माही नदी हादसे में दोहरी त्रासदी: सवा 12 बजे मिला जयेश का शव, ढाई घंटे बाद मासूम मानव की लाश निकाली जा सकी
Banswara News: बांसवाड़ा के संगमेश्वर माही नदी नाव हादसे में 45 घंटे बाद युवक जयेश का शव बरामद हुआ। इसके करीब ढाई घंटे बाद आठ वर्षीय मानव का शव भी मिला। हादसे के बाद से सिविल डिफेंस और पुलिस की टीमें लगातार रेस्क्यू ऑपरेशन चला रही थीं।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
बांसवाड़ा जिले के अरथूना क्षेत्र में संगमेश्वर माही नदी में हुए नाव हादसे ने पूरे इलाके को शोक में डुबो दिया। मंगलवार दोपहर बाद नाव पलटने की घटना में लापता हुए युवक और मासूम की तलाश गुरुवार तक जारी रही। हादसे के करीब 45 घंटे बाद युवक का शव बरामद किया गया, जबकि उसके करीब ढाई घंटे बाद आठ वर्षीय मासूम मानव का शव भी नदी से निकाल लिया गया। घटनास्थल पर परिजन, ग्रामीण, प्रशासन और सिविल डिफेंस की टीम लगातार मौजूद रही।
गहरे पानी में मिला जयेश का शव
जानकारी के अनुसार, मंगलवार दोपहर बाद अरथूना थाना क्षेत्र के भैंसाऊ गांव के पास माही नदी में नाव हादसा हुआ था। हादसे के दौरान भानों का पारड़ा निवासी 21 वर्षीय जयेश और चंदूजी का गढ़ा निवासी 8 वर्षीय मानव गहरे पानी में डूब गए थे। दोनों की तलाश में सिविल डिफेंस की टीम लगातार रेस्क्यू ऑपरेशन चला रही थी।
गुरुवार दोपहर 12 बजकर 10 मिनट पर संगमेश्वर मंदिर से कुछ दूरी पर नदी के गहरे पानी में जयेश का शव मिला। शव मिलने की सूचना मिलते ही नदी किनारे मौजूद लोग घटनास्थल की ओर दौड़ पड़े। मृतक के परिजन भी मौके पर पहुंचे। जब रेस्क्यू टीम शव को बाहर लेकर आई तो परिजनों की रुलाई फूट पड़ी। ग्रामीणों ने उन्हें संभालने का प्रयास किया। बाद में शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल की मोर्चरी भिजवाया गया।
ढाई घंटे बाद मिला मासूम मानव का शव
युवक का शव मिलने के बाद भी सिविल डिफेंस की टीम मौके पर डटी रही और मासूम मानव की तलाश जारी रखी गई। इसी दौरान दोपहर 2 बजकर 35 मिनट पर मानव का शव भी बरामद कर लिया गया। हादसे के बाद से उसके परिजन घटनास्थल पर मौजूद थे और लगातार रेस्क्यू ऑपरेशन पर नजर बनाए हुए थे। शव मिलने के बाद परिवार में मातम छा गया। ग्रामीणों ने परिजनों को ढांढस बंधाने का प्रयास किया।
पढ़ें- कोटा में एक और प्रसूता की मौत: परिजनों का बवाल, क्या सिजेरियन ऑपरेशन से फेल हुई किडनी या इंफेक्शन ने ली जान?
दर्शन कर लौटते समय पलटी थी नाव
बताया गया कि मंगलवार दोपहर भैंसाऊ गांव के पास संगमेश्वर महादेव के दर्शन कर लौट रहे लोगों से भरी नाव अचानक असंतुलित होकर पलट गई थी। नाव में कुल 11 लोग सवार थे। हादसे के बाद नाविक सहित 9 लोग तैरकर सुरक्षित बाहर निकल आए, लेकिन जयेश और मानव गहरे पानी में डूब गए। मानव अपने मामा लालशंकर के साथ दर्शन करने आया था। घटना के तुरंत बाद सिविल डिफेंस की टीम ने रेस्क्यू अभियान शुरू कर दिया था। पुलिस टीम भी मौके पर तैनात रही।
पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल
लगातार दो शव मिलने के बाद पूरे इलाके में गमगीन माहौल बना हुआ है। ग्रामीणों और परिजनों की भीड़ देर तक नदी किनारे मौजूद रही। हादसे ने क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्थाओं और नदी में नाव संचालन को लेकर भी चिंता बढ़ा दी है।
रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.