सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Rajasthan ›   Balotra News ›   Balotra News: Newly built road fails overnight; asphalt layer peels off by hand,video of corruption goes vira

Balotra News: खुली भ्रष्टाचार की पोल, एक रात भी नहीं टिकी पहली बार बनी सड़क, हाथ से उखड़ा डामर, वीडियो वायरल

न्यूज डेस्क, अमर उजाला, बालोतरा Published by: प्रिया वर्मा Updated Thu, 04 Dec 2025 04:11 PM IST
विज्ञापन
सार

राजस्थान में भ्रष्टाचार एक बार फिर इस कदर बेनकाब हुआ है कि आम जनता का शासन-प्रशासन पर भरोसा डगमगा गया है। सत्ता किसी की भी हो, जनता की उम्मीदें तब ही मिट्टी में मिल जाती हैं, जब व्यवस्था चलाने वालों की नीयत कमजोर पड़ जाए।

Balotra News: Newly built road fails overnight; asphalt layer peels off by hand,video of corruption goes vira
भ्रष्टाचार की पोल खुली, हाथों से उखड़ा नई सड़क पर लगा डामर - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार

आज भी गांव-कस्बों के लोग सड़क, पानी और बिजली जैसी बुनियादी सुविधाओं के लिए तरस रहे हैं और जब कभी सरकारी इंजीनियर या ठेकेदार विकास का चोला ओढ़कर गांव पहुंचते हैं तो वहां भी लूट-खसोट का खेल शुरू हो जाता है। ऐसा ही एक चौंकाने वाला मामला बालोतरा जिले में सामने आया है, जहां ग्रामीणों का वर्षों का इंतजार एक रात की हेराफेरी में बदल गया।

Trending Videos


पहली बार बनी सड़क लेकिन कुछ ही घंटों में भरोसा टूटा

जिले की चांदेसरा ग्राम पंचायत से सोमेसरा तक करीब दो किलोमीटर लंबे रास्ते पर आजादी के बाद पहली बार सड़क निर्माण शुरू हुआ। गांव वालों को उम्मीद थी कि अब बच्चों को स्कूल, किसानों को मंडी और मरीजों को अस्पताल पहुंचने में आसानी होगी लेकिन यह खुशी कुछ ही घंटों की मेहमान निकली। रात करीब 10 बजे के बाद शुरू हुआ निर्माण कार्य अगले ही दिन सुबह ग्रामीणों के गुस्से का कारण बन गया। सुबह जब लोग नई बनी सड़क को देखने पहुंचे तो जो नजारा सामने आया उसने सबको हक्का-बक्का कर दिया। सड़क पर बिछी डामर की परत हाथों से ही उखड़ रही थी।
विज्ञापन
विज्ञापन




इस संबंध में एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसमें साफ देखा जा सकता है कि एक युवक सड़क की डामर परत को बिना किसी औजार के सिर्फ हाथों से खुरचकर उखाड़ देता है। इतना ही नहीं इस डामर की परत के नीचे ठोस बेस लेयर के बजाय रेत और मिट्टी फैली हुई दिखाई दे रही है। यानी रात के अंधेरे में विकास के नाम पर खानापूर्ति करके पैसा बटोर लिया गया।

गांववालों का आरोप है कि सड़क निर्माण जान-बूझकर रात में कराया गया ताकि गड़बड़ी किसी की नजर में न आए। निर्माण के दौरान न काम की निगरानी के लिए कोई सरकारी इंजीनियर मौजूद था, न किसी अधिकारी ने गुणवत्ता जांचने की जहमत उठाई। ग्रामीणों ने बताया कि रेत पर डामर डालते समय तापमान का भी ध्यान नहीं रखा गया, जिसके कारण सड़क सुबह की ठंडक में जमने के बजाय बिखर गई।

ये भी पढ़ें: Jhunjhunu News: डीएसटी व पुलिस ने 4 करोड़ रुपये का 8 क्विंटल से अधिक गांजा पकड़ा, एक तस्कर गिरफ्तार; जांच जारी

मामले का वीडियो वायरल होने के बाद ग्रामीणों में भारी आक्रोश है। लोग ठेकेदार, निर्माण एजेंसी और संबंधित अधिकारियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की मांग कर रहे हैं। ग्रामीणों का कहना है कि अगर यह वीडियो सामने नहीं आता तो यह भ्रष्टाचार आने वाले वर्षों तक दबा रहता और दोषियों की जेबें भरी रहतीं।

फिलहाल संबंधित विभाग की ओर से कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है।
हालांकि वायरल वीडियो और बढ़ते जनदबाव को देखते हुए यह उम्मीद जताई जा रही है कि इस मामले में जांच बैठाई जाएगी लेकिन लोगों को इस बात की चिंता है कि जांच कहीं सिर्फ औपचारिकता बनकर न रह जाए।

बालोतरा की यह घटना सिर्फ एक गांव की कहानी नहीं, बल्कि व्यवस्था की जर्जर हकीकत का आईना है। देशभर में गांवों के विकास के नाम पर करोड़ों रुपये खर्च किए जाते हैं लेकिन जमीन पर नतीजा सिर्फ टूटी सड़कें, अधूरे काम और झूठे वादे ही दिखते हैं।



यदि यही हाल रहा तो विकास योजनाएं सिर्फ फाइलों में और जनता की उम्मीदें धूल और डामर के नीचे दबी रह जाएंगी।

विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

एप में पढ़ें

Followed