राजस्थान: कोटपूतली-बहरोड़ में धानुका कंपनी में भीषण आग, आधा दर्जन दमकल गाड़ियां मौके पर; मचा हड़कंप
राजस्थान के कोटपूतली-बहरोड़ जिले के केशवाना औद्योगिक क्षेत्र स्थित धानुका कंपनी में रविवार सुबह करीब नौ बजे भीषण आग लग गई। कंपनी में जैविक खाद और कृषि में इस्तेमाल होने वाली दवाइयों का निर्माण किया जाता है।
विस्तार
राजस्थान के कोटपूतली-बहरोड़ जिले के केशवाना औद्योगिक क्षेत्र में स्थित धानुका कंपनी में रविवार सुबह भीषण आग लगने से हड़कंप मच गया। आग की लपटें उठती देख कंपनी परिसर में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। सूचना मिलते ही दमकल विभाग की आधा दर्जन गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग बुझाने का काम शुरू किया। प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी भी घटनास्थल पर मौजूद हैं और हालात पर नजर बनाए हुए हैं।
सुबह करीब नौ बजे मिली आग लगने की सूचना
जानकारी के अनुसार, केशवाना औद्योगिक क्षेत्र स्थित धानुका कंपनी में रविवार सुबह अचानक आग लग गई। इस कंपनी में जैविक खाद और कृषि में इस्तेमाल होने वाली दवाइयों का निर्माण किया जाता है। औद्योगिक इकाई में आग लगने की सूचना से आसपास के क्षेत्र में भी हलचल मच गई। आग की गंभीरता को देखते हुए दमकल विभाग को सूचना दी गई, जिसके बाद आधा दर्जन दमकल गाड़ियां मौके पर पहुंचीं।
दमकलकर्मी मेघराज ने बताया कि सुबह करीब नौ बजे कंट्रोल रूम से फोन के जरिए केशवाना औद्योगिक क्षेत्र स्थित धानुका कंपनी में आग लगने की सूचना मिली थी। इसके बाद नीमराना, बहरोड़, सोतानाला और कोटपूतली से दमकल की गाड़ियां मौके पर भेजी गईं। दमकलकर्मी आग पर काबू पाने के लिए लगातार प्रयास कर रहे हैं। आग बुझाने के दौरान स्थिति पर नजर रखी जा रही है। वहीं, प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी भी मौके पर मौजूद रहकर राहत एवं बचाव कार्यों की निगरानी कर रहे हैं।
आग लगने के कारणों का पता नहीं
फिलहाल कंपनी में आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया है। आग पर पूरी तरह काबू पाने के बाद ही नुकसान का आकलन किया जा सकेगा। कंपनी में जैविक खाद और कृषि में इस्तेमाल होने वाली दवाइयों का निर्माण होने के कारण आग की स्थिति को गंभीरता से लिया जा रहा है।
नुकसान और कर्मचारियों की संख्या की जानकारी का इंतजार
फिलहाल दमकल विभाग की टीमें आग बुझाने में जुटी हुई हैं और प्रशासन पूरे घटनाक्रम पर नजर बनाए हुए है। आग से कितना नुकसान हुआ है और घटना के समय कंपनी में कितने कर्मचारी मौजूद थे, इसकी जानकारी अभी सामने नहीं आई है। आग पर काबू पाने के बाद ही इन पहलुओं की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।