बच्चों की प्यारी-प्यारी तस्वीरें सोशल मीडिया पर शेयर करना आजकल आम बात है। जन्मदिन हो, स्कूल का पहला दिन हो या कोई खास मौका, माता-पिता बच्चे की फोटो दोस्तों और रिश्तेदारों के साथ शेयर करते हैं। लेकिन फोटो पोस्ट करने से पहले सोशल मीडिया की प्राइवेसी सेटिंग जरूर देख लेनी चाहिए। इससे आपकी पोस्ट जरूरत से ज्यादा लोगों तक पहुंचने से बच सकती है। तो आज की खबर में हम आपको इसी के बारे में विस्तार से बताने जा रहे हैं। आइए जानते हैं।
बच्चे की फोटो सोशल मीडिया पर डालते हैं? पोस्ट करने से पहले ये सेटिंग जरूर देखें
Posting Your Child’s Photos: बच्चे की फोटो सोशल मीडिया पर शेयर करते समय सिर्फ फोटो पर ध्यान देना काफी नहीं है। पोस्ट कौन देख सकता है, कौन उसे शेयर कर सकता है और आपकी प्रोफाइल की जानकारी कितनी लोगों तक पहुंच रही है, ये भी देखना जरूरी है।
पोस्ट की प्राइवेसी जरूर चेक करें
फोटो पोस्ट करते समय सबसे पहले यह देखें कि पोस्ट कौन-कौन लोग देख सकते हैं। ज्यादातर सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर पोस्ट को पब्लिक, फ्रेंड्स या कुछ चुने हुए लोगों तक सीमित करने का विकल्प मिलता है। अगर फोटो सिर्फ जान-पहचान के लोगों के लिए है तो उसे पब्लिक रखने की जरूरत नहीं है।
प्रोफाइल की जानकारी भी रखें सीमित
बच्चे की फोटो के साथ कई बार माता-पिता कैप्शन में स्कूल का नाम, घर का इलाका, रोज की गतिविधियां या दूसरी निजी जानकारी भी लिख देते हैं। ऐसी जानकारी को सार्वजनिक पोस्ट में देने से बचना बेहतर है। खासकर बच्चे की फोटो के साथ उसकी लोकेशन या रोज का रूट बताने वाली जानकारी शेयर न करें।
लोकेशन टैग करने से पहले सोचें
फोटो पोस्ट करते समय अगर लोकेशन जोड़ने का विकल्प आता है तो उसे इस्तेमाल करने से पहले सोचें। हर फोटो में यह बताना जरूरी नहीं है कि बच्चा इस समय कहां है। खासकर घर, स्कूल या बच्चे की रोज की जगहों की जानकारी सार्वजनिक रूप से शेयर करने से बचना चाहिए।
टैग और शेयरिंग सेटिंग भी देखें
अपने सोशल मीडिया अकाउंट की टैगिंग सेटिंग चेक करें। कोशिश करें कि कोई भी व्यक्ति आपको या आपके बच्चे से जुड़ी फोटो में बिना आपकी जानकारी के टैग न कर सके। कुछ प्लेटफॉर्म पर यह तय करने का विकल्प भी मिलता है कि आपकी पोस्ट या फोटो को कौन आगे शेयर कर सकता है।
हर फोटो पोस्ट करना जरूरी नहीं
बच्चे की फोटो सोशल मीडिया पर डालने से पहले एक बार यह भी सोचें कि क्या यह फोटो सार्वजनिक रूप से शेयर करना जरूरी है। अगर फोटो सिर्फ परिवार के लोगों को दिखानी है तो उसे निजी चैट या सीमित लोगों के ग्रुप में शेयर करना ज्यादा ठीक हो सकता है। सोशल मीडिया पर बच्चे की फोटो शेयर करते समय सबसे जरूरी बात यही है कि पोस्ट करने से पहले प्राइवेसी सेटिंग जरूर देखें। थोड़ी सी सावधानी से बच्चे की निजी जानकारी को अनजाने में ज्यादा लोगों तक पहुंचने से रोका जा सकता है।
फोन किसी और को कुछ देर के लिए देती हैं? स्क्रीन लॉक के अलावा ये सुविधा भी जानें
जूते के अंदर लिखे UK, US और EU साइज का क्या मतलब है? ऑनलाइन जूते खरीदते समय कैसे समझें सही साइज