भरतपुर नगर निगम चुनाव परिणाम: निर्दलीयों का दबदबा, 65 में से 36 वार्डों में निर्दलीय जीते, BJP 20 पर सिमटी
भरतपुर नगर निगम के 65 वार्डों के चुनाव परिणाम सामने आ गए हैं। यहां पर 36 वार्डों में निर्दलीयों ने जीत दर्ज की है। भाजपा और कांग्रेस को बुरी तरह हार का सामना करना पड़ा है। बसपा और आरएलपी को एक-एक वार्ड में जीत मिली है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
भरतपुर नगर निगम चुनाव के 65 वार्डों के सभी नतीजे सामने आ गए हैं। चुनाव परिणाम में निर्दलीय प्रत्याशियों ने सबसे शानदार प्रदर्शन करते हुए 36 वार्डों में जीत दर्ज की है। भाजपा को 20, कांग्रेस को 7, जबकि BSP और RLP को एक-एक वार्ड में जीत मिली है। इस तरह 65 वार्डों में निर्दलीय प्रत्याशियों की हिस्सेदारी 55 प्रतिशत से अधिक है। निर्दलीयों ने भाजपा और कांग्रेस की कुल 27 सीटों से भी 9 ज्यादा वार्डों में जीत दर्ज की है। ऐसे में अब नगर निगम में बोर्ड गठन को लेकर निर्दलीय पार्षदों की भूमिका सबसे महत्वपूर्ण मानी जा रही है।
मतगणना पूरी, सभी परिणाम घोषित
रिटर्निंग अधिकारी रिछपाल बुडरक ने बताया कि नगर निगम भरतपुर के वार्ड नंबर एक से 65 तक हुए आम चुनाव 2026 की मतगणना शांतिपूर्ण और पारदर्शी तरीके से पूरी कर ली गई है। सभी वार्डों के विजेता प्रत्याशियों की घोषणा कर दी गई है और मतगणना का कार्य पूरी तरह समाप्त हो चुका है। कांग्रेस के प्रत्याशी मीनू डागुर और दयाचंद पचौरी को जीत के बाद शपथ दिलाई है।
वार्ड 55 से कांग्रेस के दयाचंद पचौरी की जीत
वार्ड नंबर 55 से कांग्रेस प्रत्याशी दयाचंद पचौरी ने जीत दर्ज की है। जीत के बाद उन्होंने इसका श्रेय वार्डवासियों और अपने मतदाताओं को दिया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने उन पर भरोसा जताया और जनता ने तीसरी बार उन्हें पार्षद के रूप में चुना है। दयाचंद पचौरी ने कहा कि चुनाव उन्होंने अकेले नहीं, बल्कि वार्ड की जनता ने मिलकर लड़ा है। उन्होंने वार्ड में नल, पानी और बिजली की समस्याओं के समाधान के साथ-साथ गुंडागर्दी खत्म करने और बहन-बेटियों की सुरक्षा को लेकर किए गए वादों को पूरा करने का भरोसा दिलाया। उन्होंने कहा कि वार्ड में जो पुराने और अधूरे विकास कार्य हैं, उन्हें प्राथमिकता के आधार पर पूरा कराने का प्रयास किया जाएगा। साथ ही युवाओं और वार्डवासियों द्वारा बताई गई समस्याओं पर भी काम किया जाएगा।
भरतपुर नगर निगम चुनाव का परिणाम
- निर्दलीय – 36 वार्ड
- भाजपा – 20 वार्ड
- कांग्रेस – 7 वार्ड
- BSP – 1 वार्ड
- RLP – 1 वार्ड
- कुल – 65 वार्ड
सबसे बड़ा सवाल अब बोर्ड गठन को लेकर है, क्योंकि 36 निर्दलीय पार्षदों की जीत के बाद नगर निगम की सत्ता की चाबी भी काफी हद तक निर्दलीय पार्षदों के हाथ में नजर आ रही है।
65 वार्डों में किसे मिली जीत?
| वार्ड | विजेता | दल |
|---|---|---|
| 1 | करन सिंह | निर्दलीय |
| 2 | अम्बिका सैनी | निर्दलीय |
| 3 | आकाश निराला | निर्दलीय |
| 4 | अरविन्द | निर्दलीय |
| 5 | गजेन्द्र कुमार | कांग्रेस |
| 6 | कमलेश | निर्दलीय |
| 7 | कुंदन | निर्दलीय |
| 8 | जीतेंद्र सिंह | भाजपा |
| 9 | कमलेश | निर्दलीय |
| 10 | अमरनाथ | निर्दलीय |
| 11 | तेजराम | निर्दलीय |
| 12 | सुधा शर्मा | भाजपा |
| 13 | ओमप्रकाश | कांग्रेस |
| 14 | अर्जनसिंह | निर्दलीय |
| 15 | बरफी | निर्दलीय |
| 16 | मोतीसिंह | बसपा |
| 17 | विचित्रा | निर्दलीय |
| 18 | मीनू | कांग्रेस |
| 19 | मनोज सिंह | भाजपा |
| 20 | पूनम | निर्दलीय |
| 21 | गोपाल | आरएलपी |
| 22 | नीतू सिंह | भाजपा |
| 23 | किरन | भाजपा |
| 24 | राजेन्द्र कुमार | निर्दलीय |
| 25 | आरती | निर्दलीय |
| 26 | वीरमती | निर्दलीय |
| 27 | लोकेश | निर्दलीय |
| 28 | नीलम | भाजपा |
| 29 | राजवीर | भाजपा |
| 30 | राजकुमार | निर्दलीय |
| 31 | भास्कर | निर्दलीय |
| 32 | सुलेखा | भाजपा |
| 33 | जयप्रकाश शर्मा | निर्दलीय |
| 34 | वंदना | निर्दलीय |
| 35 | राकेश | कांग्रेस |
| 36 | किरणदेवी | निर्दलीय |
| 37 | अमरसिंह | निर्दलीय |
| 38 | धीरज कुमार | निर्दलीय |
| 39 | जगदीश | निर्दलीय |
| 40 | रीना | भाजपा |
| 41 | योगेश्वरी | भाजपा |
| 42 | रूपेंद्र सिंह | भाजपा |
| 43 | प्रेमपाल | भाजपा |
| 44 | भीमसिंह | भाजपा |
| 45 | योगिता | निर्दलीय |
| 46 | शीला | निर्दलीय |
| 47 | प्रह्लाद | निर्दलीय |
| 48 | मानवेन्द्र | निर्दलीय |
| 49 | योगेश | कांग्रेस |
| 50 | लक्ष्मी | भाजपा |
| 51 | सुशील शर्मा | भाजपा |
| 52 | रीना कुमारी | निर्दलीय |
| 53 | जयश्री | निर्दलीय |
| 54 | हरेंद्र | भाजपा |
| 55 | दयानन्द पचौरी | कांग्रेस |
| 56 | कल्पेश | निर्दलीय |
| 57 | देवेंद्र सिंह | भाजपा |
| 58 | निशा अग्रवाल | भाजपा |
| 59 | आरती | निर्दलीय |
| 60 | जितेंद्र | निर्दलीय |
| 61 | अनुराधा | भाजपा |
| 62 | जगदीश सिंह | भाजपा |
| 63 | सुनीता | निर्दलीय |
| 64 | रामेश्वर सिंह | निर्दलीय |
| 65 | जनार्दन सिंह | निर्दलीय |
73.13 प्रतिशत मतदान हुआ था
भरतपुर नगर निगम क्षेत्र में इस बार 73.13 प्रतिशत मतदान हुआ था। निगम क्षेत्र में कुल 2 लाख 11 हजार 359 मतदाता थे। इनमें से एक लाख 54 हजार 557 मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। मतदान की शुरुआत में रफ्तार धीमी रही, लेकिन दिन बढ़ने के साथ मतदान प्रतिशत लगातार बढ़ता गया। सुबह 10 बजे तक 20.74 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया था। दोपहर 1 बजे तक यह आंकड़ा बढ़कर 44.33 प्रतिशत पहुंच गया। अपराह्न 3 बजे तक 58.19 प्रतिशत और शाम 6 बजे तक कुल मतदान प्रतिशत 73.13 दर्ज किया था।