जयपुर: थार से कुचलकर युवक की मौत; 18 बच्चों की मौत के बाद जन्मा था गणेश, टक्कर मारने के बाद बैक कर फिर कुचला
जयपुर के शास्त्रीनगर में तेज रफ्तार थार की टक्कर से 40 वर्षीय गणेश स्वामी की मौत हो गई। परिवार का आरोप है कि चालक ने पहले टक्कर मारी और फिर गाड़ी बैक कर उन्हें कुचल दिया। घटना का सीसीटीवी फुटेज सामने आया है।
विस्तार
जयपुर में तेज रफ्तार थार से हुए एक हादसे ने एक परिवार की खुशियां उजाड़ दीं। शास्त्रीनगर इलाके की स्वामी बस्ती में गुरुवार दोपहर थार की टक्कर से 40 वर्षीय गणेश स्वामी की मौत हो गई। हादसे का सीसीटीवी फुटेज सामने आया है। इसमें थार से युवक को टक्कर लगने और फिर गाड़ी को पीछे लेने की घटना दिखाई दे रही है। परिवार का आरोप है कि चालक ने टक्कर मारने के बाद जानबूझकर गाड़ी बैक कर गणेश को कुचल दिया।
इस घटना के बाद परिवार और स्थानीय लोगों में आक्रोश फैल गया। परिजन आरोपी चालक की गिरफ्तारी की मांग को लेकर सड़क पर धरने पर बैठ गए। इस दौरान गणेश की बहन ललिता का दर्द भी सामने आया। उन्होंने कहा, 'मेरे भाई के हत्यारे की लाश मेरी गोद में दे दो, जैसे मैं अपने भाई की लाश को गोद में लेकर बैठी हूं।'
घर से कुछ दूरी पर हुआ हादसा, पानी पीकर लौट रहा था गणेश
हादसा शास्त्रीनगर के नाहरी का नाका स्थित स्वामी बस्ती में दोपहर करीब एक बजे हुआ। गणेश अपनी बहन के घर पानी पीने गया था। वहां से अपने घर लौटते समय थार ने उसे टक्कर मार दी। बहन ललिता के मुताबिक, टक्कर की जानकारी मिलते ही वह अपने चचेरे भाई के साथ मौके पर पहुंचीं। गणेश के चेहरे और शरीर पर गंभीर चोटें आई थीं।
परिजनों का आरोप है कि थार चालक ने पहले गणेश को टक्कर मारी और फिर गाड़ी पीछे लेकर उसे कुचल दिया। घटना के बाद परिवार और बस्ती के लोग आरोपी को पकड़ने की मांग करने लगे। लोगों ने सड़क पर धरना देकर पुलिस से कार्रवाई की मांग की।
यह भी पढें- भरतपुर: खेत में हाथ-पैर बंधे मिले युवक की जयपुर में मौत, ससुराल से लौटते समय हुआ था लापता
18 बच्चों की मौत के बाद परिवार में आई थी गणेश के जन्म की खुशियां
गणेश की मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। उसके चाचा वेदप्रकाश सोलंकी ने बताया कि गणेश से पहले परिवार में 18 बच्चों का जन्म हुआ था, लेकिन उनमें से कोई जीवित नहीं बचा। इसके बाद गणेश का जन्म हुआ तो परिवार ने उसे बड़ी खुशियों के साथ पाला था।
गणेश मजदूरी करके परिवार का भरण-पोषण करता था। उसके परिवार में पत्नी आशा (39), बेटा सन्नी (15) और बेटी मोनिका (12) हैं। उसकी मौत से पत्नी और बच्चों के सामने जीवनयापन का संकट भी खड़ा हो गया है।
थार जब्त, कुछ लोग हिरासत में
एडिशनल डीसीपी नॉर्थ सेकेंड बजरंग सिंह ने बताया कि हादसे में स्वामी बस्ती निवासी गणेश स्वामी (40) की मौत हुई है। पुलिस ने थार गाड़ी जब्त कर ली है और कुछ लोगों को डिटेन किया है। मामले की जांच की जा रही है। दोषियों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
उधर, परिजन और स्थानीय लोग आरोपी चालक की गिरफ्तारी की मांग पर अड़े हैं। उनका कहना है कि सीसीटीवी फुटेज के आधार पर पूरे मामले की जांच कर जिम्मेदार लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए। पुलिस हादसे के सभी पहलुओं की जांच कर रही है।