रूस-यूक्रेन युद्ध खत्म होने की उम्मीद: जेलेंस्की से मिले ट्रंप के दूत, कैदियों की अदला-बदली का प्लान तैयार
यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की ने आयरलैंड में अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के विशेष दूत स्टीव विटकॉफ और जेरेड कुशनर से मुलाकात की। बैठक में रूस-यूक्रेन युद्ध समाप्त करने के लिए राजनयिक प्रयासों, कैदियों की अब तक की सबसे बड़ी अदला-बदली और शांति वार्ता में यूरोप की भागीदारी बढ़ाने पर सहमति बनी।
विस्तार
यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की ने आयरलैंड में अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के विशेष दूत स्टीव विटकॉफ और जेरेड कुशनर से मुलाकात की। यह बैठक ऐसे समय हुई, जब दोनों अमेरिकी दूत इससे पहले मॉस्को में रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के साथ बातचीत कर चुके थे। बैठक में रूस-यूक्रेन युद्ध समाप्त करने के लिए राजनयिक प्रयासों, कैदियों की अदला-बदली और शांति वार्ता में यूरोप की भूमिका बढ़ाने पर चर्चा हुई।
कैदियों की सबसे बड़ी अदला-बदली की तैयारी
जेलेंस्की ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर इस मुलाकात के तीन प्रमुख नतीजों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि युद्ध शुरू होने के बाद से कैदियों की अब तक की सबसे बड़ी अदला-बदली की तैयारी की जा रही है। जेलेंस्की ने इसे बातचीत का पहला मानवीय नतीजा बताया। उन्होंने उम्मीद जताई कि इस पहल से बड़ी संख्या में युद्धबंदियों की रिहाई का रास्ता साफ होगा।
शांति वार्ता में यूरोप को बराबर की भागीदारी
जेलेंस्की ने कहा कि दूसरा बड़ा नतीजा राजनयिक प्रयासों में यूरोपीय प्रतिनिधियों की सक्रिय भागीदारी बढ़ाना है। यूक्रेन चाहता है कि शांति वार्ता की मेज पर यूरोप को भी बराबर की जगह मिले। उनके मुताबिक, यूक्रेन पूरे यूरोप के हितों की रक्षा करता है और इसलिए इस प्रक्रिया में यूरोपीय देशों की भूमिका महत्वपूर्ण है।
बहुपक्षीय बैठकों का भी बनेगा रास्ता
यूक्रेनी राष्ट्रपति ने बताया कि शांति प्रक्रिया को आगे बढ़ाने के लिए कुछ और बहुपक्षीय बैठकों की तैयारी की जा रही है। उन्होंने स्पष्ट किया कि यूक्रेन राजनयिक प्रयास जारी रखने के लिए प्रतिबद्ध है। इन बैठकों का उद्देश्य रूस और यूक्रेन के बीच जारी संघर्ष का समाधान निकालने के लिए बातचीत को आगे बढ़ाना है।
मॉस्को में पुतिन से मिले थे अमेरिकी दूत
आयरलैंड में हुई बैठक से पहले विटकॉफ और कुशनर ने मॉस्को के क्रेमलिन में राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन से मुलाकात की थी। इस दौरान रूस, यूक्रेन और अमेरिका के बीच चल रही बातचीत के ताजा घटनाक्रमों की समीक्षा की गई। यह बैठक अबू धाबी में दो दिनों तक चली त्रिपक्षीय बातचीत के बाद हुई थी। हालांकि, अबू धाबी वार्ता में कोई बड़ा समझौता नहीं हुआ, लेकिन कैदियों की अदला-बदली सहित कुछ मुद्दों पर प्रगति हुई।
.@SEPeaceMissions, @jaredkushner, and I met in Ireland following all the negotiations held this week. First, a humanitarian outcome – prisoners will be released, and we are counting on the largest prisoner exchange since the start of this war. The second outcome – we are involving European representatives even more actively in diplomacy so that they can have an equal seat at the negotiating table. Ukraine always defends the interests of all of Europe. Third, we are also preparing further multilateral meetings. Diplomacy will remain active. Thank you to everyone who supports Ukraine. Thank you, Steve and Jared, for the intensive communication. Thank you to Ireland for the excellent organization of the European Political Community Summit and for hosting our negotiations today. Glory to Ukraine!
— Volodymyr Zelenskyy / Володимир Зеленський (@ZelenskyyUa) November 12, 2026
विटकॉफ ने बातचीत को बताया सकारात्मक
मॉस्को से रवाना होने से पहले वुनुकोवो हवाई अड्डे पर सीएनएन से बातचीत में विटकॉफ ने वार्ता को सकारात्मक बताया। उन्होंने कहा कि बातचीत में प्रगति हुई है और त्रिपक्षीय वार्ता दोबारा शुरू करना अपने आप में महत्वपूर्ण उपलब्धि है। उनके मुताबिक, अगली बैठक भी तय कर ली गई है। विटकॉफ ने कहा कि राष्ट्रपति ट्रंप संघर्ष को बातचीत के जरिए समाप्त करने के प्रयास कर रहे हैं और इस दिशा में आगे बढ़ना उनकी प्राथमिकता है।
कुशनर ने भी जताई आगे बढ़ने की उम्मीद
जेरेड कुशनर ने मॉस्को में हुई बातचीत को व्यापक बताते हुए कहा कि सभी प्रमुख मुद्दों पर विस्तार से चर्चा हुई है। उन्हें उम्मीद है कि इस बातचीत से अगले दौर की बहुपक्षीय वार्ता को आगे बढ़ाने में मदद मिलेगी। विटकॉफ ने यह भी कहा कि यूरोपीय देश अमेरिका के साझेदार हैं और शांति प्रक्रिया में उनकी भागीदारी जरूरी है।
पुतिन ने विदेशी सैनिकों की तैनाती का किया विरोध
क्रेमलिन के बयान के अनुसार, पुतिन ने अमेरिकी दूतों को उनके प्रयासों के लिए धन्यवाद दिया और ट्रंप तक अपना आभार पहुंचाने का अनुरोध किया। उन्होंने मानवीय सहयोग और कैदियों की अदला-बदली में हुई प्रगति का भी उल्लेख किया। हालांकि, क्षेत्रीय व्यवस्थाओं और सुरक्षा गारंटियों को लेकर रूस का रुख अब भी सख्त है। पुतिन ने स्पष्ट कहा कि किसी भी शांति समझौते के बाद यूक्रेन की धरती पर विदेशी सैनिकों की मौजूदगी रूस को स्वीकार नहीं होगी।
यूरोप की भूमिका पर रूस ने उठाए सवाल
रूसी राष्ट्रपति के सहयोगी यूरी उशाकोव ने पुष्टि की कि रूस, यूक्रेन और अमेरिका के बीच त्रिपक्षीय बातचीत जारी रहेगी। हालांकि, उन्होंने शांति वार्ता में यूरोपीय प्रतिनिधियों की भागीदारी पर सवाल उठाए। उनके मुताबिक, यूरोपीय देशों को यह तय करना होगा कि वे शांति चाहते हैं या युद्ध जारी रखना चाहते हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि यूरोप के अब तक के व्यावहारिक कदम युद्ध जारी रखने की मंशा दिखाते हैं।
ये भी पढ़ें: अमेरिकी नौसेना में कार्रवाई से मचा बवाल: पनडुब्बी और युद्धपोत के कमांडर हटाए; कांग्रेस ने मांगा जवाब
शांति समझौते की राह में अब भी बड़ी चुनौतियां
अबू धाबी में हुई त्रिपक्षीय बातचीत फरवरी के बाद पहली ऐसी बैठक थी, जिसमें रूस, यूक्रेन और अमेरिका एक साथ शामिल हुए थे। हालांकि, इसका कोई स्पष्ट समाधान नहीं निकला, लेकिन यूक्रेन ने कुछ मुद्दों पर प्रगति स्वीकार की है। जेलेंस्की ने अमेरिकी दूतों को उनके प्रयासों के लिए धन्यवाद दिया। साथ ही, यूरोपीय राजनीतिक समुदाय शिखर सम्मेलन और वार्ता की मेजबानी के लिए आयरलैंड का आभार जताया। अब सबकी नजर अगली बहुपक्षीय बैठक पर है, जिससे युद्ध समाप्त करने की दिशा में ठोस प्रगति की उम्मीद की जा रही है।