Bikaner: मीटर और केबल बदलने को लेकर विवाद, बीकानेर में निजी बिजली कंपनी के कर्मियों को दौड़ा-दौड़ाकर पीटा
Bikaner: बीकानेर के नथानियों की सराय इलाके में बिजली मीटर और केबल बदलने पहुंचे निजी कंपनी के कर्मचारियों का स्थानीय लोगों से विवाद हो गया। मामला इतना बढ़ा कि कर्मचारियों के साथ मारपीट हो गई। कई थानों की पुलिस मौके पर पहुंचकर हालात को नियंत्रित किया।
विस्तार
बीकानेर के नयाशहर थाना क्षेत्र के नथानियों की सराय इलाके में गुरुवार को बिजली मीटर बदलने और नई लाइन डालने को लेकर बड़ा विवाद खड़ा हो गया। निजी बिजली कंपनी की टीम और स्थानीय लोगों के बीच कहासुनी बढ़कर मारपीट में बदल गई। इस दौरान कुछ लोगों ने बिजली कंपनी के कर्मियों को दौड़ा-दौड़ाकर पीट दिया, जिससे इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
स्थानीय लोगों के विरोध के बाद शुरू हुआ विवाद
जानकारी के अनुसार निजी बिजली कंपनी बीकेईसीएल (BKECL) के कर्मचारी क्षेत्र में पुराने मीटर बदलने और बिजली लाइन से जुड़ा कार्य करने पहुंचे थे। इसी दौरान कुछ स्थानीय लोगों ने काम का विरोध करना शुरू कर दिया। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और दोनों पक्षों के बीच धक्का-मुक्की और हाथापाई शुरू हो गई।
कई थानों की पुलिस पहुंची मौके पर
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। हालात को संभालने के लिए नयाशहर थाना, कोतवाली थाना और मुक्ताप्रसाद थाना पुलिस को मौके पर बुलाया गया। पुलिस अधिकारियों ने लोगों को समझाइश देकर स्थिति को नियंत्रण में किया।
बढ़ते लोड के कारण बदले जा रहे थे मीटर
सीओ सिटी अनुज डाल ने बताया कि गर्मी के दिनों में इलाके में बढ़ते बिजली लोड को देखते हुए निजी बिजली कंपनी के कर्मचारी मीटर और तार बदलने के लिए पहुंचे थे। इसी दौरान कुछ लोगों ने विरोध शुरू कर दिया, जिससे विवाद की स्थिति बन गई। फिलहाल लोगों को समझाइश दी जा रही है और स्थिति नियंत्रण में है।
ये भी पढ़ें: प्रेमिका की शादी कहीं और तय होने से परेशान था युवक, बंद कमरे में फांसी लगा दी जान
पहले भी हो चुका है विरोध
बताया जा रहा है कि यह पहली बार नहीं है जब इस इलाके में मीटर बदलने पहुंची टीम का विरोध हुआ हो। इससे पहले भी यहां बिजली कंपनी की टीम के साथ मारपीट की घटना सामने आ चुकी है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जानकारी जुटा रही है। इलाके में एहतियातन पुलिस का भारी जाब्ता तैनात कर दिया गया है।
रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.