Explainer: ट्रिलियनेयर से फिर बिलियनेयर हो गए हैं मस्क, 13 दिन में ऐसा क्या बदल गया, कहां लगी सबसे ज्यादा चपत?
स्पेसएक्स के धमाकेदार आईपीओ के बाद एलन मस्क 12 जून को दुनिया के पहले ट्रिलियनेयर बने थे। लेकिन सिर्फ 13 दिनों में स्पेसएक्स और टेस्ला के शेयरों में तेज गिरावट से उनकी संपत्ति घटकर करीब 950 अरब डॉलर रह गई। ऐसा क्या हुआ कि मस्क ट्रिलियनेयर से फिर बिलियनेयर बन गए। आइए विस्तार से जानते हैं।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
दुनिया के सबसे अमीर कारोबारी एलन मस्क अब ट्रिलियनेयर नहीं है। 12 जून को स्पेसएक्स के शेयर बाजार में शानदार डेब्यू के बाद मस्क दुनिया के पहले ट्रिलियनेयर बने थे। अब उनकी संपत्ति घटकर 950 बिलियन डॉलर तक पहुंच गई है। स्पेसएक्स और टेस्ला के शेयरों में गिरावट इसकी वजह बने हैं।
मस्क कैसे दुनिया के पहले ट्रिलियनेयर बने थे? उनकी कंपनियों के शेयरों में गिरावट क्यों आई? मस्क को कितना घाटा हुआ? गिरावट के पिछे क्या वजह है? क्या अब मस्क दुनिया के सबसे अमिर व्यक्ति भी नहीं रहे? क्या फिर से ट्रिलियनेयर बन सकते हैं मस्क? आइये जानते हैं...
मस्क कैसे बने थे दुनिया के पहले ट्रिलियनेयर?
- रॉकेट और सैटेलाइट कंपनी स्पेसएक्स ने 12 जून को अमेरिकी शेयर बाजार नैस्डैक पर आईपीओ लॉन्च किया।
- कंपनी ने 135 डॉलर प्रति शेयर के भाव पर शेयर बेचे।
- पहले ही दिन शेयर 176 डॉलर तक पहुंच गया, जिससे मस्क की संपत्ति पहली बार 1 ट्रिलियन डॉलर के पार निकल गई।
- स्पेसएक्स के ऐतिहासिक आईपीओ ने शेयर बाजार से 75 अरब डॉलर जुटाए।
- स्पेसएक्स का बाजार मूल्य लिस्टिंग के समय करीब 1.77 ट्रिलियन डॉलर था, जो कारोबार के दौरान लगभग 2 ट्रिलियन डॉलर तक पहुंच गया।
- एलन मस्क के पास स्पेसएक्स में करीब 40% और टेस्ला में लगभग 12% हिस्सेदारी है।
रॉयटर्स की गणना के अनुसार, 12 जून को जब शेयरों की ट्रेडिंग शुरू हुई, तो टेस्ला और उनकी अन्य कंपनियों की हिस्सेदारी को मिलाकर मस्क की कुल संपत्ति 1.1 ट्रिलियन डॉलर (1.1 लाख करोड़ डॉलर) को पार कर गई। इसमें केवल स्पेसएक्स की ही लगभग 866 अरब डॉलर की हिस्सेदारी शामिल है।
ट्रिलियनेयर बनने का क्या मतलब है?
जब एलन मस्क की कुल संपत्ति 1.1 ट्रिलियन डॉलर (1,100 अरब डॉलर) के ऐतिहासिक स्तर पर पहुंची थी, तब उनकी दौलत का पैमाना पाकिस्तान की पूरी अर्थव्यवस्था से भी कहीं बड़ा था। उस समय पाकिस्तान का सकल घरेलू उत्पाद (GDP) करीब 452 अरब डॉलर था। यानी मस्क की संपत्ति पाकिस्तान की अर्थव्यवस्था से लगभग 2.5 गुना बड़ी थी।
अंतरराष्ट्रीय मुद्रा कोष (आईएमएफ) के अनुसार, दुनिया में केवल 20 देश ऐसे हैं जिनकी अर्थव्यवस्था 1.1 ट्रिलियन डॉलर से बड़ी है। मस्क की कुल अनुमानित दौलत दुनिया के अधिकांश देशों की जीडीपी से ज्यादा थी। इनमें ताइवान का $977 बिलियन (92.81 लाख करोड़ रुपये), आयरलैंड का 779 बिलियन डॉलर (74.00 लाख करोड़ रुपये), स्वीडन का 760 बिलियन डॉलर (72.20 लाख करोड़ रुपये), सिंगापुर का 660 बिलियन डॉलर (62.70 लाख करोड़ रुपये) और मस्क का गृह देश दक्षिण अफ्रीका का 480 बिलियन डॉलर (45.60 लाख करोड़ रुपये) शामिल हैं।
मस्क की दौलत घट कैसे गई?
16 जून को स्पेसएक्स का शेयर 225.64 डॉलर के रिकॉर्ड स्तर तक पहुंच गया। उस समय मस्क की कुल संपत्ति करीब 1.32 ट्रिलियन डॉलर के उच्चतम स्तर पर पहुंच गई। हालांकि यह तेजी ज्यादा दिन नहीं टिक सकी। इसके बाद स्पेसएक्स का शेयर करीब 31% गिरकर 156 डॉलर के आसपास आ गया। इस गिरावट से एलन मस्क की संपत्ति से अनुमानित 363 अरब डॉलर कम हो गए और उनकी कुल नेटवर्थ फिर 1 ट्रिलियन डॉलर से नीचे आ गई।
शेयर में गिरावट का दौर कैसे चला?
- 22 जून को स्पेसएक्स का शेयर 16% से ज्यादा गिरा, जो किसी भी कंपनी के बाजार मूल्य में इतिहास की दूसरी सबसे बड़ी एक-दिवसीय गिरावटों में से एक रही।
- इस गिरावट से स्पेसएक्स के बाजार मूल्य से करीब 400 अरब डॉलर साफ हो गए।
- सिर्फ एक दिन में एलन मस्क की संपत्ति करीब 240 अरब डॉलर घटकर लगभग 1.08 ट्रिलियन डॉलर रह गई, जिसके बाद गिरावट का सिलसिला जारी रहा।
- टेस्ला का शेयर 16 जून के बाद से 4.14% और इस साल अब तक 7% से ज्यादा गिर चुका है, जिससे मस्क की कुल संपत्ति पर और दबाव बढ़ा।
- टेक और एआई शेयरों में बिकवाली के बीच सोमवार को नैस्डैक 1.3% गिर गया, जबकि अल्फाबेट, मेटा, माइक्रोसॉफ्ट और अमेजन के शेयरों में भी कमजोरी रही।
- बुधवार को स्पेसएक्स का शेयर में 1.13% की गिरावट आई है और यह 154.35 डॉलर प्रति शेयर पर पहुंच गया।
बंपर ओपनिंग के बाद क्यों तेजी से गिर रहे हैं स्पेसएक्स के शेयर?
बाजार में सबसे बड़ी चिंता एआई पर हो रहा भारी खर्च है। बड़ी टेक कंपनियां नए एआई मॉडल विकसित करने और उन्हें चलाने के लिए अरबों डॉलर डेटा सेंटर और कंप्यूटिंग इंफ्रास्ट्रक्चर पर खर्च कर रही हैं। इन चिंताओं का असर सबसे ज्यादा स्पेसएक्स के शेयरों पर पड़ा।
अल्फाबेट, अमेजॉन और माइक्रोसॉफ्ट जैसी कंपनियां डेटा सेंटर क्षमता बढ़ाने के लिए सैकड़ों अरब डॉलर निवेश करने की योजना पर काम कर रही हैं। दूसरी ओर एआई मॉडल के लिए जरूरी मेमोरी चिप्स की मांग तेजी से बढ़ने के कारण उनकी कीमतें भी बढ़ रही हैं। इससे निवेशकों को डर है कि एआई से होने वाला मुनाफा आने में अपेक्षा से ज्यादा समय लग सकता है।
कौन है अभी दुनिया का सबसे अमीर व्यक्ति?
ब्लूमबर्ग बिलियनेयर्स इंडेक्स के अनुसार, स्पेसएक्स और टेस्ला के शेयरों में हालिया गिरावट के बावजूद एलन मस्क 946 अरब डॉलर की संपत्ति के साथ दुनिया के सबसे अमीर व्यक्ति बने हुए हैं। उनके आसपास भी कोई अरबपति नहीं है। हालांकि, पिछले कारोबारी दिन उनकी संपत्ति में 11.5 अरब डॉलर की कमी आई है। इसके बावजूद 2026 में अब तक उनकी कुल संपत्ति में 326 अरब डॉलर का इजाफा हुआ है।
क्या फिर से ट्रिलियनेयर बन सकते हैं मस्क?
विशेषज्ञों का कहना है कि किसी बड़ी ग्रोथ कंपनी के आईपीओ के बाद शेयरों में तेज उतार-चढ़ाव सामान्य बात है। हालांकि स्पेसएक्स के मामले में यह उतार-चढ़ाव काफी बड़ा रहा है।
बीबीसी की रिपोर्ट में एजेबेल की वित्तीय विश्लेषण प्रमुख डैनी हेवसन के अनुसार, स्पेसएक्स जैसे शेयरों में शुरुआती निवेश काफी हद तक भविष्य की उम्मीदों और भावनाओं पर आधारित था। लेकिन इतने बड़े निवेश में धैर्य और वास्तविक आंकड़ों के आधार पर फैसला लेना जरूरी होता है।
विश्लेषकों का मानना है कि अगर स्पेसएक्स के शेयरों में सिर्फ करीब 6% की रिकवरी होती है तो एलन मस्क एक बार फिर 1 ट्रिलियन डॉलर की संपत्ति का आंकड़ा पार कर सकते हैं। जुलाई के आखिर से कंपनी के अंदरूनी निवेशकों को चरणबद्ध तरीके से शेयर बेचने की अनुमति मिलेगी, जिससे निकट भविष्य में शेयरों में उतार-चढ़ाव जारी रह सकता है।