सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Sports ›   Ashish Tani Purti hat-trick powers India to gold in Mens U18 Asia Cup PM Modi congratulates

U-18 Asia Cup: आशीष की हैट्रिक से भारत बना विजेता, एशिया कप में टीम की स्वर्णिम जीत को पीएम मोदी ने सराहा

स्पोर्ट्स डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली Published by: मयंक त्रिपाठी Updated Sat, 06 Jun 2026 08:14 PM IST
विज्ञापन
सार

भारतीय अंडर-18 हॉकी पुरुष टीम ने शनिवार को खेले गए फाइनल मुकाबले में जापान को हराकर 'अंडर-18 एशिया कप 2026' का खिताब जीता। भारतीय टीम ने जापान को 4-1 से हराकर स्वर्ण पदक पर कब्जा किया। पीएम मोदी ने भी इस जीत को सराहा।

Ashish Tani Purti hat-trick powers India to gold in Mens U18 Asia Cup PM Modi congratulates
भारतीय टीम ने जीता सोना - फोटो : IANS
विज्ञापन

विस्तार

भारतीय पुरुष अंडर-18 हॉकी टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए मेजबान जापान को 4-1 से हराकर पुरुष अंडर-18 एशिया कप 2026 का खिताब अपने नाम कर लिया। फाइनल मुकाबले में आशीष तानी पूर्ति ने हैट्रिक लगाकर भारत की जीत के नायक बने। इस स्वर्णिम सफलता पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने टीम को बधाई देते हुए इसे भारतीय युवाओं में हॉकी की बढ़ती लोकप्रियता और प्रतिभा का प्रतीक बताया।


जापान के काकामिगाहारा में शनिवार को खेले गए फाइनल में भारत ने शुरुआत से ही दबदबा बनाए रखा। मैच के दूसरे मिनट में मिले पेनल्टी कॉर्नर को आशीष तानी पूर्ति ने गोल में बदलकर भारत को शुरुआती बढ़त दिलाई। इसके बाद दूसरे क्वार्टर में उन्होंने 28वें मिनट में दूसरा गोल दागा, जबकि कप्तान केतन कुशवाहा ने 30वें मिनट में गोल कर स्कोर 3-0 कर दिया।
विज्ञापन
विज्ञापन


तीसरे क्वार्टर में भारत ने अपना आक्रामक खेल जारी रखा और 34वें मिनट में आशीष तानी पूर्ति ने अपना तीसरा गोल कर हैट्रिक पूरी की। इसके साथ ही भारत ने 4-0 की मजबूत बढ़त बना ली। जापान के लिए 52वें मिनट में नुमादा गाकू ने पेनल्टी स्ट्रोक पर एकमात्र गोल किया, लेकिन भारतीय रक्षा पंक्ति ने इसके बाद कोई मौका नहीं दिया और मुकाबला 4-1 से जीतकर खिताब अपने नाम कर लिया।
विज्ञापन
Trending Videos


आशीष बने 'प्लेयर ऑफ द मैच', टूर्नामेंट के शीर्ष स्कोरर भी
फाइनल में शानदार प्रदर्शन के लिए आशीष तानी पूर्ति को 'प्लेयर ऑफ द मैच' चुना गया। उन्होंने पूरे टूर्नामेंट में 13 गोल दागकर शीर्ष स्कोरर का सम्मान भी हासिल किया। वहीं भारतीय गोलकीपर आयुष रजक को टूर्नामेंट का सर्वश्रेष्ठ गोलकीपर चुना गया।

महिला टीम ने भी जीता कांस्य पदक
भारत के लिए यह टूर्नामेंट और भी खास रहा क्योंकि भारतीय महिला अंडर-18 हॉकी टीम ने कांस्य पदक मुकाबले में कोरिया को 3-0 से हराकर तीसरा स्थान हासिल किया। महिला वर्ग में भारत की नौशीन नाज 12 गोल के साथ टूर्नामेंट की शीर्ष स्कोरर रहीं।

पीएम मोदी ने दी बधाई
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भारतीय पुरुष टीम को बधाई देते हुए लिखा, 'भारतीय पुरुष अंडर-18 हॉकी टीम को अंडर-18 एशिया कप 2026 जीतने पर बधाई। टीम ने पूरे टूर्नामेंट में शानदार कौशल और टीमवर्क का प्रदर्शन किया, जिसका परिणाम फाइनल में यादगार जीत के रूप में सामने आया। यह उपलब्धि हमारे युवाओं के बीच हॉकी की बढ़ती लोकप्रियता को भी दर्शाती है।'

महिला टीम को बधाई देते हुए प्रधानमंत्री ने कहा, 'भारतीय महिला अंडर-18 हॉकी टीम को अंडर-18 एशिया कप 2026 में कांस्य पदक जीतने पर हार्दिक शुभकामनाएं। टीम ने पूरे टूर्नामेंट में शानदार जज्बा दिखाया। यह सफलता भारत में महिला हॉकी की बढ़ती ताकत और खिलाड़ियों की असाधारण क्षमता का प्रमाण है।'

हॉकी इंडिया ने घोषित किए नकद पुरस्कार
भारतीय टीमों के उत्कृष्ट प्रदर्शन को सम्मानित करते हुए हॉकी इंडिया ने नकद पुरस्कारों की घोषणा की है। स्वर्ण पदक जीतने वाली पुरुष अंडर-18 टीम के प्रत्येक खिलाड़ी को तीन लाख रुपये तथा सहयोगी स्टाफ के प्रत्येक सदस्य को 1.5 लाख रुपये दिए जाएंगे। वहीं, कांस्य पदक जीतने वाली महिला अंडर-18 टीम की प्रत्येक खिलाड़ी को एक लाख रुपये और सहयोगी स्टाफ के प्रत्येक सदस्य को 50 हजार रुपये का पुरस्कार दिया जाएगा। भारत के लिए पुरुष और महिला दोनों वर्गों में मिला यह शानदार प्रदर्शन देश में हॉकी के उज्ज्वल भविष्य का संकेत माना जा रहा है।
विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all Sports news in Hindi related to live update of Sports News, live scores and more cricket news etc. Stay updated with us for all breaking news from Sports and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

एप में पढ़ें

Followed