क्या अक्सर आपके पैर के अंगूठे और उंगलियों को जोड़ों में अक्सर दर्द रहता है, घुटनों और टखनों में सूजन बनी रहती है और चलने में दिक्कत होती है? ये यूरिक एसिड बढ़ने का संकेत हो सकते हैं। यूरिक एसिड हमारे शरीर में स्वाभाविक रूप से बनने वाला एक अपशिष्ट पदार्थ है। जब शरीर प्यूरीन नामक पदार्थ को तोड़ता है, तब यूरिक एसिड बनता है। सामान्य परिस्थितियों में किडनी इसे छानकर पेशाब के जरिए शरीर से बाहर निकाल देती है। लेकिन जब शरीर में इसकी मात्रा जरूरत से ज्यादा बनने लगे या किडनी इसे ठीक से बाहर न निकाल पाए, तो यह खून में जमा होने लगता है।
High Uric Acid: यूरिक एसिड बढ़ने पर क्या सच में दाल नहीं खानी चाहिए? जानिए कैसे करें इसे कंट्रोल
यूरिक एसिड शरीर में बनने वाला एक सामान्य अपशिष्ट पदार्थ है। यह तब बनता है जब शरीर प्यूरीन नामक तत्व को तोड़ता है। सोशल मीडिया पर यूरिक एसिड को लेकर कई तरह की सलाहें मिलती हैं। इनमें कितनी सच्चाई है?
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
यूरिक एसिड बढ़ने का खतरा
डॉक्टर कहते हैं, जिस तरह से लोगों का खानपान गड़बड़ होता जा रहा है, मोटापे की दिक्कत बढ़ रही है और लोग शारीरिक मेहनत कम करने लगे हैं इसने यूरिक एसिड की समस्या को काफी बढ़ा दिया है। पहले इसे उम्रदराज लोगों की बीमारी माना जाता था, लेकिन अब 30 से कम उम्र के युवाओं में भी इसके मामले लगातार सामने आ रहे हैं।
अध्ययनों में पाया गया है कि किडनी की बीमारी, डायबिटीज कंट्रोल न रहने, मेटाबॉलिक सिंड्रोम और कुछ दवाएं भी जोखिमों को बढ़ाने वाली हो सकती हैं।
आइए जानते हैं कि इसे कैसे कंट्रोल किया जा सकता है?
क्या यूरिक एसिड बढ़ने पर दाल नहीं खानी चाहिए?
न्यूट्रिशनिस्ट पारुल शाह कहती हैं, अक्सर लोगों के दिमाग में ये सवाल रहता है कि यूरिक एसिड बढ़ने पर दाल नहीं खानी चाहिए, पर ये पूरी तरह सच नहीं है।
अगर आपका यूरिक एसिड लेवल ज्यादा है, तो आपको दालें खाना बंद करने की जरूरत नहीं है। बस आपको सही दालें चुनने और उनकी मात्रा का ध्यान रखना जरूरी है। यह आपके यूरिक एसिड लेवल पर भी निर्भर करता है। अगर आपका लेवल 8 से ज्यादा है, तो लो प्यूरीन वाले विकल्प आपके लिए बेहतर हो सकते हैं।
- दालें प्रोटीन, फाइबर और कई आवश्यक पोषक तत्वों का अच्छा स्रोत हैं।
- पीली मूंग दाल आपके अच्छा हो सकता है। इससे पोषक तत्व भी मिलते हैं और यूरिक एसिड का जोखिम भी कम होती है।
- मूंग, मसूर, अरहर की दाल को आप हफ्ते में 3-4 बार खा सकते हैं।
किन चीजों से परहेज करना चाहिए?
- यदि यूरिक एसिड बढ़ा हुआ है, तो सी फूड, रेड मीट और शराब न पीने की भी सलाह दी जाती है।
- मीठे पेय, हाई-फ्रक्टोज कॉर्न सिरप वाले ड्रिंक्स और जरूरत से ज्यादा चीनी का सेवन कम करना चाहिए।
- पानी पर्याप्त मात्रा में पीना और संतुलित आहार लेना अधिक लाभदायक होता है।
इन बातों का भी रखें ध्यान
यूरिक एसिड कंट्रोल रखने के लिए डॉक्टर कुछ दवाएं देते हैं। इसके अलावा खूब पानी पीना, मौसमी फल, हरी सब्जियां, साबुत अनाज और फाइबर वाली चीजें खानी चाहिए। वजन कंट्रोल रखना, नियमित व्यायाम और खानपान में सुधार से आपको लाभ मिल सकता है।
यदि परिवार में पहले से किसी को गाउट की दिक्कत रही है, बार-बार जोड़ों में दर्द रहता है या मोटापा-डायबिटीज का शिकार हैं तो डॉक्टर की सलाह पर समय-समय पर यूरिक एसिड की जांच करानी चाहिए।
--------------
नोट: यह लेख मेडिकल रिपोर्टस के आधार पर तैयार किया गया है।
अस्वीकरण: अमर उजाला की हेल्थ एवं फिटनेस कैटेगरी में प्रकाशित सभी लेख डॉक्टर, विशेषज्ञों व अकादमिक संस्थानों से बातचीत के आधार पर तैयार किए जाते हैं। लेख में उल्लेखित तथ्यों व सूचनाओं को अमर उजाला के पेशेवर पत्रकारों द्वारा जांचा व परखा गया है। इस लेख को तैयार करते समय सभी तरह के निर्देशों का पालन किया गया है। संबंधित लेख पाठक की जानकारी व जागरूकता बढ़ाने के लिए तैयार किया गया है। अमर उजाला लेख में प्रदत्त जानकारी व सूचना को लेकर किसी तरह का दावा नहीं करता है और न ही जिम्मेदारी लेता है। उपरोक्त लेख में उल्लेखित संबंधित बीमारी के बारे में अधिक जानकारी के लिए अपने डॉक्टर से परामर्श लें।