{"_id":"684938e6f3a9f7fb800ae19e","slug":"why-was-akash-rajput-involved-in-raja-s-murder-2025-06-11","type":"video","status":"publish","title_hn":"राजा की हत्या में क्यों शामिल हुआ आकाश राजपूत?","category":{"title":"India News","title_hn":"देश","slug":"india-news"}}
राजा की हत्या में क्यों शामिल हुआ आकाश राजपूत?
वीडियो डेस्क अमर उजाला डॉट कॉम Published by: आदर्श Updated Wed, 11 Jun 2025 01:51 PM IST
राजा रघुवंशी हत्याकांड अब एक जटिल और खौफनाक आपराधिक साजिश का रूप ले चुका है। शुरुआती रूप से एक गुमशुदगी का मामला माने जा रहे इस केस ने अब एक सुनियोजित मर्डर प्लान का चौंकाने वाला चेहरा सामने लाया है। इंदौर निवासी राजा रघुवंशी की हत्या शिलांग में उनकी पत्नी सोनम, उसके प्रेमी राज और तीन अन्य साथियों द्वारा एक गहरी साजिश के तहत की गई। शिलांग पुलिस और इंदौर पुलिस की संयुक्त जांच में अब कई बड़े खुलासे हो चुके हैं।
शिलांग पुलिस द्वारा हिरासत में लिए गए आरोपी आकाश राजपूत ने पूछताछ में कबूल किया कि वह सिर्फ पैसों के लिए इस हत्याकांड में शामिल हुआ। उसे इस अपराध के लिए 50 हजार रुपये मिले। इन रुपयों में से अधिकांश राशि हत्या की सुपारी के रूप में प्रेमी राज द्वारा दी गई थी।
आकाश को हत्या स्थल के पास निगरानी रखने का जिम्मा सौंपा गया था। सीसीटीवी फुटेज में भी आकाश अपने साथियों के साथ घटनास्थल के पास देखा गया। शव के पास मिला रेनकोट भी आकाश का था, जो सोनम ने खुद उसे दिया था। इससे यह साबित होता है कि सोनम की इस साजिश में सक्रिय भूमिका थी।
पूरे हत्याकांड की योजना 16 मई को इंदौर के सुपर कॉरिडोर स्थित एक कैफे में बनी। यहां सोनम, उसका प्रेमी राज और उसके साथी विशाल चौहान, आकाश राजपूत व आनंद कुर्मी ने राजा की हत्या की योजना बनाई। रात भर फोन कॉल पर सोनम को हत्या की पूरी स्क्रिप्ट समझाई गई। सोनम ने उन्हें हत्या के बाद पैसे देने का भरोसा दिलाया।
हत्या के लिए उपयोग में लाई गई ‘डाव’ (छोटी कुल्हाड़ी) को आरोपियों ने गुवाहाटी से ऑनलाइन खरीदा था। 23 मई की दोपहर 1.30 बजे, सोनम ने फोटोशूट के बहाने राजा को सुनसान पहाड़ी स्थान पर ले जाकर वहां पहले से छिपे आरोपियों से मिलवाया और वहां राजा की बेरहमी से हत्या कर दी गई।
राजा और सोनम की शादी 11 मई को हुई थी। शादी के महज 12 दिन बाद ही राजा की हत्या कर दी गई। सोनम अपने परिवार और ससुरालवालों के बीच घुल-मिल गई थी ताकि किसी को उसकी साजिश पर शक न हो। हत्या के दिन भी सोनम ने अपनी सास को बताया कि उसने “अपरा एकादशी व्रत” रखा है, जो मनोकामना पूर्ति और पाप से मुक्ति के लिए किया जाता है। लेकिन इसी दिन उसने अपने पति की हत्या कर दी, जो इस कथित धार्मिकता की आड़ में किए गए पाखंड को उजागर करता है।
सोनम का प्रेम संबंध इंदौर निवासी राज से था, जो करीब पांच महीने से चल रहा था। सोनम के पिता हार्ट पेशेंट थे और समाजिक कारणों से वह लव मैरिज नहीं कर सकती थी, इसलिए उसने राजा से शादी करने का फैसला किया। लेकिन, उसने शादी से पहले ही राज के साथ मिलकर राजा को रास्ते से हटाने की योजना बना ली थी।
सोनम ने राज से कहा था कि जब वह विधवा बन जाएगी, तब उसके माता-पिता भी उनके रिश्ते को स्वीकार कर लेंगे। हत्या के बाद राज इंदौर में रहकर सब कुछ मॉनिटर करता रहा। उसने आरोपियों के टिकट बुक किए, लेकिन खुद ऐनवक्त पर शिलांग नहीं गया। इतना ही नहीं, वह राजा के अंतिम संस्कार में भी शामिल हुआ ताकि उस पर शक न हो।
राज ने हत्या से पहले आरोपियों को एक एंड्रॉइड फोन, एक कीपैड मोबाइल और एक नई सिम दिलवाई, ताकि सोनम हत्या के बाद केवल इसी नंबर से आरोपियों से संपर्क कर सके। सोनम ने शिलांग जाने के बाद इसी नंबर से तीनों आरोपियों के संपर्क में रहकर हत्या की योजना को आगे बढ़ाया।
हत्या के बाद सोनम ने राजा का फोन तोड़कर फेंक दिया और उसकी एक्टिवा को 25 किलोमीटर दूर छोड़कर आई ताकि पुलिस को भ्रमित किया जा सके। हत्या के लिए सोनम ने राजा के पर्स से 15,000 रुपये निकालकर आरोपियों को दिए। जब आरोपियों ने नाराजगी जताई कि उन्हें पूरी रकम नहीं दी गई, तो सोनम ने उन्हें 20 लाख रुपये देने का वादा किया।
आकाश राजपूत की गिरफ्तारी के बाद उसकी दादी भरत रानी ने मीडिया से कहा, “गलत चीज नहीं देखी जाती। चाहे लड़का हो या लड़की, गलत हो तो गोली मार दो। लेकिन हमारा बच्चा गलत नहीं है। उसे फंसाया जा रहा है।” गांव के अन्य लोगों ने भी आकाश को शांत स्वभाव का बताया और उसकी संलिप्तता पर संदेह जताया।
हालांकि, पुलिस को मिले सबूत और आकाश की स्वीकारोक्ति के बाद उसकी भूमिका संदिग्ध नहीं रह गई है। उसका घटनास्थल पर मौजूद होना, सीसीटीवी फुटेज, रेनकोट और निगरानी की भूमिका इस बात की पुष्टि करते हैं कि वह हत्या में सहभागी था।
एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें
अमर उजाला प्रीमियम वीडियो सिर्फ सब्सक्राइबर्स के लिए उपलब्ध है
प्रीमियम वीडियो
सभी विशेष आलेख
फ्री इ-पेपर
सब्सक्राइब करें
Next Article
Disclaimer
हम डाटा संग्रह टूल्स, जैसे की कुकीज के माध्यम से आपकी जानकारी एकत्र करते हैं ताकि आपको बेहतर और व्यक्तिगत अनुभव प्रदान कर सकें और लक्षित विज्ञापन पेश कर सकें। अगर आप साइन-अप करते हैं, तो हम आपका ईमेल पता, फोन नंबर और अन्य विवरण पूरी तरह सुरक्षित तरीके से स्टोर करते हैं। आप कुकीज नीति पृष्ठ से अपनी कुकीज हटा सकते है और रजिस्टर्ड यूजर अपने प्रोफाइल पेज से अपना व्यक्तिगत डाटा हटा या एक्सपोर्ट कर सकते हैं। हमारी Cookies Policy, Privacy Policy और Terms & Conditions के बारे में पढ़ें और अपनी सहमति देने के लिए Agree पर क्लिक करें।