{"_id":"69b5a46adb34b5e98e00d10d","slug":"didnt-learn-the-lesson-had-there-been-crash-barriers-lives-would-have-been-saved-almora-news-c-232-1-shld1002-140901-2026-03-14","type":"story","status":"publish","title_hn":"Almora News: नहीं लिया सबक... क्रैश बैरियर होते तो बच जाती जान","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
Almora News: नहीं लिया सबक... क्रैश बैरियर होते तो बच जाती जान
विज्ञापन
विज्ञापन
Trending Videos
मौलेखाल (अल्मोड़ा)। सल्ट विकासखंड के अंतर्गत मरचूला-गौलीखाल मोटर मार्ग पर कूपी बैंड प्रथम के पास क्रैश बैरियर नहीं लगे हैं। यदि क्रैश बैरियर लगे होते तो शायद कार खाई में जाने से बच सकती थी।
सड़क हादसे हर साल लोगों की जान लेकर प्रशासनिक और तंत्र की लापरवाही को उजागर कर रहे हैं। संवाद न्यूज एजेंसी की टीम ने शनिवार को घटना स्थल का दौरा किया। स्थानीय लोगों ने बताया कि शुक्रवार की देर रात कूपी बैंड के पास जिस स्थान से कार खाई में गिरी वहां पर 100 मीटर के दायरे में क्रैश बैरियर नहीं बने हैं। इस स्थान पर पूर्व में अलग-अलग समय पर हुए छह हादसों में पांच लोगों की मौत हो चुकी है। इसके बावजूद भी जिम्मेदार जागे नहीं। पूर्व में हुए हादसों के बावजूद इस स्थान पर क्रैश बैरियर नहीं बनाए गए। राज्य आंदोलनकारी मनवर सिंह रावत ने कहा कि उनका गांव कूपी भी दुर्घटना संभावित क्षेत्र है। वहां पर भी क्रैश बैरियर नहीं लगाए गए हैं। इससे वहां दुर्घटना का खतरा बना रहता है।
विज्ञापन
विज्ञापन
सड़क बदहाल, दुर्घटना का बना रहता है खतरा
गौलीखाल मोटर मार्ग काफी लंबे समय से बदहाल है। डामर उखड़ने से सड़क पर कई स्थानों पर गड्ढे बन गए हैं। दोपहिया चालक रपटने से चोटिल हो रहे हैं। बारिश में इन गड्ढों में पानी भर जाता है जिससे सड़क तालाब बन जाती है। इस कारण चालकों और आम लोगों को आवाजाही में परेशानी झेलनी पड़ती है। संवाद
दो साल पहले यहां से 400 मीटर की दूरी पर हुआ था मरचूला हादसा
जिस स्थान पर शुक्रवार को हादसा हुआ था उससे 400 मीटर दूरी पर वर्ष 2024 में कूपी बैंड में बस खाई में गिरने से 36 लोगों की मौत हो गई थी। भीषण बस हादसे के बाद शासन प्रशासन ने कई दावे किए। इसके बाद कई स्थानों पर क्रैश बैरियर बनाए गए लेकिन कई स्थानों पर क्रैश बैरियर छोड़ दिए गए। इससे हादसे का खतरा लगातार बढ़ता जा रहा है।
मृतकों की आत्मा की शांति के लिए बनाया गया है मंदिर
मरचूला-गौलीखाल मोटर मार्ग पर कूपी बैंड प्रथम के पास जहां पर हादसा हुआ वहां पूर्व में हुए हादसों में पांच लोगों की जान चली गई थी। उनकी आत्मा की शांति के लिए यहां मंदिर भी बना है। मंदिर तक कैश बैरियर बने हैं लेकिन उससे 100 मीटर आगे क्रैश बैरियर नहीं लगे हैं। संवाद