Rajasthan: मई में रेलयात्रा करने वाले हैं तो ध्यान दें, तकनीकी काम के चलते कई ट्रेनें रद्द, कुछ के रूट बदले
जयपुर मंडल में नॉन इंटरलॉकिंग कार्य के चलते ट्रेनों की आवाजाही प्रभावित होने जा रही है। रेलवे ने कई ट्रेनों को रद्द, आंशिक रद्द और मार्ग परिवर्तित करने का फैसला लिया है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
मई माह में ट्रेन से सफर करने वाले यात्रियों के लिए बेहद जरूरी सूचना है कि जयपुर मंडल के कनकपुरा रेलवे यार्ड में चल रहे महत्वपूर्ण तकनीकी कार्यों के चलते कई प्रमुख ट्रेनों के संचालन पर असर पड़ेगा। रेलवे प्रशासन द्वारा जारी सूचना के अनुसार इस अवधि में कुछ ट्रेनें पूरी तरह रद्द रहेंगी, कुछ आंशिक रूप से रद्द होंगी, जबकि कई ट्रेनों का मार्ग परिवर्तित किया गया है।
गौरतलब है कि कनकपुरा रेलवे यार्ड में लाइन संख्या 3 और 4 के बीच अतिरिक्त क्रॉसओवर के निर्माण का कार्य किया जा रहा है। यह कार्य ट्रेनों की आवाजाही को और अधिक सुचारू और सुरक्षित बनाने के उद्देश्य से किया जा रहा है। इसी कारण रेलवे ने नॉन इंटरलॉकिंग ब्लॉक लिया है, जिसके चलते ट्रेनों का संचालन अस्थायी रूप से प्रभावित रहेगा।
ये ट्रेनें रहेंगी पूरी तरह रद्द
रेलवे से मिली जानकारी के अनुसार जोधपुर-भोपाल एक्सप्रेस (14813) 2 से 4, 7 और 11 से 13 मई तक कुल 7 ट्रिप के लिए रद्द रहेगी। वहीं भोपाल-जोधपुर एक्सप्रेस (14814) 3 से 5, 8 और 12 से 14 मई तक 7 ट्रिप के लिए रद्द की गई है। इन ट्रेनों के रद्द रहने से मध्यप्रदेश और राजस्थान के बीच यात्रा करने वाले यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ सकता है।
आंशिक रूप से रद्द रहेगी लीलन सुपरफास्ट
जैसलमेर-जयपुर-जैसलमेर लीलन सुपरफास्ट एक्सप्रेस (12467/12468) 4 से 6, 9, 10 और 12 से 15 मई तक कुल 9 ट्रिप में फुलेरा और जयपुर के बीच आंशिक रूप से रद्द रहेगी। यानी यह ट्रेन अपने पूरे रूट पर नहीं चलेगी, जिससे बीच के स्टेशनों के यात्रियों को वैकल्पिक व्यवस्था करनी होगी।
बदले मार्ग से चलेंगी ये ट्रेनें
रेलवे ने कई ट्रेनों के मार्ग में अस्थायी बदलाव भी किया है, जिनमें जैसलमेर-काठगोदाम रानीखेत एक्सप्रेस (15013) 12 मई को अपने निर्धारित मार्ग के बजाय रेवाड़ी-रींगस-फुलेरा मार्ग से संचालित होगी। यह ट्रेन नारनौल, नीमकाथाना और रींगस स्टेशनों पर विशेष ठहराव करेगी।
- काठगोदाम-जैसलमेर रानीखेत एक्सप्रेस (15014) 3 से 8 और 12 से 14 मई तक बदले हुए मार्ग से चलेगी और वही अतिरिक्त स्टेशनों पर रुकेगी।
- मन्नारगुड़ी-जोधपुर सुपरफास्ट एक्सप्रेस (22674) 4 मई को जयपुर-फुलेरा-डेगाना के बजाय जयपुर-रींगस-चूरू-डेगाना मार्ग से संचालित होगी। इस दौरान रींगस, सीकर, चूरू और रतनगढ़ में ठहराव दिया जाएगा।
- जम्मूतवी-बाड़मेर शालीमार एक्सप्रेस (14662) 11 मई को बदले हुए मार्ग रेवाड़ी-रींगस-फुलेरा से संचालित होगी और नारनौल, नीमकाथाना व रींगस स्टेशनों पर रुकेगी।
यात्रियों के लिए जरूरी सलाह
रेलवे प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि वे यात्रा से पहले अपनी ट्रेन की स्थिति की जांच जरूर कर लें। ऑनलाइन प्लेटफॉर्म या रेलवे हेल्पलाइन के माध्यम से अपडेट लेकर ही स्टेशन पहुंचें, ताकि किसी भी असुविधा से बचा जा सके।
रेलवे द्वारा किया जा रहा यह तकनीकी कार्य भविष्य में ट्रेनों की समयबद्धता और सुरक्षा को बेहतर बनाएगा। अतिरिक्त क्रॉसओवर बनने से ट्रेनों के संचालन में लचीलापन आएगा और ट्रैफिक दबाव को कम करने में मदद मिलेगी। मई महीने में रेल यात्रियों को थोड़ी असुविधा जरूर झेलनी पड़ सकती है लेकिन यह बदलाव भविष्य की बेहतर रेल सेवाओं की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। ऐसे में यात्रा की योजना बनाते समय सतर्कता और अपडेट रहना ही सबसे बेहतर विकल्प है।