सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Rajasthan ›   Kotputli-Behror News: Robber Poses as Courier Boy, Takes Woman and Child Hostage, Flees with Cash and Jewelry

Kotputli-Behror News: कोरियर बॉय बनकर फ्लैट में घुसा बदमाश, महिला-बच्चे को बंधक बनाकर लाखों की लूट

न्यूज डेस्क, अमर उजाला, कोटपूतली-बहरोड़ Published by: कोटपुतली ब्यूरो Updated Mon, 18 May 2026 10:38 PM IST
विज्ञापन
सार

भिवाड़ी में कोरियर डिलीवरी के बहाने फ्लैट में घुसे बदमाश ने इंजीनियर की पत्नी और बच्चे को बंधक बना लिया और हथियार के दम पर लाखों की लूट के बाद फरार हो गया। पॉश सोसायटी में हुई इस फिल्मी अंदाज की लूट से लोग दहशत में हैं।
 

Kotputli-Behror News: Robber Poses as Courier Boy, Takes Woman and Child Hostage, Flees with Cash and Jewelry
कोरियर बॉय बनकर बंधक बनाया, हथियार दिखाकर की लूट - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार

भिवाड़ी की पॉश सोसायटी में दिनदहाड़े हुई सनसनीखेज लूट की वारदात ने सुरक्षा व्यवस्था की पोल खोल दी। कोरियर बॉय बनकर आए एक बदमाश ने इंजीनियर के फ्लैट में घुसकर महिला और मासूम बच्चे को बंधक बनाया तथा हथियार के दम पर लाखों रुपये के जेवरात और नकदी लूटकर फरार हो गया। घटना के बाद सोसायटी में दहशत का माहौल है, जबकि पुलिस आरोपी की तलाश में जुटी हुई है।


जानकारी के अनुसार आशियाना तरंग सोसायटी के फ्लैट नंबर बी-1/403 में इंजीनियर शुभम सक्सेना परिवार सहित रहते हैं। घटना के समय शुभम अपने कार्यालय गए हुए थे। घर पर उनकी पत्नी अपूर्वा सक्सेना और छोटा बेटा आर्विक मौजूद थे। इसी दौरान एक युवक खुद को कोरियर बॉय बताकर फ्लैट पर पहुंचा।
विज्ञापन
विज्ञापन


बताया जा रहा है कि जैसे ही अपूर्वा ने दरवाजा खोला, युवक ने तुरंत हथियार दिखाकर उन्हें काबू में कर लिया। आरोपी ने महिला के हाथ-पैर बांध दिए और फिर मासूम बच्चे के गले पर चाकू रखकर महिला को धमकाने लगा। बच्चे की जान के डर से महिला पूरी तरह सहम गई। इसी का फायदा उठाकर बदमाश ने घर में रखी नकदी, सोने-चांदी के जेवरात और अन्य कीमती सामान समेट लिया।
विज्ञापन
Trending Videos


घटना का तरीका इतना शातिराना था कि वारदात के दौरान असली कोरियर डिलीवरी बॉय भी फ्लैट पर पहुंच गया। आरोपी ने खुद ही पार्सल रिसीव किया और कोरियर शुल्क के रूप में करीब डेढ़ सौ रुपये देकर किसी प्रकार का शक पैदा नहीं होने दिया। इसके बाद वह आराम से मौके से निकल गया।

घटना की सूचना मिलते ही इंजीनियर शुभम सक्सेना तत्काल घर पहुंचे और पुलिस को जानकारी दी। सूचना पर स्थानीय थाना पुलिस और भिवाड़ी डीएसपी मौके पर पहुंचे। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक ब्रिजेश उपाध्याय भी घटनास्थल पर पहुंचे और जांच शुरू करवाई।

ये भी पढ़ें: Rajasthan News: गिरल माइंस आंदोलन ने पकड़ा जोर, रविंद्र सिंह भाटी का शक्ति प्रदर्शन, 19 मई को विशाल जनसभा

पुलिस ने सोसायटी में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी पहले से पूरी तैयारी और योजना के साथ आया था। पुलिस का मानना है कि उसे पहले से पता था कि फ्लैट पर कोरियर आने वाला है। इसी जानकारी का फायदा उठाकर उसने खुद को डिलीवरी बॉय बताकर घर में प्रवेश किया।

जांच अधिकारियों को आशंका है कि आरोपी ने पहले से सोसायटी और फ्लैट की रेकी की थी। उसे परिवार की दिनचर्या और सुरक्षा व्यवस्था की कमजोरियों की जानकारी थी। पुलिस तकनीकी साक्ष्यों और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपी की पहचान करने में जुटी हुई है। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए अलग-अलग टीमों का गठन किया गया है।

घटना के बाद सोसायटी की सुरक्षा व्यवस्था पर भी गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। पीड़ित शुभम सक्सेना ने आरोप लगाया कि हर महीने करीब 6500 रुपये सुरक्षा और मेंटेनेंस शुल्क देने के बावजूद सोसायटी में सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम नहीं हैं। उनके अनुसार घटना के समय मुख्य गेट पर कोई गार्ड मौजूद नहीं था।

सोसायटी के अन्य निवासियों में भी घटना के बाद भय का माहौल है। लोगों का कहना है कि यदि पॉश सोसायटियों में भी इस तरह दिनदहाड़े वारदात होने लगीं तो आम लोगों की सुरक्षा भगवान भरोसे रह जाएगी। फिलहाल पुलिस लगातार दबिश दे रही है और दावा कर रही है कि जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर पूरे मामले का खुलासा किया जाएगा।
 
विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

एप में पढ़ें

Followed