Exclusive News एक्सक्लूसिव खबरें
Free E-Paper फ्री में ई-पेपर पढ़ें
ऐप डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Punjab ›   Chandigarh-Punjab News ›   This is how the BJP-Akali Dal alliance came about over nine months

फिरोजपुर में पड़ी गठबंधन की नींव: आज नई दिल्ली में लगी मुहर, 9 महीने में ऐसे करीब आए अकाली-भाजपा

Wed, 25 Nov 2026 06:57 AM IST
शाहिल शर्मा सुरिंदर पाल, जालंधर
सुरिंदर पाल, जालंधर Published by: शाहिल शर्मा Updated Wed, 25 Nov 2026 06:57 AM IST
सार

 पंजाब विधानसभा चुनाव से पहले आखिरकार नई दिल्ली में आज यह तय हो गया कि भाजपा और अकाली दल एक साथ चुनाव लड़ेंगे। कृषि कानूनों के विरोध में 2020 में टूटा करीब 25 साल पुराना रिश्ता आखिर किन मोड़ों से गुजरकर फिर जुड़ा? क्या साल 2026 फरवरी में ही इस सियासी वापसी की जमीन तैयार हो गई थी? जानिए गठबंधन की पूरी इनसाइड स्टोरी।

विज्ञापन
This is how the BJP-Akali Dal alliance came about over nine months
भाजपा-अकाली गठबंधन की इनसाइड स्टोरी - फोटो : अमर उजाला ग्राफिक्स

विस्तार

पंजाब की राजनीति में शिरोमणि अकाली दल और भारतीय जनता पार्टी के बीच दोबारा गठबंधन की पटकथा कब लिखनी शुरू हुई, इसे समझने के लिए 2026 के घटनाक्रम पर नजर डालना जरूरी है। इस पूरे घटनाक्रम में डेरा ब्यास के मुखी बाबा गुरिंदर सिंह ढिल्लों की राजनीतिक हस्तियों के साथ लगातार बढ़ती मुलाकातें भी चर्चा का विषय बनी हुई हैं। राजनीतिक गलियारों में माना जा रहा है कि दोनों दलों के बीच नजदीकियां बढ़ने की कहानी उस समय से शुरू हुई थी, जब पंजाब के तत्कालीन राज्यपाल गुलाब चंद कटारिया की अगुवाई में फिरोजपुर में नशे के खिलाफ पदयात्रा और रैली का आयोजन किया गया था। 
विज्ञापन


10 फरवरी को फिरजोपुर में हुई थी नशा विरोधी रैली
10 फरवरी 2026 को आयोजित इस कार्यक्रम में शिरोमणि अकाली दल के अध्यक्ष सुखबीर सिंह बादल, भाजपा के वरिष्ठ नेता अश्वनी शर्मा और डेरा ब्यास के मुखी बाबा गुरिंदर सिंह ढिल्लों भी पहुंचे थे। खास बात यह थी कि लंबे समय बाद अकाली दल और भाजपा के बड़े नेता एक ही सार्वजनिक कार्यक्रम में नजर आए। कार्यक्रम के बाद राज्यपाल, सुखबीर सिंह बादल, अश्वनी शर्मा और बाबा गुरिंदर सिंह ढिल्लों के बीच बंद कमरे में बैठक भी हुई। 
विज्ञापन


सीएम सैनी की बाबा गुरिंदर सिंह ढिल्लों से मुलाकात
आधिकारिक तौर पर इस बैठक को नशे के खिलाफ अभियान और पंजाब के सामाजिक हालात के संदर्भ में बताया गया, लेकिन राजनीतिक हलकों में इसके अलग-अलग मायने निकाले गए। सवाल उठने लगा कि क्या इसी बैठक से अकाली दल और भाजपा के बीच दोबारा बातचीत का रास्ता खुला था? इसके बाद घटनाक्रम जिस तरह आगे बढ़ा, उसने इन चर्चाओं को और हवा दी। 27 मार्च 2026 को हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने बाबा गुरिंदर सिंह ढिल्लों से मुलाकात की। 
विज्ञापन
विज्ञापन


मई माह में डेरा ब्यास पहुंचे भाजपा प्रदेश अध्यक्ष
इसके बाद 30 मई को पंजाब भाजपा के नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष केवळ सिंह ढिल्लों डेरा ब्यास पहुंचे और बाबा जी से आशीर्वाद लिया। अगले दिन 31 मई को नायब सिंह सैनी ने भी डेरा ब्यास पहुंचकर मुलाकात की। इन मुलाकातों को धार्मिक और सामाजिक शिष्टाचार बताया गया, लेकिन पंजाब की बदलती राजनीतिक परिस्थितियों में इनके सियासी मायने भी निकाले गए। दूसरी तरफ अकाली दल ने भी अपने संगठन को मजबूत करने की दिशा में कदम बढ़ाने शुरू कर दिए। पार्टी से अलग हुए पुराने नेताओं की वापसी का सिलसिला तेज हुआ। 

7 नवंबर 2026 को पूर्व सांसद प्रेम सिंह चंदूमाजरा अपने बेटे हरिंदरपाल सिंह चंदूमाजरा के साथ सुखबीर सिंह बादल के नेतृत्व वाले अकाली दल में वापस आ गए। उनकी वापसी को पार्टी के पुराने राजनीतिक आधार को फिर से एकजुट करने की कोशिश के रूप में देखा गया। इसके बाद 15 नवंबर को पूर्व एसजीपीसी अध्यक्ष बीबी जागीर कौर ने भी सुखबीर बादल के नेतृत्व वाले अकाली दल में वापसी कर ली। बीबी जागीर कौर कभी सुखबीर बादल की मुखर विरोधी रही थीं और अलग राजनीतिक धड़े के साथ जुड़ी हुई थीं। उनकी वापसी के बाद उन्हें भुलत्थ विधानसभा क्षेत्र की जिम्मेदारी भी दी गई। 

इस तरह प्रेम सिंह चंदूमाजरा और बीबी जागीर कौर जैसे पुराने नेताओं की वापसी से अकाली दल ने 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले अपने संगठन को मजबूत करने का संदेश दिया। इसी दौरान बाबा गुरिंदर सिंह ढिल्लों की राजनीतिक और सामाजिक हस्तियों के साथ मुलाकातों का सिलसिला भी जारी रहा। 
 
Trending Videos

16 नवंबर को हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने चंडीगढ़ स्थित अपने सरकारी आवास संत कबीर कुटीर में बाबा जी से मुलाकात की। इससे पहले भी दोनों के बीच कई मुलाकातें हो चुकी थीं। कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष परगट सिंह भी डेरा ब्यास पहुंचकर बाबा जी से मुलाकात कर चुके हैं। इससे स्पष्ट है कि बाबा गुरिंदर सिंह ढिल्लों से मिलने वालों में किसी एक राजनीतिक दल के नेता ही शामिल नहीं हैं लेकिन इस पूरे घटनाक्रम की सबसे ज्यादा चर्चा 23 नवंबर को दिल्ली में हुई, जब गुरु नानक देव जी के प्रकाश पर्व के उपलक्ष्य में दिल्ली के उपराज्यपाल तरनजीत सिंह संधू की ओर से लोक निवास में विशेष कीर्तन कार्यक्रम आयोजित किया गया। 

इसमें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ बाबा गुरिंदर सिंह ढिल्लों भी मौजूद थे। कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री और बाबा जी एक साथ बैठे नजर आए। बाद में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बाबा जी का हाथ पकड़कर उनसे काफी देर तक बातचीत की। दोनों की मुलाकात की तस्वीरें सामने आने के बाद पंजाब के राजनीतिक हलकों में चर्चाओं का दौर तेज हो गया। अब 24 नवंबर को अकाली दल और भाजपा के बीच दोबारा गठबंधन हो गया है। भाजपा और अकाली दल के बीच 2020 में कृषि कानूनों के मुद्दे पर करीब 25 साल पुराना गठबंधन टूट गया था। 

उस समय अकाली दल ने एनडीए से अलग होने का फैसला किया था। अब दोनों दलों के राजनीतिक हित एक बार फिर उन्हें नजदीक ला रहे हैं। भाजपा को पंजाब में मजबूत क्षेत्रीय सहयोगी की जरूरत है, जबकि अकाली दल को अपने पारंपरिक ग्रामीण और पंथक आधार को मजबूत करने के साथ सत्ता की लड़ाई में प्रभावी भूमिका निभानी है। इस बीच बीबी जागीर कौर के परिवार से जुड़े धार्मिक कार्यक्रम में भी बाबा गुरिंदर सिंह ढिल्लों के पहुंचने और उनसे मुलाकात की चर्चा है। 

हालांकि इस कार्यक्रम की सटीक तारीख और विस्तृत विवरण की स्वतंत्र पुष्टि जरूरी है। पूरे घटनाक्रम को जोड़कर देखें तो 10 फरवरी की फिरोजपुर नशा विरोधी पदयात्रा और उसके बाद हुई बंद कमरे की बैठक एक महत्वपूर्ण राजनीतिक पड़ाव दिखाई देती है। इसके बाद भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष, हरियाणा के मुख्यमंत्री और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ बाबा गुरिंदर सिंह ढिल्लों की मुलाकातों ने उनकी सार्वजनिक सक्रियता को चर्चा के केंद्र में ला दिया है। दूसरी तरफ अकाली दल में प्रेम सिंह चंदूमाजरा और बीबी जागीर कौर जैसे पुराने नेताओं की वापसी ने पार्टी को नई ताकत देने का प्रयास किया है। 

हालांकि बाबा गुरिंदर सिंह ढिल्लों की ओर से अकाली दल और भाजपा के गठबंधन में मध्यस्थता करने की कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है, लेकिन राजनीतिक विश्लेषकों के लिए यह घटनाक्रम कई सवाल जरूर छोड़ रहा है। क्या फिरोजपुर की नशा विरोधी पदयात्रा के दौरान बना साझा मंच दोनों दलों के बीच संवाद का माध्यम बना? क्या डेरा ब्यास के मुखी की मौजूदगी ने राजनीतिक नेतृत्व के बीच संपर्कों को सहज बनाया? और क्या अकाली दल की संगठनात्मक मजबूती तथा भाजपा के साथ बढ़ती नजदीकियां 2027 के विधानसभा चुनाव की एक बड़ी रणनीति का हिस्सा हैं? पंजाब की राजनीति में अब सबसे बड़ा सवाल यही है कि जिस मंच पर फरवरी में अकाली और भाजपा नेता वर्षों बाद एक साथ दिखाई दिए थे, क्या उसी घटनाक्रम ने दोनों दलों को फिर से एक राजनीतिक मंच पर आने का रास्ता दिखाया।
 

मोगा घोषणा से शुरू हुई दोस्ती ने पंजाब में 15 साल किया राज, अब फिर साथ आए अकाली-भाजपा

पंजाब की राजनीति में शिरोमणि अकाली दल और भारतीय जनता पार्टी की करीब तीन दशक पुरानी दोस्ती एक बार फिर लौट आई है। 1996 की मोगा घोषणा से इस रिश्ते को नई राजनीतिक दिशा मिली और अगले साल दोनों दलों ने 93 सीटें जीतकर सरकार बनाई। गठबंधन ने अलग-अलग कार्यकाल में कुल 15 साल सत्ता संभाली। किसान आंदोलन और तीन कृषि कानूनों के विरोध में सितंबर 2020 में यह रिश्ता टूट गया। अब 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले दोनों दल फिर साथ आ गए हैं।

अकाली-भाजपा गठबंधन की राजनीतिक पृष्ठभूमि 1967 और 1969 में बनी संयुक्त सरकारों से जुड़ी है। 25 फरवरी 1996 को अकाली दल के 75वें स्थापना दिवस पर मोगा में तत्कालीन अध्यक्ष प्रकाश सिंह बादल ने पंजाब, पंजाबी और पंजाबियत का नारा दिया। इसके जरिए पार्टी ने अपनी पहचान को पंथक राजनीति से आगे बढ़ाकर सभी पंजाबियों की पार्टी के रूप में स्थापित करने की पहल की। इससे भाजपा के साथ गठबंधन की जमीन तैयार हुई।
1997 में 93 सीटें जीतकर बनाई सरकार

1997 के विधानसभा चुनाव में अकाली दल ने 94 और भाजपा ने 23 सीटों पर चुनाव लड़ा। अकाली दल को 75 और भाजपा को 18 सीटें मिलीं। कुल 93 सीटों के साथ गठबंधन सत्ता में आया और प्रकाश सिंह बादल मुख्यमंत्री बने। अकाली दल को ग्रामीण और किसान क्षेत्रों, जबकि भाजपा को शहरी हिंदू मतदाताओं का समर्थन मिला।
2002 में कांग्रेस ने कैप्टन अमरिंदर सिंह के नेतृत्व में 62 सीटें जीतकर सरकार बनाई। अकाली दल को 41 और भाजपा को तीन सीटें मिलीं लेकिन गठबंधन कायम रहा। 2007 में दोनों दलों ने 68 सीटें जीतकर वापसी की। प्रकाश सिंह बादल मुख्यमंत्री और सुखबीर सिंह बादल उपमुख्यमंत्री बने। 2012 में गठबंधन ने लगातार दूसरी बार सरकार बनाई। अकाली दल को 56 और भाजपा को 12 सीटें मिलीं। इस तरह 2007 से 2017 तक दोनों दल लगातार दस साल सत्ता में रहे।

2017 में 18 सीटों पर सिमटा गठबंधन
दस साल सत्ता में रहने के बाद 2017 में गठबंधन को बड़ा झटका लगा। अकाली दल 15 और भाजपा केवल तीन सीटें जीत सकी। कांग्रेस ने 77 सीटों के साथ सरकार बनाई। इसके बावजूद दोनों दलों ने 2019 का लोकसभा चुनाव साथ लड़ा।

कृषि कानूनों ने तोड़ा 24 साल पुराना रिश्ता
सितंबर 2020 में केंद्र सरकार के तीन कृषि कानूनों के विरोध ने गठबंधन तोड़ दिया। किसान आंदोलन के बीच हरसिमरत कौर बादल ने 17 सितंबर को केंद्रीय मंत्रिमंडल से इस्तीफा दिया। इसके नौ दिन बाद 26 सितंबर को अकाली दल ने एनडीए से अलग होने की घोषणा कर दी।

अब सीटों के बंटवारे पर नजर
2022 के विधानसभा चुनाव में अकाली दल ने बसपा के साथ मिलकर तीन सीटें जीतीं, जबकि अलग चुनाव लड़कर भाजपा को दो सीटें मिलीं। 2024 के लोकसभा चुनाव में भाजपा को 18.56 प्रतिशत और अकाली दल को 13.42 प्रतिशत मत मिले। भाजपा कोई सीट नहीं जीत सकी जबकि अकाली दल एक सीट हासिल करने में सफल रहा। अब 2027 के चुनाव से पहले दोनों दल फिर साथ आए हैं। अब सीटों का बंटवारा गठबंधन की सबसे बड़ी चुनौती होगा।
 

विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

Followed