Delhi To Nainital Travel Guide: अगर आप दिल्ली की भागदौड़ से कुछ दिनों के लिए दूर जाकर पहाड़ों की ठंडी हवा, झील और खूबसूरत नजारों का आनंद लेना चाहते हैं, तो नैनीताल एक शानदार वीकेंड ट्रिप हो सकता है। दिल्ली से नैनीताल की दूरी सड़क मार्ग से लगभग 300 किलोमीटर के आसपास है और कार से जाने वाले यात्रियों के लिए यह एक लोकप्रिय हिल स्टेशन है। लॉन्ग वीकेंड मिलने पर यहां 2 से 3 दिन का ट्रिप आसानी से प्लान किया जा सकता है।
वीकेंड ट्रिप: दिल्ली से नैनीताल घूमने का पूरा प्लान, रूट से लेकर बजट तक जानें सबकुछ
Delhi to Nainital Long Weekend Trip: 2 अक्तूबर, शुक्रवार को गांधी जयंती की छुट्टी है, जिसके बाद शनिवार और रविवार वीकेंड मिल रहा है। अगर आप इस लॉन्ग वीकेंड पर दिल्ली से नैनीताल जाने का प्लान बना रहे हैं, तो यहां जानिए रूट, यात्रा का तरीका, 2-3 दिन का यात्रा कार्यक्रम, घूमने की जगहें, खाने-पीने और बजट से जुड़ी जरूरी जानकारी।
दिल्ली से नैनीताल कैसे जाएं?
- कार से यात्रा
दिल्ली से नैनीताल जाने के लिए सड़क मार्ग सबसे सुविधाजनक विकल्पों में से एक है। आमतौर पर यात्रा दिल्ली से मेरठ, मुरादाबाद, रामपुर, हल्द्वानी और फिर नैनीताल की ओर जाती है। ट्रैफिक और मौसम के अनुसार यात्रा का समय बदल सकता है।
लॉन्ग वीकेंड पर निकलने से पहले गूगल मैप या किसी भरोसेमंद नैविगेशन सर्विस पर लाइव ट्रैफिक जरूर चेक करें।
- ट्रेन से नैनीताल
नैनीताल में रेलवे स्टेशन नहीं है। नजदीकी प्रमुख रेलवे स्टेशन काठगोदाम है। दिल्ली से काठगोदाम तक ट्रेन लेकर वहां से टैक्सी या बस के जरिए नैनीताल पहुंचा जा सकता है। यह विकल्प उन लोगों के लिए सुविधाजनक हो सकता है जो लंबी ड्राइव नहीं करना चाहते।
- बस से यात्रा
दिल्ली से हल्द्वानी या काठगोदाम तक बस से पहुंचकर आगे स्थानीय टैक्सी या बस ली जा सकती है। लॉन्ग वीकेंड में टिकट पहले बुक करना बेहतर रहेगा।
3 दिन का नैनीताल ट्रिप प्लान
पहला दिन
दिल्ली से नैनीताल का सफर और शाम की सैर करें
सुबह जल्दी दिल्ली से निकलें ताकि रास्ते में ट्रैफिक से बचने की संभावना रहे। नैनीताल पहुंचकर होटल में चेक-इन करें और कुछ देर आराम करें। शाम को नैनी झील और मॉल रोड की सैर की जा सकती है। झील के आसपास का माहौल और शाम की रोशनी इस जगह को खास बनाती है।
दूसरा दिन
नैनीताल के पर्यटन स्थल घूमें
दूसरे दिन नैनीताल के प्रमुख पर्यटक आकर्षण को कवर करें। नैना देवी मंदिर, स्नो व्यू पॉइंट, इको केव गार्डन और नैनीताल के आसपास के व्यूपाइंट को यात्रा कार्यक्रम शामिल किया जा सकता है। समय और मौसम अनुकूल हो तो आसपास के अन्य स्थानों को भी देखा जा सकता है।
तीसरा तीन
आसपास की जगहें और दिल्ली वापसी का सफर तय करें
तीसरे दिन सुबह नाश्ते के बाद आसपास घूमने के लिए समय निकालें। इसके बाद दोपहर या शाम को दिल्ली के लिए वापसी शुरू कर सकते हैं। अगर आपका वीकेंड सिर्फ दो दिनों का है, तो दूसरे दिन की प्रमुख जगहों को प्राथमिकता देकर उसी दिन वापसी की जा सकती है।व
नैनीताल में कहां घूमें?
नैनीताल में घूमने के लिए कई लोकप्रिय जगहें हैं,
- नैनी झील
- मॉल रोड
- नैना देवी मंदिर
- स्नो व्यू पॉइंट
- इको केव गार्डन
- नैना पीक
- टिफिन टॉप
- गवर्नर हाउस
- आसपास के झील क्षेत्र
ध्यान रखें कि मौसम, स्थानीय नियमों और पर्यटकों की भीड़ के अनुसार कुछ सक्रिय या पर्यटन स्थल की सुगमता बदल सकती है।
लॉन्ग वीकेंड के लिए होटल कब बुक करें?
लॉन्ग वीकेंड पर नैनीताल में सामान्य दिनों की तुलना में ज्यादा पर्यटक पहुंच सकते हैं। इसलिए होटल की बुकिंग आखिरी समय तक टालने के बजाय पहले कर लेना बेहतर है। होटल चुनते समय सिर्फ कीमत न देखें। पार्किंग, लोकेशन, चेक-इन टाइम और प्रमुख पर्यटन स्थलों से दूरी जैसी चीजों की भी जांच करें।
कितना बजट रखें?
दिल्ली से नैनीताल की यात्रा का खर्च आपके ट्रैवल मोड, होटल, खाने और एक्टिविटीज पर निर्भर करेगा। बजट ट्रिप में बस या ट्रेन और सस्ते होटल का विकल्प चुना जा सकता है, जबकि परिवार या दोस्तों के साथ कार और बेहतर होटल लेने पर खर्च बढ़ सकता है।
लॉन्ग वीकेंड के दौरान होटल और परिवहन की कीमतें सामान्य दिनों से अलग हो सकती हैं, इसलिए बुकिंग से पहले मौजूदा रेट्स जरूर चेक करें।
परिवहन पर 1000 से 1500 रुपये प्रति व्यक्ति, ठहरने और साइटसीइंग पर दो हजार दो दिन का खर्च मान लें। लगभग 3000 से 3500 रुपये प्रतिव्यक्ति वीकेंड का खर्च आ सकता है।
ट्रिप पर निकलने से पहले ये बातें याद रखें
पहाड़ों में मौसम तेजी से बदल सकता है। इसलिए मौसम के अनुसार कपड़े, आरामदायक जूते और जरूरी दवाएं साथ रखें। पहाड़ी रास्तों पर तेज गति से ड्राइव करने से बचें और रात में अनजान पहाड़ी सड़कों पर ड्राइविंग करते समय अतिरिक्त सावधानी बरतें।
सबसे जरूरी बात, लॉन्ग वीकेंड का मजा लेने के लिए सफर के लिए जरूरत से ज्यादा पैक न करें। नैनीताल की खूबसूरती को आराम से एक्सप्लोर करने के लिए थोड़ा खाली समय जरूर रखें।