फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Himachal Pradesh ›   Nahan: Administration takes charge to restore peace; key meeting held between both communities

नाहन: शांति बहाली के लिए प्रशासन ने संभाला मोर्चा, दोनों समुदायों की हुई अहम बैठक

Sat, 24 Oct 2026 04:19 PM IST
Krishan Singh संवाद न्यूज एजेंसी, नाहन ।
संवाद न्यूज एजेंसी, नाहन । Published by: Krishan Singh Updated Sat, 24 Oct 2026 04:19 PM IST
सार

बैठक में दोनों पक्षों ने विवाद को पीछे छोड़कर शांति व्यवस्था बनाए रखने और प्रशासन को सहयोग देने की बात कही। हालांकि, स्थिति की संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस प्रशासन ने प्रभावित क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी रखी है। 

विज्ञापन
Nahan: Administration takes charge to restore peace; key meeting held between both communities
शांति बहाली के लिए प्रशासन ने संभाला मोर्चा। - फोटो : संवाद

विस्तार

नाहन शहर में शुक्रवार को गेट लगाने को लेकर दो समुदायों के बीच हुए हिंसक टकराव के बाद शनिवार को प्रशासन ने शांति बहाली के प्रयास तेज कर दिए। दोनों समुदायों के प्रतिनिधियों और प्रबुद्ध नागरिकों के साथ अहम बैठक कर शहर में अमन-चैन और आपसी भाईचारा बनाए रखने की अपील की गई। बैठक में दोनों पक्षों ने विवाद को पीछे छोड़कर शांति व्यवस्था बनाए रखने और प्रशासन को सहयोग देने की बात कही। हालांकि, स्थिति की संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस प्रशासन ने प्रभावित क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी रखी है। दोनों मोहल्लों में भारी पुलिस बल तैनात करने के साथ लगातार गश्त की जा रही है। गौरतलब है कि शुक्रवार को गेट स्थापित करने को लेकर शुरू हुआ विवाद देखते ही देखते हिंसक झड़प में बदल गया था। दोनों पक्षों के बीच कई घंटों तक तनाव और संघर्ष की स्थिति बनी रही। हालात पर काबू पाने के लिए पुलिस को काफी मशक्कत करनी पडी थी। इसके बाद से क्षेत्र में तनाव का माहौल बना है। घटना के बाद शनिवार को प्रशासन ने दोनों समुदायों के प्रतिनिधियों को एक साथ बैठाकर आपसी संवाद के माध्यम से स्थिति सामान्य बनाने की पहल की।

विज्ञापन

Trending Videos

दोनों समुदायों ने की शांति बनाए रखने की अपील
वाल्मीकि समुदाय के विजय चोरियां और वार्ड नंबर 12 के पार्षद प्रदीप सहोत्रा ने बताया कि शुक्रवार को हुई घटना के बाद प्रशासन ने शनिवार को महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की। इसमें दोनों समुदायों के प्रतिनिधियों और प्रबुद्ध नागरिकों ने भाग लिया। बैठक में शहर में शांति, सौहार्द और भाईचारा बनाए रखने पर जोर दिया गया। दोनों पक्षों ने भरोसा दिलाया कि कानून व्यवस्था बनाए रखने में प्रशासन का सहयोग किया जाएगा। उन्होंने लोगों से आपसी सद्भाव बनाए रखने और स्थिति को सामान्य करने में जिम्मेदारी निभाने की अपील की।

विज्ञापन
विज्ञापन

मिल-बैठकर सुलझाए जाएंगे मामले : गुरविंदर सिंह
सिख समुदाय के प्रतिनिधि गुरविंदर सिंह ने कहा कि नाहन शहर हमेशा से आपसी भाईचारे और धार्मिक सौहार्द के लिए जाना जाता रहा है। यहां सभी धर्मों के लोग एक-दूसरे के त्योहार और जयंती मिल-जुलकर मनाते हैं। शुक्रवार को हुई घटना दुर्भाग्यपूर्ण थी। उन्होंने कहा कि बीती घटना को पीछे छोड़कर दोनों समुदायों को आपसी बातचीत के माध्यम से मामलों का समाधान करना चाहिए। भविष्य में शांति और भाईचारा कायम रखने के लिए सभी को एक-दूसरे का सहयोग करना होगा।

विज्ञापन

नाहन की पहचान आपसी भाईचारा : अजय सोलंकी
नाहन के विधायक अजय सोलंकी ने दोनों समुदायों के बीच हुई झड़प पर गहरा दुख जताया। उन्होंने शहरवासियों से शांति और धैर्य बनाए रखने की अपील करते हुए कहा कि नाहन हमेशा से आपसी भाईचारे, अमन और कौमी एकता की मिसाल रहा है। दोनों समुदायों के बीच शुक्रवार को जो कुछ हुआ, वह बेहद दुखद है। उन्होंने लोगों से किसी भी तरह की अफवाहों पर ध्यान न देने और शहर की ऐतिहासिक सौहार्दपूर्ण परंपरा को कायम रखने का आग्रह किया। विधायक ने कहा कि सभी लोगों को मिल-जुलकर स्थिति सामान्य बनाने में सहयोग करना चाहिए।

नाहन हिंसा पर पुलिस का शिकंजा, सात धाराओं में केस दर्ज
नाहन में महर्षि वाल्मीकि चौक के साथ स्वागत द्वार लगाने को लेकर शुक्रवार को हुए हिंसक घटनाक्रम के बाद पुलिस ने कड़ी कानूनी कार्रवाई करते हुए मामला दर्ज कर लिया है। दो पक्षों के बीच हुई पत्थरबाजी, पुलिस कर्मियों पर हमले, सरकारी और निजी वाहनों को नुकसान पहुंचाने तथा विवाद शांत करवाने पहुंचे तहसीलदार की सरकारी गाड़ी में तोड़फोड़ के मामले में पुलिस थाना नाहन में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की विभिन्न धाराओं और सार्वजनिक संपत्ति नुकसान निवारण अधिनियम के तहत अभियोग दर्ज किया गया है। पुलिस अब घटनाक्रम में शामिल लोगों की पहचान कर आगामी कार्रवाई में जुटी है। एएसपी नरेंद्र कुमार ने बताया कि शुक्रवार दोपहर करीब 12:15 बजे पुलिस चौकी कच्चा टैंक को वाल्मीकि चौक पर गेट लगाने को लेकर विवाद होने की सूचना मिली थी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची। वहां गोविंदगढ़ मोहल्ले के कुछ लोग वाल्मीकि चौक से दिल्ली गेट की ओर जाने वाली मुख्य सड़क पर स्वागत द्वार लगाने का कार्य कर रहे थे, जिसका वाल्मीकि बस्ती के लोग विरोध कर रहे थे। इसी बात को लेकर दोनों पक्षों में कहासुनी और गाली-गलौच हुई, जिसके बाद स्थिति तनावपूर्ण हो गई। एएसपी के अनुसार, थाना प्रभारी नाहन और अन्य पुलिस कर्मियों ने मौके पर पहुंचकर दोनों पक्षों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन विवाद बढ़ गया और दोनों पक्षों की ओर से ईंट-पत्थरों तथा कांच की बोतलों से पथराव शुरू हो गया।

बीच-बचाव के दौरान उग्र भीड़ ने पुलिस कर्मियों पर भी हमला किया, जिसमें कुछ पुलिस अधिकारियों और कर्मियों को चोटें आईं। इस दौरान घटनास्थल पर खड़े सरकारी और निजी वाहनों को भी नुकसान पहुंचाया गया। विवाद को शांत करवाने के लिए मौके पर पहुंचे तहसीलदार नाहन की सरकारी गाड़ी का रास्ता रोककर उस पर पथराव किया गया और डंडों से तोड़फोड़ की गई। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया। क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस लगातार गश्त कर रही है। पुलिस थाना नाहन में बीएनएस की धारा 191(2), 191(3), 190, 132, 121(1), 324(4) और सार्वजनिक संपत्ति नुकसान निवारण अधिनियम की धारा 3 के तहत अभियोग दर्ज किया गया है। इन धाराओं में बलवा, गैरकानूनी जमावड़े के सदस्यों की जिम्मेदारी, सरकारी कर्मचारियों के कर्तव्य में बाधा डालने के लिए हमला तथा संपत्ति को नुकसान पहुंचाने जैसे आरोपों से संबंधित प्रावधान शामिल हैं। पुलिस मामले की जांच कर रही है और उपद्रव में शामिल लोगों की पहचान की जा रही है। सिरमौर पुलिस ने लोगों से शांति बनाए रखने और अफवाहों पर ध्यान नहीं देने की अपील की है। एएसपी ने स्पष्ट किया है कि कानून-व्यवस्था बिगाड़ने वालों के खिलाफ नियमानुसार सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed