हल्द्वानी: स्वाइन फ्लू का खतरा बढ़ा...एसटीएच में मरीज ऑक्सीजन पर, दो और संदिग्ध हैं भर्ती
स्वाइन फ्लू के बढ़ते मामलों के बीच काशीपुर के 65 वर्षीय बुजुर्ग को सुशीला तिवारी अस्पताल में भर्ती किया गया है, जिन्हें सांस लेने में कठिनाई और कमजोर फेफड़ों के कारण ऑक्सीजन सपोर्ट पर रखा गया है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
स्वाइन फ्लू के मामले बढ़ने के बीच सुशीला तिवारी अस्पताल में एक और पीड़ित मरीज भर्ती हुआ है। काशीपुर निवासी 65 वर्षीय बुजुर्ग में स्वाइन फ्लू की पुष्टि हुई है। उन्हें सांस लेने में दिक्कत है और फेफड़ों की स्थिति कमजोर मिलने के बाद फिलहाल ऑक्सीजन सपोर्ट पर रखा गया है।
अस्पताल में स्वाइन फ्लू के दो संदिग्ध मरीज भी भर्ती हैं। इनमें किच्छा निवासी पुरुष और हल्द्वानी निवासी महिला शामिल हैं। तीन दिन पहले रामपुर रोड निवासी बुजुर्ग को डायबिटीज और सर्दी-जुकाम की शिकायत पर भर्ती किया गया था। जांच में स्वाइन फ्लू की पुष्टि के बाद उपचार चल रहा था और शुक्रवार को उन्हें स्वस्थ होने पर डिस्चार्ज कर दिया गया।
वहीं, डेंगू से भर्ती एक मरीज को उपचार के बाद डिस्चार्ज कर दिया गया है। जनरल मेडिसिन विभाग के नोडल अधिकारी डॉ. परमजीत सिंह ने कहा कि स्वाइन फ्लू से घबराने की जरूरत नहीं है। उन्होंने लोगों से फ्लू के लक्षणों को नजरअंदाज न करने की अपील की।
स्वाइन फ्लू के लक्षण
डॉ. परमजीत ने बताया कि संक्रमण खांसी-छींक की बूंदों और दूषित सतहों से फैल सकता है। तेज बुखार, सूखी खांसी, गले में खराश, सिरदर्द, शरीर में दर्द और अत्यधिक थकान इसके प्रमुख लक्षण हैं। सांस लेने में परेशानी, सीने में दर्द, लगातार उल्टी या बेहोशी जैसे गंभीर लक्षण होने पर तत्काल अस्पताल पहुंचें।
ये एहतियात बरतें
बचाव के लिए हाथों की सफाई रखें। भीड़ में मास्क का इस्तेमाल करें पर्याप्त आराम जरूरी है। बिना चिकित्सकीय सलाह के एंटीबायोटिक या अन्य दवाएं न लें। गर्भवती महिलाओं, छोटे बच्चों, बुजुर्गों और गंभीर बीमारियों से पीड़ित लोगों को विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।