Rajasthan Weather: लू का कहर तेज: 10 शहरों का पारा 40 डिग्री पार, अप्रैल में 44 तक डिग्री पहुंचने का अनुमान
Rajasthan Heatwave : राजस्थान में लू का असर तेज हो गया है। कई शहरों में तापमान 40 डिग्री पार पहुंचा। जयपुर में गर्म रात दर्ज हुई। मौसम विभाग ने अप्रैल महीने में पारा 44 डिग्री तक पहुंचने और हीटवेव बढ़ने की चेतावनी दी है।
विस्तार
Rajasthan Weather: राजस्थान अब तेज गर्मी और लू की चपेट में आता जा रहा है। मौसम विभाग के ताजा पूर्वानुमान के अनुसार अगले 4 से 5 दिनों तक प्रदेश में मौसम शुष्क बना रहेगा और अधिकतम तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक और बढ़ोतरी होने की संभावना है। इसके चलते कई इलाकों में हीटवेव की स्थिति बनने के आसार हैं।
बुधवार को श्रीगंगानगर और चूरू सहित प्रदेश के 10 शहरों में दिन का तापमान 40 डिग्री सेल्सियस से ऊपर दर्ज किया गया। इन क्षेत्रों में गर्म हवाएं चलने से लोगों को दिन के समय तेज लू का सामना करना पड़ा। अब गर्मी का असर रात के समय भी साफ दिखाई देने लगा है। फलोदी में रात का तापमान 29.2 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जो इस सीजन की सबसे गर्म रातों में से एक रही। वहीं जयपुर सहित तीन अन्य शहरों में भी इस मौसम की सबसे गर्म रात दर्ज की गई।
यह भी पढें- राजस्थान पेपर लीक केस: सुप्रीम कोर्ट सख्त, RAS अभ्यर्थी हनुमाना राम की जमानत खारिज; नहीं मिली राहत
राजधानी जयपुर समेत 4 जिलों में इस सीजन की सबसे गर्म रात रिकॉर्ड हुई। यहां न्यूनतम तापमान 28 डिग्री सेल्सियस से ऊपर रहा, जिससे लोगों को रात में भी गर्मी से राहत नहीं मिल रही है। पिछले 24 घंटे में पूरे राज्य में मौसम साफ रहा और तेज धूप ने लोगों को परेशान किया। हनुमानगढ़, फलोदी, जैसलमेर और अन्य शहरों में पारा 40 डिग्री से ऊपर बना रहा।
सबसे अधिक गर्मी बाड़मेर में दर्ज की गई, जहां अधिकतम तापमान 42.8 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया। बाड़मेर, जैसलमेर और फलोदी में दिन के समय हल्की लू चलने से जनजीवन प्रभावित रहा और दोपहर में सड़कों पर सन्नाटा छा गया।
जयपुर में भी गर्मी लगातार बढ़ रही है। दिन में गर्म हवाएं चल रही हैं, जबकि रात का तापमान भी ऊंचा बना हुआ है, जिससे लोगों को चौबीसों घंटे गर्मी का सामना करना पड़ रहा है। मौसम विभाग का अनुमान है कि आने वाले दिनों में पश्चिमी जिलों में गर्मी और अधिक तीखी हो सकती है।
अगर प्रमुख शहरों की बात करें तो अजमेर में अधिकतम तापमान 38.8 और न्यूनतम 21.9 डिग्री दर्ज हुआ, जबकि भीलवाड़ा में पारा 39.5 तक पहुंचा। जयपुर में अधिकतम तापमान 39.2 और न्यूनतम 28.2 डिग्री के साथ सीजन की सबसे गर्म रात दर्ज की गई। वहीं कोटा में 41.1 और चित्तौड़गढ़ में 41.6 डिग्री तापमान रिकॉर्ड हुआ। सबसे ज्यादा गर्मी बाड़मेर में रही, जहां पारा 42.8 डिग्री तक पहुंच गया।
इसके अलावा जैसलमेर में 41.7, जोधपुर में 41.4 और बीकानेर में 40.6 डिग्री तापमान दर्ज किया गया। श्रीगंगानगर और चूरू में भी पारा 40 डिग्री के पार रहा।
रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.
