केकड़ी: 22 ग्राम पंचायतों में सरपंच पद के लिए 165 प्रत्याशी मैदान में, अजगरा में सर्वाधिक 16 उम्मीदवार
केकड़ी उपखंड की 22 ग्राम पंचायतों में सरपंच और पंच पदों के लिए 24 अक्टूबर को मतदान होगा। सरपंच पद पर 165 प्रत्याशी मैदान में हैं। मतदान के दिन ही परिणाम घोषित होंगे, जबकि उपसरपंच का चुनाव 25 अक्टूबर को होगा।
विस्तार
केकड़ी जिला परिषद व पंचायत समिति के सदस्यों के चुनाव के बाद अब बारी है गांवों के सरपंचों व पंचों की। इनके लिए केकड़ी उपखण्ड के ग्रामीण मतदाता 24 अक्टूबर को मतदान करेंगे। चुनाव को लेकर चौपालों पर काफी गहमागहमी नजर आ रही है। केकड़ी उपखंड क्षेत्र की 22 ग्राम पंचायतों में 'गांव की सरकार' चुनने के लिए शनिवार को मतदान होगा। सरपंच पद के लिए कुल 165 प्रत्याशी चुनाव मैदान में हैं। इनमें अजगरा ग्राम पंचायत में सर्वाधिक 16 प्रत्याशी अपनी किस्मत आजमा रहे हैं, जबकि देवगांव में सबसे कम 2 प्रत्याशी मैदान में हैं।
सरपंच पद के उम्मीदवारों की स्थिति
निर्वाचन पंजीयन एवं उपखंड अधिकारी सुरेश कुमार बलाई के अनुसार सरपंच पद के लिए ग्राम पंचायतवार प्रत्याशियों की स्थिति इस प्रकार है-अजगरा में 16, बघेरा में 11, भरांई में 10, भीमड़ावास में 9, देवगांव में 2, जूनियां में 15, कादेड़ा में 9, कालेड़ा कृष्णगोपाल में 3, कणौंज में 8, खवास में 7, कोहड़ा में 6, लल्लाई में 3, लसाड़िया में 4, मानखण्ड में 9, मेवदाकलां में 7, मोलकिया में 6, नायकी में 6, निमोद में 5, प्रान्हेड़ा में 6, रामपाली में 13, सलारी में 7 तथा सरसड़ी में 3 प्रत्याशी चुनाव मैदान में हैं।
पढे़ं: 'अरुणाचल में भारत-चीन सैनिकों के बीच तनाव बरकरार': आईटीबीपी के डीजी ने बताई स्थिति, और क्या-क्या कहा?
मतदान के बाद इसी दिन नतीजों की घोषणा
पंचायत चुनाव के प्रथम चरण में केकड़ी पंचायत समिति की ग्राम पंचायतों में सरपंच व पंच पद के लिए 24 अक्टूबर को मतदान होगा। इसमें पंचायत समिति केकड़ी की 22 ग्राम पंचायतों के 15 वार्डों में 83 मतदान बूथों पर मतदान होगा। सरपंच और वार्ड पंच के चुनाव में नतीजे मतदान वाले दिन ही घोषित होंगे। केकड़ी पंचायत समिति चुनावों के पहले चरण में शामिल है, 24 अक्टूबर को मतदान के बाद इसी दिन परिणाम घोषित किये जायेंगे। इसके अगले दिन 25 अक्टूबर को उपसरपंच का चुनाव कराया जाएगा।
पंचायत समिति प्रधान का निर्वाचन 27 नवम्बर को
निर्वाचन विभाग द्वारा तय रूपरेखा के अनुसार पंचायतराज चुनाव के प्रथम चरण में जिला परिषद और पंचायत समिति सदस्यों के चुनाव के लिए मतदान सम्पन्न हो गया है, अब इन चुनाव में नतीजों को लेकर प्रत्याशियों को मतगणना के लिए 29 दिन का लंबा इंतजार करना होगा। दोनों चरणों का मतदान पूरा होने के बाद 20 नवंबर को जिला परिषद और पंचायत समिति सदस्यों के परिणाम एक साथ घोषित किए जाएंगे। जिला परिषद और पंचायत समिति सदस्यों के परिणाम आने के बाद प्रमुख और प्रधान के चुनाव होंगे। जिला प्रमुख का निर्वाचन 25 नवंबर और उप जिला प्रमुख का निर्वाचन 26 नवंबर को कराया जाएगा। इसी तरह पंचायत समितियों में प्रधान का चुनाव 27 नवंबर और उपप्रधान का निर्वाचन 28 नवंबर को होगा।