Lionel Messi in Tears: अर्जेंटीना में मुकाबले के बाद क्यों रोए लियोनल मेसी? फैंस भी हुए भावुक; जीत से ली विदाई
लियोनल मेसी का अर्जेंटीना में संभावित आखिरी मैच बेहद भावुक रहा। वह आंसू नहीं रोक सके। हालांकि मैदान पर उन्होंने शानदार प्रदर्शन करते हुए टीम को 5-0 की जीत दिलाई। वर्ल्ड कप से पहले यह मुकाबला अर्जेंटीना का आत्मविश्वास बढ़ा सकता है। अर्जेंटीना डिफेंडिंग चैंपियन है।
विस्तार
स्टेडियम में मौजूद हजारों दर्शकों ने अपने कप्तान के लिए खास माहौल बनाया। हर तरफ मेसी के नाम के नारे गूंज रहे थे। फैंस ने खड़े होकर उनका स्वागत किया और उन्हें एक और वर्ल्ड कप जिताने की अपील की। यह पल किसी विदाई समारोह से कम नहीं था।
🚨💣 Deeply emotional scenes unfolding in Argentina 🇦🇷🥹
— Topskills Sports UK (@topskillsportuk) April 1, 2026
Lionel Messi is currently playing what is expected to be his LAST match with the national team on Argentine soil.
The final chapter at home for the greatest of all time before the 2026 World Cup. This one really hurts.… pic.twitter.com/yW8WaYYxyi
भावनाओं के बीच भी मेसी ने अपने प्रदर्शन में कोई कमी नहीं आने दी। अर्जेंटीना ने जाम्बिया टीम को 5-0 से हराया। मेसी ने मैच के चौथे मिनट में जूलियन अल्वारेज के लिए गोल असिस्ट किया और फिर 43वें मिनट में खुद भी गोल दागा। इसके अलावा वेलेनटीन बार्को और निकोलस ओटामेंडी ने भी गोल किए।
मैच से पहले अर्जेंटीना के कोच लियोनल स्कालोनी ने टीम को लेकर सख्त रुख अपनाया था। उन्होंने साफ कहा था, 'हमने 55 खिलाड़ियों की सूची दे दी है, लेकिन अंतिम 26 में जगह बनाने के लिए प्रदर्शन के आधार पर खिलाड़ियों को बाहर करना होगा।' इससे पहले मॉरिटानिया के खिलाफ टीम का प्रदर्शन संतोषजनक नहीं रहा था, जिससे चयन को लेकर दबाव बना हुआ था।
जाम्बिया के खिलाफ मुकाबले में अर्जेंटीना ने शानदार खेल दिखाया और आलोचनाओं का जवाब दिया। कोच ने लगभग वही टीम उतारी, जिसने 2022 वर्ल्ड कप फाइनल में फ्रांस को हराया था। हालांकि, मिडफील्डर रोड्रिगो डी पॉल चोट के कारण इस मैच में नहीं खेल सके।
यह मैच वर्ल्ड कप 2026 से पहले अर्जेंटीना का आखिरी घरेलू मुकाबला था। टीम अपने अभियान की शुरुआत 16 जून को अल्जीरिया के खिलाफ करेगी, इसके बाद ऑस्ट्रिया और जॉर्डन से भिड़ेगी। मेसी एक बार फिर टीम के अहम खिलाड़ी होंगे और यह भावुक पल उनके शानदार करियर का एक यादगार अध्याय बन गया।