बहुत ज्यादा शारीरिक मेहनत के कारण थकान होना आम है, पर क्या सुबह उठते ही शरीर भारी लगने लगता है? दिनभर ऐसा लगता है कि जैसे शरीर में जान ही नहीं है? इस तरह की समस्याओं से अगर आप भी परेशान हैं तो थोड़ा सावधान हो जाइए। कई बार ये शरीर में पनप रही किसी गंभीर समस्या की ओर संकेत हो सकती है।
सेहत की बात: ब्लड टेस्ट बिल्कुल नॉर्मल फिर भी क्यों रहती है थकान? आखिर क्या हो सकती है इसकी वजह
ब्लड टेस्ट सामान्य आने के बावजूद लगातार थकान रह सकती है। इसकी वजह खराब नींद, स्लीप एपनिया, तनाव या अवसाद, कुछ पोषण संबंधी कमियां और ऐसी स्वास्थ्य समस्याएं हो सकती हैं जिनके लिए अलग जांच जरूरी होती है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
अक्सर बनी रहने वाली थकान की दिक्कत
स्वास्थ्य विशेषज्ञ कहते हैं, थकान ऐसा लक्षण है जिसके पीछे कई अलग-अलग कारण हो सकते हैं। हर कारण साधारण ब्लड टेस्ट में दिखाई दे, यह जरूरी नहीं। कुछ लोगों में गंभीर और लंबे समय बनी थकान-कमजोरी के बावजूद रूटीन टेस्ट सामान्य हो सकते हैं।
- कई बार समस्या शरीर के अंदर किसी ऐसे हिस्से में होती है जिसे सामान्य ब्लड टेस्ट से सीधे नहीं पकड़ा जा सकता।
- तनाव-चिंता या अवसाद जैसी मानसिक स्वास्थ्य स्थितियां भी शरीर की ऊर्जा और एकाग्रता को प्रभावित कर सकती हैं।
- इसी तरह कुछ पोषक तत्वों की कमी के कारण भी आप अक्सर सुस्त और थके हुए रह सकते हैं।
ब्लड टेस्ट से इन कारणों का पता नहीं लगाया जा सकता है।
नींद पर दीजिए ध्यान
अगर ब्लड टेस्ट नॉर्मल हैं लेकिन थकान बनी रहती है तो हो सकता है कि आपकी समस्या का कारण नींद पूरी न हो पाना हो।
- सिर्फ बिस्तर पर आठ घंटे लेटे रहना अच्छी नींद की गारंटी नहीं है। अगर आपकी बार-बार नींद टूटती है, देर रात तक स्क्रीन का इस्तेमाल करते रहते हैं, सोने का समय अनियमित है तो ये भी अगले दिन थकान पैदा कर सकती है। सामान्य रिपोर्ट आने के बाद भी अगर थकान बनी रहती है तो अपनी नींद की गुणवत्ता पर भी ध्यान दीजिए।
थकान का कारण मानसिक स्वास्थ्य समस्याएं तो नहीं
हर थकान का कारण शरीर में दिखाई देने वाली बीमारी नहीं होती। लगातार तनाव-चिंता, काम का दबाव और भावनात्मक परेशानियां भी शरीर की ऊर्जा और एकाग्रता को प्रभावित कर सकती हैं। ऐसी स्थिति में ब्लड टेस्ट सामान्य आ सकता है।
- विशेषज्ञों के मुताबिक लंबे समय तक रहने वाले थकान का कारण कई बार स्ट्रेस-एंग्जाइटी और डिप्रेशन जैसी स्थितियां भी हो सकती हैं, जिसपर गंभीरता से ध्यान देते रहने की जरूरत होती है।
आपमें न्यूट्रिशन की कमी तो नहीं?
सामान्य ब्लड टेस्ट में शरीर की पोषण संबंधी कमी की जांच नहीं होती है। कंपलीट ब्लड काउंट (सीबीसी) जैसी टेस्ट सिर्फ खून की स्थिति का अंदाजा देते हैं।
- सीबीसी नॉर्मल होने के बावजूद अक्सर रहने वाली थकान को समझने के लिए डॉक्टर आयरन स्टडी, फेरिटिन, विटामिन बी12 जैसी जांचों की भी सलाह दे सकते हैं। इन पोषक तत्वों की कमी के कारण भी आपको अक्सर थकान और कमजोरी की दिक्कत बनी रह सकती है।
स्वास्थ्य विशेषज्ञ कहते हैं, लगातार थकान बनी रहती है तो नींद, खान-पान, शारीरिक गतिविधि, तनाव और दूसरे लक्षणों पर भी गौर करना चाहिए। समय रहते डॉक्टरी सलाह आपको किसी बड़ी समस्या से बचाने में मदद कर सकती है।
--------------
नोट: यह लेख मेडिकल रिपोर्टस के आधार पर तैयार किया गया है।
अस्वीकरण: अमर उजाला की हेल्थ एवं फिटनेस कैटेगरी में प्रकाशित सभी लेख डॉक्टर, विशेषज्ञों व अकादमिक संस्थानों से बातचीत के आधार पर तैयार किए जाते हैं। लेख में उल्लेखित तथ्यों व सूचनाओं को अमर उजाला के पेशेवर पत्रकारों द्वारा जांचा व परखा गया है। इस लेख को तैयार करते समय सभी तरह के निर्देशों का पालन किया गया है। संबंधित लेख पाठक की जानकारी व जागरूकता बढ़ाने के लिए तैयार किया गया है। अमर उजाला लेख में प्रदत्त जानकारी व सूचना को लेकर किसी तरह का दावा नहीं करता है और न ही जिम्मेदारी लेता है। उपरोक्त लेख में उल्लेखित संबंधित बीमारी के बारे में अधिक जानकारी के लिए अपने डॉक्टर से परामर्श लें।