डायबिटीज एक गंभीर समस्या है, कम उम्र वालों में भी ये दिक्कत बढ़ती जा रही है। इसमें ब्लड में ग्लूकोज का स्तर सामान्य से अधिक बना रहता है, जिसका पूरी सेहत पर कई तरह से नकारात्मक असर हो सकता है।
सेहत की बात: डायबिटीज में सिर्फ मीठा छोड़ना काफी नहीं, इन छोटी-छोटी बातों पर भी ध्यान देकर रखें शुगर कंट्रोल
डायबिटीज को नियंत्रित रखने के लिए दवाइयों के साथ खान-पान, व्यायाम और नियमित दिनचर्या पर ध्यान देना जरूरी है। आयुर्वेद में हरी सब्जियां, संतुलित भोजन, योग और कुछ घरेलू उपायों का उल्लेख मिलता है।
स्वास्थ्य विशेषज्ञ कहते हैं, जिन लोगों को डायबिटीज की समस्या है उन्हें अपने डॉक्टर द्वारा बताई गई दवाओं का नियम से पालन करते रहना चाहिए। दवाओं के साथ जीवनशैली में कुछ बदलाव भी डायबिटीज को कंट्रोल रखने में मदद कर सकते हैं। आयुर्वेद में भी खान-पान, योग और दिनचर्या को लेकर कई सुझाव दिए गए हैं जिनका पालन करके आप लाभ पा सकते हैं।
खान-पान पर दें खास ध्यान
स्वास्थ्य विशेषज्ञों के अनुसार डायबिटीज में भी खाने की आदतों पर विशेष ध्यान देने की सलाह दी जाती है। खाने में हरी सब्जियां और संतुलित मात्रा में फल शामिल किए जा सकते हैं। लो ग्लाइसेमिक इंडेक्स वाले खाद्य पदार्थ ब्लड शुगर को तेजी से बढ़ाने से रोकते हैं, ऐसी चीजों को डाइट में शामिल करने से लाभ मिलता है।
- मीठी चीजों और बहुत ज्यादा रिफाइंड कार्बोहाइड्रेट वाले खाद्य पदार्थों का सेवन कम करना जरूरी है।
- रात में बहुत देर से खाना खाने से बचना चाहिए। सोने से कुछ घंटे पहले भोजन कर लेना और वॉक करना शुगर को कंट्रोल करने में मदद करता है।
दिनचर्या में योग और व्यायाम जरूरी
नियमित शारीरिक गतिविधि डायबिटीज को मैनेज करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है। योग और व्यायाम शरीर की इंसुलिन के प्रति संवेदनशीलता को बेहतर करने और ब्लड शुगर को नियंत्रित रखने में मदद कर सकते हैं।
- आयुर्वेद में मंडूकासन, भुजंगासन, बालासन और धनुरासन जैसे योगासनों का उल्लेख मिलता है। अनुलोम-विलोम जैसे प्राणायाम भी दिनचर्या में शामिल किए जा सकते हैं।
- नियमित रूप से करीब 30 मिनट शारीरिक गतिविधि करने की आदत फायदेमंद हो सकती है।
- अगर आपको डायबिटीज है और आप लंबे समय से व्यायाम नहीं करते हैं, तो अपनी क्षमता और स्वास्थ्य स्थिति के अनुसार शुरुआत करें।
कुछ घरेलू उपायों से भी मिलता है लाभ
आयुर्वेद में तुलसी और नीम की पत्तियों, जामुन के बीज और हल्दी जैसे कई घरेलू उपायों का इस्तेमाल बताया गया है। उदाहरण के लिए, कुछ लोग सुबह तुलसी और नीम की पत्तियां खाते हैं या जामुन के बीज का पाउडर पानी के साथ लेते हैं। रातभर तांबे के बर्तन में रखा पानी पीने की परंपरा भी है।
- हल्दी को दूध के साथ लेने का भी आयुर्वेद में उल्लेख मिलता है। हालांकि, इन उपायों को इस्तेमाल में लाने से पहले अपने डॉक्टर की सलाह जरूर ले लें।
- अगर आप शुगर की दवा या इंसुलिन लेते हैं, तो किसी भी घरेलू या आयुर्वेदिक उपाय को शुरू करने से पहले डॉक्टर से सलाह जरूरी है।
- कुछ चीजें दवाइयों के साथ मिलकर ब्लड शुगर बहुत कम भी कर सकती हैं।
--------------
नोट: यह लेख मेडिकल रिपोर्टस के आधार पर तैयार किया गया है।
अस्वीकरण: अमर उजाला की हेल्थ एवं फिटनेस कैटेगरी में प्रकाशित सभी लेख डॉक्टर, विशेषज्ञों व अकादमिक संस्थानों से बातचीत के आधार पर तैयार किए जाते हैं। लेख में उल्लेखित तथ्यों व सूचनाओं को अमर उजाला के पेशेवर पत्रकारों द्वारा जांचा व परखा गया है। इस लेख को तैयार करते समय सभी तरह के निर्देशों का पालन किया गया है। संबंधित लेख पाठक की जानकारी व जागरूकता बढ़ाने के लिए तैयार किया गया है। अमर उजाला लेख में प्रदत्त जानकारी व सूचना को लेकर किसी तरह का दावा नहीं करता है और न ही जिम्मेदारी लेता है। उपरोक्त लेख में उल्लेखित संबंधित बीमारी के बारे में अधिक जानकारी के लिए अपने डॉक्टर से परामर्श लें।