आमतौर पर जनसुनवाई और प्रशासनिक चौपालों में लोग नौकरी, सड़क, बिजली, पानी और राशन जैसी समस्याएं लेकर पहुंचते हैं, लेकिन टीकमगढ़ जिले के कुण्डेश्वर में मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान की चौपाल में एक युवक ने अपनी शादी कराने की गुहार लगाई। 22 वर्षीय शिवम राय की यह फरियाद चर्चा का विषय बन गई है।
जानकारी के मुताबिक, कुण्डेश्वर निवासी शिवम राय ने कलेक्टर विवेक श्रोत्रिय को आवेदन सौंपकर अपनी शादी कराने में मदद मांगी। युवक का कहना है कि उसकी शादी के लिए लड़की वाले आते हैं, लेकिन उसके घर पहुंचने से पहले ही वापस लौट जाते हैं। शिवम ने इसके पीछे मोहल्ले के कुछ लोगों को जिम्मेदार ठहराया है।
पढ़ें: कम बारिश के बीच राहत की खबर, तीन-चार दिन में गिरेगा तापमान, वेधशाला अधीक्षक ने क्या बताया?
मोहल्ले के लोगों पर गलत बातें बताने का आरोप
शिवम का आरोप है कि मोहल्ले के कुछ लोग लड़की वालों को उसके बारे में गलत बातें बताकर गुमराह कर देते हैं। इसके कारण लड़की वाले उससे और उसके परिवार से मिले बिना ही वापस लौट जाते हैं। युवक के मुताबिक, इस तरह की घटनाएं कई बार हो चुकी हैं। इससे परेशान होकर उसने अपनी समस्या प्रशासन के सामने रखी और शादी कराने में मदद की गुहार लगाई।
शिकायत पर प्रशासन के कदम का इंतजार
शिवम की यह फरियाद सामने आने के बाद मामला चर्चा में आ गया है। आम जनसमस्याओं से अलग इस आवेदन ने लोगों का ध्यान खींचा है। हालांकि, युवक की शिकायत पर प्रशासन की ओर से क्या कदम उठाया जाएगा, यह अभी स्पष्ट नहीं है।