{"_id":"6985e4120e81d2bd4e039d10","slug":"aap-leader-lucky-oberoi-murder-in-jalandhar-accused-fired-shots-with-pistols-in-both-hands-2026-02-06","type":"story","status":"publish","title_hn":"AAP नेता लक्की ओबेरॉय हत्याकांड: घंटा पहले पहुंचा हमलावर, इंतजार किया, दोनों हाथों में पिस्टल से दागी गोलियां","category":{"title":"Crime","title_hn":"क्राइम","slug":"crime"}}
AAP नेता लक्की ओबेरॉय हत्याकांड: घंटा पहले पहुंचा हमलावर, इंतजार किया, दोनों हाथों में पिस्टल से दागी गोलियां
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, जालंधर
Published by: अंकेश ठाकुर
Updated Fri, 06 Feb 2026 06:22 PM IST
विज्ञापन
सार
पंजाब में बिगड़ती कानून-व्यवस्था की एक और तस्वीर शुक्रवार सुबह जालंधर में सामने आई, जब मॉडल टाउन स्थित गुरुद्वारा साहिब के बाहर आम आदमी पार्टी के नेता लक्की ओबेरॉय की सरेआम गोलियां मारकर हत्या कर दी गई।
जालंधर में आप नेता लक्की ओबराॅय की हत्या
- फोटो : संवाद
विज्ञापन
विस्तार
जालंधर के मॉडल टाउन स्थित गुरुद्वारा साहिब के बाहर आप नेता लक्की ओबेरॉय की गोलियां मारकर हत्या कर दी गई। सुबह करीब सवा आठ बजे हुई इस वारदात से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। हत्यारों ने लक्की की हत्या सुनियोजित ढंग से पूरी तैयारी के साथ की है। सीसीटीवी के मुताबिक हमलावर सुबह 6 बजकर 27 मिनट 14 सेकेंड पर मौके पर पहुंचा। वह सफेद रंग की स्कूटी पर आया था और उसके साथ एक अन्य युवक भी नजर आया। स्कूटी सवार युवक ने काली हुडी पहनी थी। कुछ देर तक वह गली में खड़ा होकर आने-जाने वालों पर नजर रखता रहा और माहौल को भांपता रहा।
Trending Videos
सुबह करीब 7 बजकर 36 मिनट 19 सेकेंड पर लक्की ओबेरॉय गुरुद्वारे में मत्था टेकने के बाद सफेद थार में बैठकर निकलते दिखाई देते हैं। जैसे ही वह फुटपाथ के रास्ते अपनी गाड़ी की ओर बढ़ते हैं, तभी हमलावर भी तेजी से उनकी दिशा में आगे बढ़ता है। 7 बजकर 36 मिनट 30 सेकेंड पर लक्की ओबेरॉय थार का दरवाजा खोलकर ड्राइविंग सीट पर बैठते हैं और दरवाजा बंद करने लगते हैं तभी हमलावर सामने आ जाता है। वह दोनों हाथों में पिस्टल थामे थार की ओर बढ़ता है और ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर देता है। हमलावर वारदात के दौरान थार के साथ खड़ी एक सफेद कार के पीछे छुप कर दनादन गोलियां चलाता है। आरोपी ने लक्की की थार को निशाना बनाते हुए ताबड़तोड़ 8 से 10 राउंड फायरिंग की। गोलियां लगने से लक्की ओबेरॉय गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
विज्ञापन
विज्ञापन
एडीसीपी हरविंदर गिल का कहना है कि हत्या सुनियोजित ढंग से की गई है। हत्यारे पूरी तैयारी के साथ आए थे। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, हमलावर बेहद योजनाबद्ध तरीके से आए और वारदात को अंजाम देकर मौके से फरार हो गए। पुलिस का कहना है कि कुछ गोलियां लक्की ओबेरॉय की छाती और सिर में लगी थीं। घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है, जिसे पुलिस जांच का हिस्सा बना रही है। इस वारदात की जिम्मेदारी जस्स भुट्टर अमेरिका बैठे गैंगस्टर जोगा फोल्डीवाल ने ली है। लक्की ओबेरॉय की पत्नी आप की टिकट पर पार्षद का चुनाव भी लड़ चुकी है और राजनीतिक व सामाजिक हलकों में उनकी पहचान थी।
