगातार तमाम रिपोर्ट्स और जर्नल्स में पढ़ते रहते हैं। खराब आहार, नींद की कमी, बढ़ते स्ट्रेस और कम होती शारीरिक गतिविधियों ने बुढ़ापे में होने वाली कई बीमारियों को कम उम्र के लोगों में भी काफी आम कर दिया है।
Kidney Disease: हाई ब्लड प्रेशर किडनी डैमेज का कारण भी है और लक्षण भी, डॉक्टर ने बताए जरूरी टिप्स
High Blood Pressure Causes Kidney Damage: युवाओं में हाई ब्लड प्रेशर और किडनी रोग के मामलों में तेजी से वृद्धि देखी गई है। किडनी की बीमारी वाले अधिकांश मरीजों में हाई ब्लड प्रेशर की समस्या देखी जाती रही है। अनियंत्रित हाई बीपी क्रॉनिक किडनी डिजीज का बड़ा कारण बन सकती है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
क्या कहते हैं किडनी रोग विशेषज्ञ?
अमर उजाला से बातचीत में वरिष्ठ नेफ्रोलॉजिस्ट डॉ आर.एम रंजन बताते हैं, शरीर से गंदगी और अतिरिक्त पानी को बाहर निकालने, मिनरल्स को संतुलित रखने के साथ किडनी आपके ब्लड प्रेशर को भी नियंत्रित रखती है।
- अगर किसी को लंबे समय से हाई ब्लड प्रेशर की समस्या बनी हुई है तो इसके कारण किडनी की छोटी-छोटी रक्त वाहिकाएं कमजोर होने लगती हैं। इससे किडनी की फिल्टर करने की क्षमता प्रभावित होती है और किडनी फेलियर तक का खतरा हो सकता है।
- अगर ब्लड प्रेशर को कंट्रोल कर लिया जाए तो किडनी के साथ आंखों, तंत्रिकाओं, हार्ट-ब्रेन सहित कई अंगों को सुरक्षित किया जा सकता है।
ब्लड प्रेशर बढ़ने से किडनी को खतरा
नेशनल किडनी फाउंडेशन के अनुसार लंबे समय तक अनियंत्रित हाई बीपी क्रॉनिक किडनी डिजीज का बड़ा कारण बन सकता है।
- हाई ब्लड प्रेशर शरीर की रक्त वाहिकाओं पर लगातार दबाव बढ़ाता रहता है। किडनी में लाखों छोटे फिल्टर होते हैं जिन्हें नेफ्रॉन कहा जाता है।
- छोटी रक्त वाहिकाओं के जरिए इन फिल्टर्स तक खून पहुंचता है।
- जब ब्लड प्रेशर लगातार बढ़ा रहता है तो इन रक्त वाहिकाओं की दीवारें कमजोर होने लगती हैं।
- इससे किडनी तक पर्याप्त मात्रा में खून और ऑक्सीजन नहीं पहुंच पाता और उसकी फिल्टरिंग क्षमता प्रभावित होने लगती है।
- यदि आपका ब्लड प्रेशर लगातार 140/90 mmHg या उससे अधिक रहता है तो इससे किडनी को नुकसान का खतरा बढ़ जाता है।
किडनी की बीमारी में लक्षण भी है हाई ब्लड प्रेशर
अभी हमने जाना कि किस तरह से हाई ब्लड प्रेशर की स्थिति किडनी को नुकसान पहुंचाती है, पर क्या आप जानते हैं कि किडनी की बीमारी में ये एक लक्षण भी हो सकता है?
- डॉ रंजन बताते हैं, किडनी शरीर में ब्लड प्रेशर को नियंत्रित करने में अहम भूमिका निभाती है। किडनी शरीर में पानी, सोडियम और हार्मोन का संतुलन बनाए रखती है।
- जब किडनी में कोई समस्या आ जाती है या फिर ये खराब होने लगती है तो शरीर से अतिरिक्त नमक और पानी ठीक से बाहर नहीं निकाल पाता।
- इससे शरीर में फ्लूइड बढ़ता है और रक्त वाहिकाओं पर दबाव बढ़ने लगता है। इस वजह से ब्लड प्रेशर हाई हो जाता है।
- डॉक्टर कहते हैं, किडनी की बीमारी वाले अधिकांश मरीजों में हाई ब्लड प्रेशर की समस्या देखी जाती है।
इन समस्याओं से बचाव कैसे करें?
डॉक्टर कहते हैं, हाई ब्लड प्रेशर और किडनी की बीमारी दोनों से बचने के लिए लाइफस्टाइल में सुधार सबसे जरूरी है।
- इसके लिए सबसे पहले नमक का सेवन कम कर दें।
- प्रोसेस्ड और पैकेज्ड फूड में भी सोडियम (नमक) की मात्रा अधिक होती है, इसलिए इनका सेवन भी ज्यादा नहीं करना चाहिए।
- मौसमी फल-हरी सब्जियां, साबुत अनाज खाएं। ये किडनी और दिल दोनों के लिए फायदेमंद मानी जाती हैं।
- नियमित व्यायाम की आदत ब्लड प्रेशर को नियंत्रित रखने में मदद करती है।
- पर्याप्त मात्रा में पानी पीते रहना और वजन कंट्रोल रखना किडनी और बीपी दोनों के लिए महत्वपूर्ण है।
--------------
स्रोत:
High Blood Pressure & Kidney Disease
अस्वीकरण: अमर उजाला की हेल्थ एवं फिटनेस कैटेगरी में प्रकाशित सभी लेख डॉक्टर, विशेषज्ञों व अकादमिक संस्थानों से बातचीत के आधार पर तैयार किए जाते हैं। लेख में उल्लेखित तथ्यों व सूचनाओं को अमर उजाला के पेशेवर पत्रकारों द्वारा जांचा व परखा गया है। इस लेख को तैयार करते समय सभी तरह के निर्देशों का पालन किया गया है। संबंधित लेख पाठक की जानकारी व जागरूकता बढ़ाने के लिए तैयार किया गया है। अमर उजाला लेख में प्रदत्त जानकारी व सूचना को लेकर किसी तरह का दावा नहीं करता है और न ही जिम्मेदारी लेता है। उपरोक्त लेख में उल्लेखित संबंधित बीमारी के बारे में अधिक जानकारी के लिए अपने डॉक्टर से परामर्श लें।