देशभर के साथ ही पूरे ग्वालियर चंबल अंचल में इन दिनों कड़ाके की ठंड देखने को मिल रही है। आलम यह है कि न्यूनतम तापमान छह डिग्री तक पहुंच रहा है। अधिकतम तापमान में भी गिरावट दर्ज की जा रही है। इसके चलते ग्वालियर प्रदेश भर में सबसे अधिक ठंडे जिलों में से एक बन गया है। ठंड से जनजीवन अस्त-व्यस्त है। मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार ग्वालियर प्रदेश में सबसे अधिक ठंडा रहा। न्यूनतम तापमान छह डिग्री तक पहुंच गया। अधिकतम तापमान भी 15 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो औसत से काफी कम है। ग्वालियर मौसम विभाग के वरिष्ठ मौसम वैज्ञानिक हुकम सिंह ने बताया कि पश्चिमी विक्षोभ और उत्तरी क्षेत्र से आ रही हवाओं के कारण मौसम में यह परिवर्तन दिख रहा है। यह आलम 25-26 जनवरी तक जारी रहेगा। इसके बाद कुछ परिवर्तन हो सकता है। सर्दी में भी कमी आएगी। देश के उत्तरी भागों में शीतलहर चल रही है। ग्वालियर भी उत्तरी क्षेत्र से लगा हुआ है। इस कारण शीतलहर का असर यहां दिख रहा है।
दमोह में मेले से लौटे युवक का हुआ हार्ट फेल
दमोह में हाड़ कंपाने वाली ठंड है। शुक्रवार सुबह भी तेज ठंड रही, जिससे बच्चों से लेकर बूढ़े तक कांप गए। ठंड के चलते ही एक युवक की हार्ट अटैक से मौत भी हो गई है। दमोह में गुरुवार को न्यूनतम तापमान आठ डिग्री पर आ गया। यह इस सीजन में सबसे कम है। केवल दो बार ही न्यूनतम तापमान आठ डिग्री पर पहुंचा था। अधिकतम तापमान में भी 3.5 डिग्री की गिरावट दर्ज की गई। जो 26 डिग्री से गिरकर 23.5 डिग्री पर आ गया है। नरसिंहगढ़ निवासी एक युवक का हार्ट फेल होने से मौत हो गई। विकास उर्फ विक्की राजपूत, 27 वर्ष, अपने दोस्तों के साथ अदोलया मेला घूमने गया था। लौटते समय सीने में दर्द उठा। परिजन उसे दमोह के अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। डॉक्टरों का कहना है कि हार्ट फेल होने से मौत हुई है। ग्वालियर में मंडी इंस्पेक्टर प्रियांशी गुप्ता अपने पति राहुल गुप्ता, 34 वर्ष और दो बच्चों के साथ संपर्क क्रांति एक्सप्रेस ट्रेन से दमोह से ग्वालियर जा रही थीं। रास्ते में राहुल को पसीना आया। हालत बिगड़ी और बीना में डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
शहडोल में सुबह से छाया रहा कोहरा
शुक्रवार सुबह से ही शहडोल में हाड़ कंपाने वाली ठंड पड़ रही है। घना कोहरा छाया है। तापमान छह डिग्री तक पहुंच गया। इससे जन-जीवन अस्त-व्यस्त हो गया। एक सप्ताह बाद फिर से शुक्रवार को घना कोहरा छाया है। सात दिवसीय बाणगंगा मेले पर भी ठंड का असर साफ दिख रहा है।

कमेंट
कमेंट X