West Bengal: वयोवृद्ध सीपीएम नेता और पूर्व विधायक मदन घोष और सांसद सौगत राय की पत्नी का निधन
पार्टी सूत्रों के मुताबिक दिवंगत नेता के पार्थिव शरीर को बर्दवान से कोलकाता लाया जा रहा है और पार्टी के राज्य सचिव मोहम्मद सलीम, राबिन देब और अन्य नेता कोलकाता से उन्हें अंतिम श्रद्धांजलि देने के लिए मौजूद रहेंगे...
विस्तार
वयोवृद्ध सीपीएम नेता मदन घोष का निधन हो गया है। शुक्रवार सुबह 7:10 बजे उन्होंने अपने घर पर आखिरी सांस ली। वे 81 वर्ष के थे। वे काफी लंबे समय से शारीरिक समस्याओं से पीड़ित थे। उनके निधन पर पार्टी ने गहरा शोक जताया है। उन्होंने काफी लंबे समय तक अविभाजित बर्दवान जिले में पार्टी सचिव के रूप में कार्य किया। वे पार्टी के पूर्व विधायक, बर्दवान जिले के पूर्व माकपा अध्यक्ष और सीपीएम की केंद्रीय समिति के सदस्य थे। पार्टी के वरिष्ठ नेता राबिन देव ने उनके निधन पर शोक व्यक्त करते हुए कहा, 'स्वर्गीय मदन घोष उन लोगों में से एक हैं जो लोगों का भरोसा जीतकर मेहनत और लगन से राज्य की सत्ता में आए। उनका निधन वामपंथी राजनीति के लिए अपूरणीय क्षति है। पार्टी सूत्रों के मुताबिक दिवंगत नेता के पार्थिव शरीर को बर्दवान से कोलकाता लाया जा रहा है और पार्टी के राज्य सचिव मोहम्मद सलीम, राबिन देब और अन्य नेता कोलकाता से उन्हें अंतिम श्रद्धांजलि देने के लिए मौजूद रहेंगे।
तृणमूल कांग्रेस के सांसद सौगत राय की पत्नी का निधन
तृणमूल सांसद सौगत रॉय की पत्नी डॉली रॉय का निधन हो गया है। वे लंबे समय से कैंसर से पीड़ित थीं। उन्हें हाल ही में फेफड़ों में संक्रमण के कारण कोलकाता के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां शुक्रवार सुबह उन्होंने अंतिम सांस ली। मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने उनके निधन पर शोक जताया है। सौगत की पत्नी प्रोफेशनल लाइफ में टी एक्सपर्ट थीं। मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने डॉली रॉय के परिवार और प्रशंसकों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए अपने शोक संदेश में लिखा, “हम सभी की डॉली बौदी (भाभी) अपने पेशे में एक सफल महिला थीं। वह अपने गुणों के बल पर अपने पेशे के शीर्ष पर रहीं। साथ ही उनका सामाजिक शिष्टाचार प्रसिद्ध था। उनका निधन एक अपूरणीय क्षति है।