एपल की बड़ी तैयारी: 2027 की शुरुआत में आ सकता है नया मैकबुक नियो, आईफोन 18 और आईफोन 18e भी हो सकते हैं लॉन्च
- एपल फरवरी या मार्च 2027 में दूसरी पीढ़ी का मैकबुक नियो ला सकता है।
- इसमें ए19 प्रो चिप और 12 जीबी रैम मिलने की संभावना है।
- मौजूदा मॉडल में ए18 प्रो और 8 जीबी रैम का ऑप्शन मिलता है।
- इसके साथ स्टैंडर्ड आईफोन 18, आईफोन 18e भी आ सकते हैं।
विस्तार
एपल का नया साल बड़े लॉन्च से भरा हो सकता है। ब्लूमबर्ग की रिपोर्ट के मुताबिक कंपनी फरवरी या मार्च 2027 में सेकेंड जेनरेशन का मैकबुक नियो उतारने की तैयारी में है, जिसमें तेज चिप और ज्यादा मेमोरी मिल सकती है। यह लॉन्च आईओएस 27.4 के रिलीज साइकिल के दौरान होगा। रिपोर्ट के मुताबिक इसके साथ स्टैंडर्ड आईफोन 18, आईफोन 18e, एंट्री-लेवल आईपैड और नया मैकबुक एयर भी आ सकते हैं। एपल ने अभी कुछ पुष्टि नहीं की है।
पहले मैकबुक नियो का हाल
पहला मैकबुक नियो इसी साल मार्च में भारत में बिक्री पर आया था, यानी यह रिपोर्ट उसके कुछ ही महीने बाद आई है। यह मैकबुक एयर के नीचे एपल का सबसे किफायती लैपटॉप है और खूब बिका है। इसी वजह से कंपनी की मैक बिक्री को भी सहारा मिला। एपल ने हाल ही में वित्त वर्ष 2026 का रिकॉर्ड सालाना राजस्व दर्ज किया, जिसमें मैकबुक नियो और मैकबुक प्रो की मांग के दम पर मैक कारोबार में मजबूत बढ़त रही। रिपोर्ट के मुताबिक मांग उम्मीद से ज्यादा रहने पर कंपनी ने इस एंट्री-लेवल लैपटॉप का उत्पादन लक्ष्य भी बढ़ा दिया है।
दूसरे मैकबुक नियो में क्या बदलेगा
मैकबुक नियो 2 में ए19 प्रो चिप और 12 जीबी रैम मिलने की संभावना है, जबकि मौजूदा मॉडल में ए18 प्रो चिप और 8 जीबी रैम है। यानी चिप नई पीढ़ी की होगी और मेमोरी में सीधे चार जीबी की बढ़त मिल सकती है। रिपोर्ट के मुताबिक यह नए कलर ऑप्शन में भी आ सकता है। इसी दौर में नया मैकबुक एयर आने की बात भी है, जिसमें मौजूदा मॉडल के एम5 प्रोसेसर की जगह नया एम6 चिपसेट मिल सकता है। हालांकि ये सब रिपोर्ट पर आधारित अनुमान हैं और एपल ने स्पेसिफिकेशन पर कुछ नहीं कहा है।
आईफोन और आईपैड से क्या उम्मीद?
- स्टैंडर्ड आईफोन 18 और आईफोन 18e में ए20 चिपसेट मिलने की उम्मीद है, जबकि आईफोन 17 और आईफोन 17e में ए19 प्रोसेसर है।
- दोनों फोन में 9 जीबी रैम और पिछले मॉडल से ज्यादा बैटरी लाइफ मिल सकती है।
- एंट्री-लेवल आईपैड का अपडेटेड वर्जन भी इसी दौर में आने की चर्चा है।
- आईफोन एयर 2 में ए20 प्रो चिप, रियर अल्ट्रा-वाइड कैमरा, छोटा डायनामिक आइलैंड और ज्यादा बैटरी लाइफ की बात है।
- इसमें एप्पल का सी2 मॉडेम होगा, जो अमेरिका में एमएमवेव सपोर्ट देगा और अपलोड स्पीड मौजूदा आईफोन एयर के सी1एक्स मॉडेम से काफी तेज होगी।
- नए आईपैड एयर में एम5 चिप, ओएलईडी डिस्प्ले और पतला-हल्का डिजाइन मिलने की उम्मीद है।
- अगला आईपैड प्रो एम6 या एम7 चिप और वेपर चैंबर कूलिंग के साथ आ सकता है।
बाकी लॉन्च और उनका समय
एपल ने 2027 की पहली छमाही के लिए और भी लॉन्च तैयार रखे हैं। इनमें आईफोन एयर 2, ओएलएड स्क्रीन वाला नया आईपैड एयर और अगला आईपैड प्रो शामिल हैं। रिपोर्ट के मुताबिक इन डिवाइस का उत्पादन आईफोन 18e और मैकबुक नियो के मुकाबले थोड़ा पीछे चल रहा है, इसलिए ये अलग समय पर आ सकते हैं। आईपैड एयर में एकॉस्टिक डिस्प्ले तकनीक की भी संभावना है, जो इस साल आए ओएलएड वाले आईपैड मिनी में पहली बार दिखी थी। यानी पहली खेप फरवरी-मार्च में और बाकी डिवाइस बाद में आने की संभावना है।
अभी क्या पक्का नहीं है?
ये सारी जानकारी रिपोर्ट पर टिकी है, और एपल ने न तारीख बताई है, न कीमत और न स्पेसिफिकेशन। रिपोर्ट सिर्फ लॉन्च की संभावित खिड़की, यानी फरवरी या मार्च 2027, और आईओएस 27.4 के रिलीज साइकिल की ओर इशारा करती है। भारतीय खरीदारों के लिए सबसे बड़ा सवाल कीमत का रहेगा, क्योंकि पहला मैकबुक नियो एपल का सबसे किफायती लैपटॉप है और उसी ने मैक बिक्री को सहारा दिया। अगर रिपोर्ट सही निकली, तो 2027 की शुरुआत में एपल एक साथ कई प्रोडक्ट लाइनें अपडेट कर देगा।
