सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Himachal Pradesh ›   President Draupadi Murmu on a four-day visit to Himachal from today

Shimla: शिमला पहुंचीं राष्ट्रपति मुर्मू, देशवासियों से पर्यटन स्थलों को स्वच्छ और सुंदर बनाए रखने का आग्रह

अमर उजाला ब्यूरो, शिमला Published by: Krishan Singh Updated Tue, 18 Apr 2023 09:57 PM IST
विज्ञापन
सार

 मशोबरा स्थित कल्याणी हेलीपैड पर राज्यपाल शिव प्रताप शुक्ल और मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने राष्ट्रपति का स्वागत किया  राष्ट्रपति मुर्मू के साथ उनके परिजन भी उपस्थित रहे। शाम के समय मुर्मू का राजभवन शिमला में अभिनंदन कार्यक्रम रखा गया।

President Draupadi Murmu on a four-day visit to Himachal from today
शिमला पहुंचीं राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू अपने चार दिवसीय प्रवास के लिए मंगलवार को शिमला पहुंचीं। मशोबरा स्थित कल्याणी हेलीपैड पर राज्यपाल शिव प्रताप शुक्ल और मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने राष्ट्रपति का स्वागत किया। राष्ट्रपति मुर्मू के साथ उनके परिजन भी उपस्थित रहे। शाम के समय मुर्मू का राजभवन शिमला में अभिनंदन कार्यक्रम रखा गया। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने राजभवन में संबोधन के दौरान कहा कि वह पूरे देशवासियों से आग्रह करती हैं कि अनगिनत सुंदर, अद्भुत पर्यटन स्थलों काे स्वच्छ व सुंदर बनाएं और ईको टूरिज्म को बढ़ावा दें। देश के अन्य राज्यों को हिमाचल प्रदेश ने कई क्षेत्रों में राह दिखाई है। निस्संदेह इसका श्रेय यहां की कर्मठ और ईमानदार जनता की दृढ़ इच्छाशक्ति और मेहनत को जाता है। हिमाचल प्रदेश पर्यटकों के लिए प्रमुख आकर्षण है। मुर्मू ने राजभवन में हुए अभिनंदन समारोह में कहा कि गत वर्ष वह राष्ट्रपति पद की प्रत्याशी के रूप में आईं थीं।

Trending Videos


भारत के प्राचीनतम ग्रंथों में सतलुज और ब्यास नदियों का विशेष उल्लेख है। यह पर्वतीय क्षेत्र एक तपोभूमि है। भारत की शक्तिपीठों में से अनेक इस राज्य में हैं। उनकी प्रार्थना है कि शक्तिस्वरूपा देवी की कृपा सभी देशवासियों पर बनी रहे। हिमाचल प्राकृतिक सुंदरता और आध्यात्मिकता के बल पर दूर-दूर से लोगों को आकर्षित करता रहा है। शिमला और कुल्लू-मनाली गर्मियों की छुट्टियों में फेवरेट डेस्टिनेशन के तौर पर प्रसिद्ध हैं। राष्ट्रपति ने कहा कि प्रदेश के हर गांव के युवा सेना में सेवाएं प्रदान करते रहे हैं। इसलिए हिमाचल को देवभूमि के साथ-साथ वीरभूमि भी कहा जाता है। वह इस प्रदेश की माताओं को भी प्रणाम करती हैं। इसी धरती के वीर सपूत मेजर सोमनाथ शर्मा को देश के लिए सर्वाेच्च बलिदान के लिए मात्र 24 साल की छोटी सी आयु में वीरगति होने पर देश के प्रथम परमवीर चक्र से सम्मानित किया गया।
विज्ञापन
विज्ञापन


उनके बाद कर्नल डीएस थापा, कैप्टन विक्रम बत्रा और राइफलमैन संजय कुमार को भी उनके अप्रतिम शौर्य के लिए परमवीर चक्र मिला। वह अटल बिहारी वाजपेयी का स्मरण करती हैं कि उनके नाम से यहां आधुनिक तकनीक से अटल टनल का निर्माण किया गया है। इससे पहले कल्याणी हैलीपैड पर उनके स्वागत के लिए विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया, राष्ट्रपति के दौरे के लिए मिनिस्टर-इन-वेटिंग शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर, आरट्रैक से लेफ्टिनेंट जनरल जेएस संधू, मुख्य सचिव प्रबोध सक्सेना, पुलिस महानिदेशक संजय कुंडू, सचिव सामान्य प्रशासन भरत खेड़ा आदि उपस्थित रहे।

राष्ट्रपति एचपीयू के दीक्षांत समारोह में जाएंगी
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू बुधवार को हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय (एचपीयू) के दीक्षांत समारोह में जाएंगी। बुधवार को भारतीय लेखा परीक्षा अकादमी में भी दीक्षांत समारोह होगा। वीरवार को राष्ट्रपति आवास रिट्रीट शिमला में ऐट होम होगा। वह भारतीय उच्च अध्ययन संस्थान भी जा सकती हैं। शुक्रवार को वह शिमला से नई दिल्ली के लिए रवाना होंगी।


राष्ट्रपति मुर्मू ने राजभवन परिसर में रोपा बुरांस का पौधा
प्रदेश के चार दिवसीय प्रवास पर पहुंची राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के सम्मान में मंगलवार शाम को राजभवन में राज्य सरकार की ओर से नागरिक अभिनंदन समारोह के  दौरान राष्ट्रपति ने राजभवन परिसर में बुरांस का पौधा भी रोपित किया। राज्यपाल शिव प्रताप शुक्ल ने अपने स्वागत संबोधन में कहा कि राष्ट्रपति का जीवन हम सभी के लिए प्रेरणादायी है। समाज कल्याण और शिक्षा के क्षेत्र और विशेष तौर पर नवाचार को बढ़ावा देने में उनके प्रयास अतुलनीय हैं। सार्वजनिक जीवन में उनका अनुभव हम सभी का मार्गदर्शन करने में सहायक है। उन्होंने कहा कि वर्ष 1948 से वर्तमान तक हिमाचल प्रदेश की यात्रा सत्त विकास और सामाजिक उत्थान का एक उत्कृष्ट उदाहरण है। राज्यपाल ने प्रदेश के साधारण, भोले-भाले और कर्मठ लोगों की सराहना करते हुए कहा कि यहां के लोग अपनी परंपराओं और संस्कृति से गहरे से जुड़े हैं। उन्होंने कहा कि अपनी संस्कृति से जुड़े रहना और इसे संरक्षित रखते हुए आगामी पीढ़ियों को इससे परिचित करवाना एक बड़ी उपलब्धि है। हिमाचल प्रदेश के प्रत्येक क्षेत्र की अपनी अलग गाथा है और इनमें यहां की वीरता, संस्कृति और परंपराओं तथा अद्भुत प्राकृतिक सुंदरता का उल्लेख है।

मुख्यमंत्री सुक्खू ने गिनाई सरकार की योजनाएं
मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने हिमाचल प्रदेश के अपने पहले प्रवास पर पहुंची राष्ट्रपति का स्वागत करते हुए सरकार की योजनाओं को गिनाया। उन्होंने कहा कि समाज के पिछड़े और कमज़ोर वर्गों के उत्थान के लिए उनके निरंतर प्रयास हम सभी के लिए प्रेरक हैं। सुक्खू ने कहा कि वर्तमान प्रदेश सरकार ने मात्र चार माह पहले ही कार्यभार संभाला है। इस छोटी सी अवधि में नवाचारों के माध्यम से अनेक महत्वाकांक्षी कदम उठाए हैं। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ने लगभग 6000 अनाथ बच्चों को ‘चिल्ड्रन ऑफ द स्टेट’ के रूप में अपनाया है और निराश्रितों को लाभान्वित करने के लिए मुख्यमंत्री सुख-आश्रय कोष का गठन किया गया है। सरकार ने विधवा एवं एकल नारियों को गृह निर्माण के लिए वित्तीय सहायता उपलब्ध करवाने की पहल की है। हिमाचल प्रदेश को मार्च 2026 तक हरित ऊर्जा राज्य बनाने के लिए कृतसंकल्प है। जिला कांगड़ा को पर्यटन राजधानी के रूप में विकसित करने का निर्णय लिया है। मुख्यमंत्री ने मशोबरा स्थित राष्ट्रपति के आधिकारिक आवास प्रेसिडेंशियल रिट्रीट को आम लोगों के लिए खोलने पर राष्ट्रपति का आभार भी व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि देश भर से आने वाले लोग अब यहां स्थित राष्ट्रपति निवास का भ्रमण कर सकेंगे तथा इस ऐतिहासिक धरोहर की मनमोहक सुंदरता का लुत्फ उठा सकेंगे।

यह गणमान्य लोग रहे मौजूद
नागरिक अभिनंदन समारोह में हिमाचल प्रदेश विधानसभा के अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया, हिमाचल प्रदेश उच्च न्यायालय की कार्यवाहक मुख्य न्यायाधीश न्यायमूर्ति सबीना, प्रदेश मंत्रिमंडल के सदस्यगण, मुख्यमंत्री के राजनीतिक सलाहकार सुनील शर्मा, मुख्यमंत्री के प्रधान सलाहकार (मीडिया) नरेश चौहान, विधायकगण, मुख्य सचिव प्रबोध सक्सेना, पुलिस महानिदेशक संजय कुंडू, मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव भरत खेड़ा, विभिन्न प्रधान सचिव, सेना व नागरिक प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी और अन्य गणमान्य व्यक्ति इस अवसर पर मौजूद रहे।

राष्ट्रपति शिमला में, हिमाचल के बार्डर एरिया सील
 राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू 21 अप्रैल तक शिमला में रहेगी। उनके आगमन के चलते हिमाचल में सुरक्षा व्यवस्था चाक चौबंद की गई है। हिमाचल के बार्डर एरिया को सील किया गया है। चेकिंग के बाद ही वाहनों को प्रवेश दिया जा रहा है। हिमाचल के बार्डर एरिया परवाणू, पांवटा, ऊना, कांगड़ा, चंबा के अलावा चीन की सीमा से सटे क्षेत्र में अतिरिक्त बल तैनात कर रखा है।
 

विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

एप में पढ़ें

Followed