ऋषिकेश। विश्व प्रसिद्ध चारधाम यात्रा के प्रथम पड़ाव और सनातन संस्कृति की आध्यात्मिक नगरी ऋषिकेश में श्रद्धालुओं को अब एक नया धार्मिक अनुभव मिलने जा रहा है। नगर निगम की निर्माणाधीन बहुमंजिला पार्किंग केवल वाहन खड़े करने का स्थान ही नहीं बल्कि यहां पहुंचने वाले श्रद्धालुओं और पर्यटकों को चारों धामों की थ्री-डी प्रकृति दिखाई देगी। पार्किंग परिसर में बदरीनाथ, केदारनाथ, गंगोत्री और यमुनोत्री धाम की थ्रीडी झलकियों के साथ हिमालय की अलौकिक छटा को प्रदर्शित किया जाएगा।
शुक्रवार को मेयर शंभू पासवान ने नगर निगम परिसर में निर्माणाधीन बहुमंजिला पार्किंग और नए कार्यालय भवन का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों के साथ निर्माण कार्य की प्रगति की समीक्षा करते हुए परियोजना को शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश दिए। मेयर ने कहा कि चारधाम यात्रा पर निकलने वाले लाखों श्रद्धालु सबसे पहले ऋषिकेश पहुंचते हैं। उन्होंने कहा कि श्रद्धालु जब पार्किंग परिसर में प्रवेश करेंगे तो उन्हें ऐसा अनुभव होगा कि चारधाम यात्रा की आध्यात्मिक यात्रा का प्रारंभ कर रहे हों। इस अवसर पर नगर आयुक्त विजय नाथ शुक्ला, सहायक नगर आयुक्त चन्द्रकांत भट्ट, अधिशासी अभियंता अनिल नेगी, एमडीडीए के अधिकारी सुनील कुमार, सहायक अभियंता अभिषेक भारद्वाज, यूपीसीएल के अधिकारी अर्चित कुमार, राकेश शर्मा आदि उपस्थित रहे।