घर और परिवार की जिम्मेदारियों के बीच कई महिलाएं अपना काम शुरू करना चाहती हैं, लेकिन उन्हें समझ नहीं आता कि शुरुआत कहां से करें। खास बात यह है कि बिजनेस शुरू करने के लिए हमेशा बड़ी रकम या दुकान की जरूरत नहीं होती। घर से ही छोटे स्तर पर काम शुरू किया जा सकता है। काम चलने लगे तो धीरे-धीरे इसे बड़ा भी किया जा सकता है। तो आइए जानते हैं।
घरेलू महिलाओं के लिए बिजनेस आइडियाज: घर संभालते हुए भी शुरू कर सकती हैं कमाई, इन कामों में ज्यादा खर्च भी नहीं
घर संभालने के साथ महिलाएं चाहें तो कम बजट में अपना छोटा बिजनेस शुरू कर सकती हैं। इसके लिए बहुत बड़े निवेश या अलग ऑफिस की जरूरत हमेशा नहीं होती। घर से खाना, बेकिंग, सिलाई, टिफिन या ऑनलाइन सामान बेचने जैसे काम शुरू किए जा सकते हैं।
घर से टिफिन सर्विस शुरू करें
अगर खाना बनाने का शौक है और आपके हाथ का खाना घरवालों के साथ आसपास के लोगों को भी पसंद आता है तो टिफिन सर्विस एक विकल्प हो सकता है। शुरुआत में आसपास के ऑफिस जाने वाले लोगों, छात्रों या अकेले रहने वाले लोगों को टिफिन दिया जा सकता है। पहले कम लोगों से शुरुआत करके उनकी पसंद और जरूरत समझना आसान रहेगा।
बेकिंग का काम भी है अच्छा विकल्प
केक, कुकीज, नमकीन या दूसरी घर की बनी चीजें बनाने में रुचि है तो ऑर्डर लेकर काम शुरू किया जा सकता है। जन्मदिन, सालगिरह या छोटे पारिवारिक कार्यक्रमों के लिए घर के बने सामान की मांग मिल सकती है। शुरुआत अपने जानने वालों और आसपास के लोगों से की जा सकती है।
सिलाई और कपड़ों की डिजाइनिंग
सिलाई आती है तो घर से ही कपड़ों की सिलाई, फिटिंग और छोटे-मोटे बदलाव का काम लिया जा सकता है। ब्लाउज, सूट, बच्चों के कपड़े या कपड़ों की अल्टरिंग से शुरुआत की जा सकती है। इसके लिए अगर पहले से सिलाई मशीन है तो शुरुआती खर्च भी कम रखा जा सकता है।
घर की बनी चीजें बेच सकती हैं
अचार, पापड़, मसाले, नमकीन, चटनी या दूसरी घर की बनी चीजें भी छोटे स्तर पर बेचने का काम शुरू किया जा सकता है। शुरुआत में परिवार, दोस्तों और पड़ोस के लोगों को सामान देकर उनकी प्रतिक्रिया ली जा सकती है। पसंद आने पर ऑर्डर बढ़ाए जा सकते हैं।
ऑनलाइन सामान बेचने का विकल्प
अगर मोबाइल और इंटरनेट चलाना आता है तो घर से सामान बेचने का काम भी किया जा सकता है। कपड़े, ज्वेलरी, घर की सजावट का सामान या हाथ से बनाई गई चीजें ऑनलाइन बेचने की कोशिश की जा सकती है। शुरुआत से पहले सामान की लागत, पैकिंग, डिलीवरी और मिलने वाले मुनाफे का हिसाब जरूर समझ लें।
शुरुआत छोटी रखें
बिजनेस शुरू करते समय सबसे जरूरी है कि बिना सोचे बड़ी रकम न लगाएं। पहले छोटे स्तर पर काम शुरू करें और देखें कि लोगों को आपका सामान या सेवा पसंद आ रही है या नहीं। खर्च और कमाई का हिसाब अलग रखें। काम बढ़ने पर ही निवेश बढ़ाना बेहतर रहेगा।
महिलाएं रात में करें ट्रैवल तो भूलकर ना करें ये 4 गलतियां, मोबाइल ऐसे कर सकता है सुरक्षा
घर में अचानक मच्छर बढ़ गए? स्प्रे उठाने से पहले इन जगहों की कर लें जांच