मैदान पर टक्कर के बाद फुटबॉलर की मौत: गोलकीपर ने तोड़ी चुप्पी; कहा- धमकियां मिलीं, इंस्टाग्राम अकाउंट किया बंद
स्पेन में एफसी एंडोरा और टेनेरिफ के बीच मुकाबले के दौरान गोलकीपर जीसस ओवोनो से टक्कर के बाद टेनेरिफ के फॉरवर्ड जीसस डी मिगुएल की मौत हो गई। घटना के बाद ऑनलाइन दुर्व्यवहार का सामना कर रहे ओवोनो ने इंस्टाग्राम अकाउंट बंद कर दिया था। अब उन्होंने इसे अपनी जिंदगी का सबसे मुश्किल दौर बताया है। मामले की पुलिस जांच जारी है।
विस्तार
स्पेनिश फुटबॉल में एक दर्दनाक हादसे के बाद एफसी एंडोरा के गोलकीपर जीसस ओवोनो ने पहली बार सार्वजनिक रूप से अपनी बात रखी है। उनके साथ मैदान पर हुई टक्कर के बाद टेनेरिफ के फॉरवर्ड जीसस डी मिगुएल की मौत हो गई थी। इस घटना के बाद ओवोनो को सोशल मीडिया पर काफी आलोचना और दुर्व्यवहार का सामना करना पड़ा। कुछ लोगों ने उन्हें 'हत्यारा' तक कह दिया, जिसके बाद उन्होंने अपना इंस्टाग्राम अकाउंट भी बंद कर दिया। अब ओवोनो ने कहा है कि यह उनकी जिंदगी का सबसे मुश्किल दौर है और उनका पूरा ध्यान दिवंगत खिलाड़ी के परिवार के दर्द पर है।
यह घटना सोमवार को स्पेनिश फुटबॉल के दूसरे डिवीजन में एफसी एंडोरा और टेनेरिफ के बीच खेले गए मुकाबले में हुई थी। मैच के इंजरी टाइम में दोनों टीमें 2-2 की बराबरी पर थीं। इसी दौरान गोलकीपर ओवोनो और टेनेरिफ के फॉरवर्ड जीसस डी मिगुएल के बीच टक्कर हो गई।
इस घटना के बाद डी मिगुएल को कार्डियक अरेस्ट आया और उन्हें अस्पताल ले जाया गया। उन्हें आईसीयू में भर्ती कराया गया, लेकिन मंगलवार सुबह 30 साल की उम्र में उनका निधन हो गया। इस घटना के बाद स्पेनिश फुटबॉल जगत में शोक की लहर फैल गई। टक्कर के बाद ओवोनो को रेड कार्ड भी दिखाया गया था।
एफसी एंडोरा की ओर से बुधवार को जारी बयान में 25 वर्षीय ओवोनो ने इस घटना पर दुख जताया। इक्वेटोरियल गिनी के इस अंतरराष्ट्रीय गोलकीपर ने कहा कि उनके पास इस दुख को बयां करने के लिए शब्द नहीं हैं। उन्होंने कहा, 'ये मेरी जिंदगी के सबसे मुश्किल दिन हैं। मुझे समझ नहीं आ रहा कि क्या कहूं और जो कुछ हुआ है, उसे स्वीकार करना मेरे लिए बहुत मुश्किल है। जीसस को खोने का मुझे बेहद दुख है। मेरी संवेदनाएं उनके परिवार और उनसे प्यार करने वाले सभी लोगों के साथ हैं। अभी मैं किसी और चीज के बारे में नहीं सोच सकता। मेरे मन में सिर्फ जीसस और इस दुख को लेकर विचार हैं। उनकी आत्मा को शांति मिले।'
**BREAKING: CD Tenerife confirms striker Jesús de Miguel has died at 30.** The forward collapsed in stoppage time of Monday’s 2-2 draw with FC Andorra after a heavy collision with goalkeeper Jesús Owono near the halfway line. Owono was sent off and the match was abandoned. De Miguel suffered a cardiac arrest, was resuscitated in the ambulance, but his condition deteriorated overnight. He passed away at 8:00 a.m. local time on Tuesday at Hospital Nuestra Señora de Candelaria. Club statement: “Rotos de dolor… No hay palabras de consuelo.” The family has asked for privacy. Rest in peace, Jesús. 🖤 #RIPJesusDeMiguel #CDTenerife https://t.co/B9bCk1e7QV
— Aarushi Sharma 🇮🇳🇮🇳 (@aarushisharmaX) November 3, 2026
घटना के बाद ओवोनो को सोशल मीडिया पर निशाना बनाया गया था। ऑनलाइन दुर्व्यवहार के बीच उन्होंने अपना इंस्टाग्राम अकाउंट निष्क्रिय कर दिया। वहीं, उनके साथी खिलाड़ी लुटारो स्पैट्ज ने उनका बचाव किया। उन्होंने कहा कि ओवोनो इस घटना से बेहद प्रभावित हैं और वह कभी जानबूझकर किसी को चोट नहीं पहुंचा सकते।
स्पैट्ज ने लिखा, 'जो लोग उन्हें जानते हैं, वे जानते हैं कि वह किस तरह के इंसान हैं और इस समय कितना दर्द झेल रहे हैं। वह कभी जानबूझकर किसी को चोट नहीं पहुंचाएंगे। फुटबॉल में दुर्भाग्यपूर्ण घटनाएं हो सकती हैं, लेकिन कोई कल्पना भी नहीं कर सकता कि उनका अंत इतने दुखद तरीके से होगा।'
इस मामले की जांच स्पेन की राष्ट्रीय पुलिस कर रही है। अधिकारी इसे संभावित गैर-इरादतन हत्या के मामले के रूप में देख रहे हैं। हालांकि, स्पेन में अप्राकृतिक मौत के मामलों में ऐसी जांच सामान्य प्रक्रिया का हिस्सा होती है। एफसी एंडोरा ने घटना से प्रभावित क्लब सदस्यों के लिए मनोवैज्ञानिक सहायता की व्यवस्था भी की है।