एपस्टीन फाइल को लेकर नया दावा: DNA मॉडल देने वाले जेम्स वॉटसन का भी जिक्र, तस्वीरों पर रिपोर्ट में क्या-क्या?
सामने आए यौन अपराधी जेफ्री एपस्टीन के नए दस्तावेजों ने एकबार फिर वैश्विक राजनीति में तहलका मचा दिया है। दावा किया जा रहा है कि इन दस्तावेजों में नोबेल पुरस्कार विजेता अमेरिकी वैज्ञानिक जेम्स वॉटसन का भी जिक्र है। आइए जानते हैं कि आखिर ये दावा किसने किया है, और रिपोर्ट में क्या-क्या है?
विस्तार
दुनियाभर में चर्चा का विषय बना दिवंगत यौन अपराधी जेफ्री एपस्टीन को लेकर विवाद लगातार गहराता जा रहा है। इसी बीच एपस्टीन से जुड़े नए दस्तावेजों में बड़ा खुलासा हुआ है। रिपोर्ट के अनुसार, अब इस नए दस्तावेज और जारी किए गए तस्वीरों में नोबेल पुरस्कार विजेता अमेरिकी वैज्ञानिक जेम्स वॉटसन का भी जिक्र है। दावा किया गया है कि वॉटसन यौन अपराधी एपस्टीन के घर में महिलाओं के साथ दिखाई दिए। यह दावा ब्रिटेन के अखबार द टेलीग्राफ ने किया है, जो विवाद और सवालों को फिर से हवा दे रहा है।
रिपोर्ट के मुताबिक, ये तस्वीरें न्यूयॉर्क स्थित एपस्टीन की हवेली की हैं। तस्वीरों में जेम्स वॉटसन एक कमरे में तीन युवा महिलाओं के साथ मुस्कुराते हुए नजर आ रहे हैं। हालांकि यह साफ नहीं है कि ये तस्वीरें कब ली गईं, लेकिन माना जा रहा है कि ये 2010 के दशक के मध्य या अंत की हो सकती हैं। यह वह समय था जब एपस्टीन नाबालिग से जुड़े यौन अपराध के मामले में जेल से रिहा हो चुके थे।
ये भी पढ़ें:- India-Norway Ties: नॉर्वे के प्रधानमंत्री बोले- भारतीय समकक्ष के दौरे का बेसब्री से इंतजार, मजबूत होंगे संबंध
जारी तस्वीर में क्या-क्या?
इतना ही नहीं एक तस्वीर में वॉटसन एक महिला के साथ खड़े हैं और उनके हाथ में कैंसर और एंटी-ऑक्सीडेंट पर लिखा एक शोध पत्र दिखाई दे रहा है। जेम्स वॉटसन और उनके सहयोगी फ्रांसीस हैरी कॉम्प्टन क्रिक ने डीएनए की डबल हेलिक्स संरचना की खोज की थी। इस खोज के लिए उन्हें 1962 में नोबेल पुरस्कार मिला था। बता दें कि डीएनए वह अणु है जो हमारी आनुवंशिक जानकारी को संजोकर रखता है।
हालांकि, वॉटसन अपने कुछ विवादित बयानों के कारण भी चर्चा में रहे। उन्होंने नस्ल और बुद्धिमत्ता को लेकर ऐसे दावे किए थे, जिनकी वैज्ञानिक समुदाय ने कड़ी आलोचना की। साल 2019 में उनके मानद पद और उपाधियां भी वापस ले ली गई थीं।
ये भी पढ़ें:- US Capitol: अमेरिकी संसद भवन की तरफ हथियार लेकर दौड़ा 18 वर्ष का किशोर, सुरक्षाबलों ने किया गिरफ्तार
वॉटसन के विचारों का समर्थन करता था एपस्टीन
गौरतलब है कि रिपोर्ट में यह भी कहा गया है कि एपस्टीन वॉटसन के विवादित विचारों का समर्थन करते थे। 2016 में एपस्टीन और अमेरिकी विद्वान एवरम नोम चोम्स्की के बीच हुए एक ईमेल आदान-प्रदान का भी जिक्र किया गया है। इसमें एपस्टीन ने नस्ल और टेस्ट स्कोर को लेकर विवादित और बेबुनियाद टिप्पणी की थी। इन तस्वीरों और ईमेल के सामने आने के बाद एक बार फिर एपस्टीन से जुड़े लोगों और उनके संबंधों पर सवाल उठने लगे हैं।
रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get latest World News headlines in Hindi related political news, sports news, Business news all breaking news and live updates. Stay updated with us for all latest Hindi news.