जोधपुर: जोजरी नदी में केमिकल बहाने की आशंका, पिकअप में मिला रंग-रसायनों का जखीरा; चालक गिरफ्तार
जोधपुर में जोजरी नदी में केमिकल बहाकर प्रदूषण फैलाने की आशंका के बीच पुलिस ने मोगड़ा पुलिया के पास एक बोलेरो पिकअप को जब्त कर चालक किशनाराम को गिरफ्तार किया है। पिकअप से 120 थान सफेद कपड़ा, 37 रंगाई-छपाई की प्लेटें, अलग-अलग रसायन, इंडो टेक्स के रंगों से भरे ड्रम, 50 किलो एमटीओ ज्वलनशील पदार्थ और 20 किलो नमक जैसा रसायन बरामद हुआ।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
जोजरी नदी में केमिकल बहाकर प्रदूषण फैलाने की आशंका के चलते पुलिस ने अवैध रूप से कपड़ा रंगाई-छपाई का सामान ले जा रही बोलेरो पिकअप को जब्त किया है। पुलिस ने वाहन चालक को भी गिरफ्तार कर लिया। पुलिस आयुक्त अंशुमान भोमिया और डीसीपी पश्चिम कमल शेखावत के निर्देश पर मोगड़ा पुलिया के पास विशेष नाकाबंदी अभियान चलाया गया था। इसी दौरान पुलिस ने संदिग्ध पिकअप को रोककर उसकी जांच की।
पिकअप से कपड़ा और कई तरह के रसायन बरामद
थानाधिकारी भवानी सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने मोगड़ा पुलिया पर संदिग्ध पिकअप को रोका। पूछताछ में सांगरिया निवासी चालक किशनाराम वाहन से जुड़े जरूरी दस्तावेज पेश नहीं कर सका। इसके बाद पुलिस टीम ने पिकअप की गहन तलाशी ली। तलाशी के दौरान वाहन से 120 थान सफेद कपड़ा, रंगाई-छपाई में इस्तेमाल होने वाली 37 प्लेटें और अलग-अलग तरह के रसायन बरामद किए गए। जब्त सामान में इंडो टेक्स कंपनी के पीले और काले रंग से भरे 30 और 50 किलोग्राम क्षमता वाले ड्रम भी शामिल हैं। इसके अलावा पिकअप से 50 किलोग्राम केरोसिन श्रेणी का एमटीओ ज्वलनशील पदार्थ और 20 किलोग्राम नमक जैसा रसायन भी मिला। बड़ी मात्रा में कपड़ा, रंगाई-छपाई की सामग्री और रसायन मिलने के बाद पुलिस ने पूरे सामान को कब्जे में ले लिया।
जरूरी दस्तावेज नहीं मिले, नदी में प्रदूषण की आशंका
पुलिस पूछताछ में चालक किशनाराम ने बताया कि उसके पास केवल कपड़े का बिल है। वह यह पूरा माल पाली के मंडिया रोड स्थित एम.आर. इंटरप्राइजेज ले जा रहा था। हालांकि, उसके पास ई-वे बिल और अन्य जरूरी दस्तावेज नहीं मिले। पुलिस के अनुसार, सामान के साथ जरूरी दस्तावेज नहीं होने और रसायनों को जोजरी नदी में बहाकर प्रदूषण फैलाने की आशंका के चलते कार्रवाई की गई। पुलिस ने भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता की धारा 106(1) के तहत सारा सामान जब्त कर लिया। वहीं बोलेरो पिकअप को मोटर वाहन अधिनियम की धारा 207 के तहत सीज कर दिया गया।
पुलिस टीम ने की कार्रवाई
इस पूरी कार्रवाई में सहायक उपनिरीक्षक सुखदास के साथ कॉन्स्टेबल जगदीश, गोपाल और ओमप्रकाश की विशेष भूमिका रही। पुलिस अब जब्त सामान, उसके परिवहन और उसके संभावित इस्तेमाल को लेकर आगे की जांच कर रही है।