LPG Crisis: एलपीजी कालाबाजारी पर सख्त एक्शन ; अब एफआईआर होगी, सरकार ने दिए लाइसेंस रद्द करने के निर्देश
प्रदेश में एलपीजी की कालाबाजारी और ओवर प्राइसिंग को लेकर सरकार ने जिला कलेक्टर्स को सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं। इसमें कालाबाजारी करने वाले डीलर्स या सप्लायर के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने को कहा गया है।
विस्तार
राजस्थान में एलपीजी संकट से निपटने के लिए सीएम भजनलाल शर्मा ने आज सभी जिला कलेक्टर्स की बैठक बुलाई। बैठक में लेक्टर्स को सख्त निर्देश जारी किए कि कालाबाजारी और ओवरप्राइसिंग में लिप्त व्यक्तियों एवं संस्थाओं के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर उनके लाइसेंस निरस्त किए जाएं, साथ ही बार-बार नियमों का उल्लंघन करने वालों को ब्लैकलिस्ट किया जाए।कलेक्टर्स से कहा गया है कि नियमित समीक्षा कर जमीनी स्थिति का फीडबैक लिया जाए और आकस्मिक निरीक्षण के जरिए अनियमितताओं पर तत्काल कार्रवाई हो। उन्होंने स्टॉक रजिस्टर और वास्तविक भंडारण के मिलान को भी अनिवार्य रूप से सुनिश्चित करने को कहा।
मुख्यमंत्री कार्यालय में वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से आयोजित बैठक में उन्होंने खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति विभाग, पुलिस और अन्य संबंधित विभागों को संयुक्त टीम बनाकर विशेष अभियान चलाने के निर्देश दिए। साथ ही गैस एजेंसियों, गोदामों और वितरण केंद्रों का नियमित निरीक्षण सुनिश्चित करने पर जोर दिया।
शर्मा ने शिकायत निवारण व्यवस्था को मजबूत बनाने के निर्देश देते हुए कहा कि हेल्पलाइन और पोर्टल पूरी तरह सक्रिय रहें तथा हर शिकायत का समाधान 24 घंटे के भीतर किया जाए। इसकी निगरानी मुख्य सचिव स्तर पर हो और सोशल मीडिया व स्थानीय स्तर पर जागरूकता अभियान भी चलाए जाएं।
यह भी पढें- Barmer: IPS केके बिश्नोई के घर शुरू हुईं शादी की रस्में, 29 को जोधपुर में IPS अंशिका वर्मा के संग लेंगे फेरे
उन्होंने कहा कि ओटीपी आधारित गैस वितरण और डायरी में एंट्री को अनिवार्य रूप से लागू किया जाए, ताकि पारदर्शिता बनी रहे। इसके साथ ही पाइप्ड नेचुरल गैस (PNG) और सिटी गैस डिस्ट्रीब्यूशन (CGD) नेटवर्क के विस्तार को प्राथमिकता देने के निर्देश भी दिए गए। पाइपलाइन बिछाने से जुड़ी सभी स्वीकृतियां 24 घंटे में जारी करने के लिए कहा गया है। बैठक में जानकारी दी गई कि केंद्र सरकार की नई एसओपी के तहत व्यावसायिक गैस सिलेंडर की आपूर्ति सुनिश्चित की जा रही है।
प्रदेश में 27 मार्च तक 3741 निरीक्षण किए जा चुके हैं, जिनमें 1506 गैस एजेंसियां शामिल हैं। आमजन की सुविधा के लिए 14435, 112 और 181 हेल्पलाइन नंबर भी संचालित किए जा रहे हैं। बैठक में मुख्य सचिव वी. श्रीनिवास, पुलिस महानिदेशक राजीव कुमार शर्मा सहित संबंधित विभागों के अधिकारी और सभी जिला कलेक्टर्स वर्चुअल माध्यम से जुड़े।
रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.