Jodhpur: 'लेडी डॉन' ने कारोबारी को लगाया 2.45 करोड़ का चूना, मप्र के हेड कांस्टेबल के साथ मिलकर रची साजिश
जोधपुर की चर्चित 'लेडी डॉन' सुमता विश्नोई पर एक कारोबारी से 2.45 करोड़ रुपये की कथित ठगी का आरोप लगा है। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने मध्य प्रदेश के एक हेड कांस्टेबल समेत कई आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
जोधपुर की चर्चित ‘लेडी डॉन’ सुमता विश्नोई एक बार फिर गंभीर आरोपों के घेरे में आ गई है। इस बार उस पर मध्य प्रदेश के एक हेड कांस्टेबल के साथ मिलकर निम्बाहेड़ा के एक मिठाई कारोबारी से करीब 2 करोड़ 45 लाख रुपये की कथित ठगी करने का आरोप लगा है। मामले में जोधपुर पुलिस कमिश्नर शरत कविराज के निर्देश पर प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
जानकारी के अनुसार पीड़ित पर्वत सिंह राजपुरोहित की पहचान मध्य प्रदेश के मनासा थाने में तैनात हेड कांस्टेबल मानवेंद्र सिंह चौहान से हुई थी। आरोप है कि मार्च 2025 में मानवेंद्र ने ही उसकी मुलाकात सुमता विश्नोई से करवाई। सुमता ने खुद को बड़े राजनीतिक और प्रशासनिक संपर्कों वाला प्रभावशाली व्यक्ति बताकर उसका विश्वास जीत लिया। पीड़ित का आरोप है कि सुमता अपने मोबाइल में मंत्रियों और वरिष्ठ अधिकारियों के नाम से नंबर सेव रखती थी। वह उनके सामने फोन कर प्रभावशाली लोगों से बातचीत का नाटक करती थी और दावा करती थी कि किसी का भी काम आसानी से करवा सकती है।
ये भी पढ़ें: राजस्थान: बयाना विधायक रितु बनावत को हाईकोर्ट से राहत, चुनाव याचिका खारिज; समन से बचने पर एक लाख का जुर्माना
शिकायत के अनुसार सुमता ने सांवरियाजी मंदिर ट्रस्ट में प्रसाद का ठेका दिलाने के नाम पर कथित रूप से 1 करोड़ 5 लाख रुपये लिए। इसके बाद पाटीदार समाज के एक युवक की अग्रिम जमानत कराने का भरोसा देकर 1 करोड़ 40 लाख रुपये और वसूल लिए। हालांकि रकम लेने के बावजूद संबंधित युवक को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया जिससे पीड़ित को ठगी का एहसास हुआ।
जब पर्वत सिंह ने अपने पैसे वापस मांगे तो सुमता कथित रूप से टालमटोल करने लगी। पीड़ित का आरोप है कि बाद में उसने धमकी देते हुए कहा कि उसका कोई कुछ नहीं बिगाड़ सकता और गूगल पर उसका नाम सर्च करने की बात कही। साथ ही वह पुलिस अधिकारियों से बातचीत कर अपना प्रभाव दिखाती थी, जिससे पीड़ित कार्रवाई करने से डर गया।
आखिरकार पीड़ित ने जोधपुर पुलिस कमिश्नर से शिकायत की। शिकायत के आधार पर पुलिस ने सुमता विश्नोई, उसके पुत्र मनीष और विनोद, हेड कांस्टेबल मानवेंद्र सिंह तथा अन्य आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस पूरे प्रकरण के सभी पहलुओं की गहनता से जांच कर रही है।