{"_id":"6ae5b923d7dbf92f420249b7","slug":"video-40-50-youths-stormed-a-carpenters-house-in-kartarpur-attacking-with-bricks-2026-10-31","type":"video","status":"publish","title_hn":"करतारपुर में बढ़ई के घर पर 40-50 युवकों ने बोला धावा, ईंट-पत्थर और कृपाणों से हमला","category":{"title":"Crime","title_hn":"क्राइम","slug":"crime"}}
करतारपुर में बढ़ई के घर पर 40-50 युवकों ने बोला धावा, ईंट-पत्थर और कृपाणों से हमला
जालंधर के करतारपुर में नशे के आदी युवकों और उनके साथियों पर एक कारपेंटर तथा उसके परिवार को निशाना बनाने के गंभीर आरोप लगे हैं। पीड़ित परिवार के मुताबिक, पहले आरोपियों ने युवक से मारपीट कर नकदी और सोने की चेन लूट ली। इसके बाद पुलिस में शिकायत करने से नाराज होकर 40 से 50 युवकों ने उसके घर पर ईंट-पत्थरों और कृपाणों से हमला कर दिया। आरोप है कि इसके बावजूद पुलिस की ओर से कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई। बाद में आरोपियों ने पीड़ित के चाचा को अगवा कर बेरहमी से पीटा, जिससे उनकी एक आंख की रोशनी गंभीर रूप से प्रभावित हुई और बांह भी टूट गई।
पीड़ित परवीन ने बताया कि वह पेशे से कारपेंटर है। 16 अक्तूबर को दोपहर करीब 3:30 बजे वह अपने चाचा के साथ प्लाइवुड खरीदने जा रहा था। जब वे करतारपुर बस स्टैंड पहुंचे तो मोहल्ले के रहने वाले अखिल, हरपाल, राजेश और उनके साथियों ने उन्हें घेर लिया।
पीड़ित के अनुसार, आरोपियों ने उससे जबरन पैसे मांगे। विरोध करने पर उसके साथ मारपीट की गई और जेब से 15 हजार रुपये नकद तथा गले में पहनी सोने की चेन छीन ली गई। घटना के बाद परिवार पुलिस थाने पहुंचा और शिकायत दर्ज करवाई।
पीड़ित परिवार का आरोप है कि पुलिस में शिकायत की जानकारी मिलने के बाद मुख्य आरोपी बताए जा रहे गोला ने अपने साथियों को फोन कर बुला लिया। कुछ ही देर में 40 से 50 युवक हथियारों और कृपाणों के साथ पीड़ित के घर पहुंच गए।
आरोप है कि हमलावरों ने घर पर जमकर ईंट-पत्थर बरसाए और कृपाणों से हमला किया। इस दौरान पीड़ित की पत्नी को भी ईंट लगी। हमले में मकान को काफी नुकसान पहुंचा और घर की छत तक गिर गई। परिवार का दावा है कि पूरी घटना घर के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हुई है और इसकी फुटेज पुलिस को भी सौंपी गई है।
पीड़ित परिवार ने पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए आरोप लगाया कि पुलिस ने मौके से एक आरोपी को पकड़ा था, लेकिन बाद में उसे बिना किसी कार्रवाई के छोड़ दिया। परिवार का कहना है कि वे लगातार पुलिस अधिकारियों के पास शिकायत लेकर जाते रहे, लेकिन उन्हें केवल आश्वासन ही मिलता रहा।
पीड़ित परिवार के मुताबिक, 29 अक्तूबर को आरोपियों ने एक बार फिर वारदात को अंजाम दिया। आरोप है कि बदमाशों ने पीड़ित के चाचा जसविंदर को डीएवी स्कूल के पास से जबरन स्कूटी पर बैठाया और मंडी इलाके में ले जाकर उनकी बुरी तरह पिटाई की।
इस हमले में जसवींदर की बांह टूट गई और एक आंख में गंभीर चोट आने के कारण उनकी रोशनी प्रभावित हुई है। गंभीर हालत में पहले उन्हें करतारपुर अस्पताल ले जाया गया, जहां से बाद में जालंधर के बड़े अस्पताल में रेफर कर दिया गया।
पीड़ित परिवार का कहना है कि उनकी किसी के साथ कोई पुरानी रंजिश नहीं है। नशे के लिए पैसे देने से इनकार करने और पुलिस में शिकायत करने के कारण उन्हें लगातार निशाना बनाया जा रहा है। परिवार ने आरोप लगाया कि 16 अक्तूबर को हुई पहली घटना से लेकर अब तक पुलिस ने कोई ठोस कार्रवाई नहीं की है। पीड़ितों ने एसएसपी जालंधर और उच्च पुलिस अधिकारियों से न्याय की गुहार लगाते हुए आरोपियों को जल्द गिरफ्तार करने, परिवार की सुरक्षा सुनिश्चित करने और दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है।
एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें
अमर उजाला प्रीमियम वीडियो सिर्फ सब्सक्राइबर्स के लिए उपलब्ध है
प्रीमियम वीडियो
सभी विशेष आलेख
फ्री इ-पेपर
सब्सक्राइब करें
Next Article
Disclaimer
हम डाटा संग्रह टूल्स, जैसे की कुकीज के माध्यम से आपकी जानकारी एकत्र करते हैं ताकि आपको बेहतर और व्यक्तिगत अनुभव प्रदान कर सकें और लक्षित विज्ञापन पेश कर सकें। अगर आप साइन-अप करते हैं, तो हम आपका ईमेल पता, फोन नंबर और अन्य विवरण पूरी तरह सुरक्षित तरीके से स्टोर करते हैं। आप कुकीज नीति पृष्ठ से अपनी कुकीज हटा सकते है और रजिस्टर्ड यूजर अपने प्रोफाइल पेज से अपना व्यक्तिगत डाटा हटा या एक्सपोर्ट कर सकते हैं। हमारी Cookies Policy, Privacy Policy और Terms & Conditions के बारे में पढ़ें और अपनी सहमति देने के लिए Agree पर क्लिक करें।