{"_id":"6a840a44116b492902072b0c","slug":"truck-pickup-crash-at-bagawas-pulia-both-vehicles-fall-below-bridge-truck-catches-fire-kotputli-behror-news-c-1-1-noi1440-4623430-2026-08-18","type":"story","status":"publish","title_hn":"Kotputli-Behror News: बागावास पुलिया पर भीषण सड़क हादसा, ट्रक-पिकअप नीचे गिरे; ट्रक में लगी भीषण आग","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
Kotputli-Behror News: बागावास पुलिया पर भीषण सड़क हादसा, ट्रक-पिकअप नीचे गिरे; ट्रक में लगी भीषण आग
Tue, 18 Aug 2026 02:42 PM IST
कोटपुतली ब्यूरो
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, कोटपूतली-बहरोड़
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, कोटपूतली-बहरोड़
Published by: कोटपुतली ब्यूरो
Updated Tue, 18 Aug 2026 02:42 PM IST
विज्ञापन
ट्रक में लगी भीषण आग
- फोटो : अमर उजाला
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
एनएच-48 पर बागावास अहिरान पुलिया के पास मंगलवार तड़के एक भीषण सड़क हादसा हो गया। ट्रक की पीछे से पिकअप में हुई जोरदार टक्कर के बाद दोनों वाहन अनियंत्रित होकर पुलिया से नीचे सर्विस रोड पर जा गिरे। हादसे में पिकअप चालक वाहन में फंस गया, जिसे पुलिसकर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया। हादसे के बाद क्षतिग्रस्त वाहनों को हटाने के दौरान ट्रक में अचानक आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया और ट्रक धू-धू कर जलने लगा।
विज्ञापन
पीछे से ट्रक ने मारी पिकअप को टक्कर
पुलिस के अनुसार हादसा मंगलवार सुबह करीब पांच बजे बागावास अहिरान पुलिया के पास हुआ। बताया जा रहा है कि ट्रक ने आगे चल रही पिकअप को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों वाहन नियंत्रण खो बैठे और पुलिया से नीचे सर्विस रोड पर जा गिरे। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार और अफरा-तफरी का माहौल हो गया। पिकअप चालक टक्कर के बाद वाहन के अंदर फंस गया था। सूचना मिलने पर पुलिस जाप्ता मौके पर पहुंचा और चालक को वाहन से बाहर निकाला। घायल चालक को तत्काल पावटा उप जिला अस्पताल पहुंचाया गया। वहीं ट्रक चालक हादसे के बाद मौके से फरार हो गया। पुलिस उसकी तलाश में जुटी है।
विज्ञापन
क्रेन से वाहन हटाते समय ट्रक में लगी आग
हादसे के बाद सड़क किनारे क्षतिग्रस्त पड़े वाहनों को हटाने के लिए क्रेन की मदद ली जा रही थी। बाभरू थाना अधिकारी प्रदीप सिंह के अनुसार, क्रेन से वाहनों को साइड में करने के दौरान घर्षण हुआ। इसी दौरान ट्रक में मौजूद केमिकल ने आग पकड़ ली। कुछ ही देर में आग तेजी से फैल गई और ट्रक से ऊंची-ऊंची लपटें उठने लगीं। ट्रक में आग लगने की सूचना तत्काल दमकल विभाग को दी गई। आग की भयावहता को देखते हुए आसपास के क्षेत्रों से दमकल वाहनों को मौके पर बुलाया गया।
विज्ञापन
तीन दमकलों ने ढाई घंटे तक किया आग बुझाने का प्रयास
फायरमैन दीपक जाट, विकास सेन और नथूराम जाट के अनुसार दमकल विभाग को आग लगने की सूचना करीब 5:23 बजे मिली। सूचना मिलते ही कोटपूतली, पावटा और शाहपुरा से दमकल की तीन गाड़ियां मौके के लिए रवाना की गईं। दमकलकर्मियों ने मौके पर पहुंचकर आग बुझाने का काम शुरू किया। ट्रक में केमिकल होने के कारण आग पर काबू पाने में काफी मशक्कत करनी पड़ी। करीब ढाई घंटे तक दमकलकर्मी आग पर काबू पाने के प्रयास में जुटे रहे। आग के कारण ट्रक का काफी हिस्सा जल गया। हादसे के बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति संभाली और यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखा।
हादसे के कारणों की जांच में जुटी पुलिस
हादसे के बाद कुछ समय के लिए मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को हटवाकर यातायात व्यवस्था संभाली। फिलहाल एनएच-48 पर यातायात सुचारू रूप से जारी है। पुलिस ने हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार ट्रक चालक द्वारा पिकअप को पीछे से टक्कर मारने की बात सामने आई है। पुलिस फरार ट्रक चालक की तलाश के साथ ही हादसे के पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है।