{"_id":"6ae7fc653f54d128570f6b02","slug":"two-oil-tankers-explode-in-strait-of-hormuz-after-allegedly-hitting-naval-mines-iran-claims-2026-11-02","type":"story","status":"publish","title_hn":"होर्मुज में दो तेल टैंकरों में धमाका: ईरान का नौसैनिक बारूदी सुरंग से टकराने का दावा; तेल सप्लाई पर कितना असर?","category":{"title":"World","title_hn":"दुनिया","slug":"world"}}
होर्मुज में दो तेल टैंकरों में धमाका: ईरान का नौसैनिक बारूदी सुरंग से टकराने का दावा; तेल सप्लाई पर कितना असर?
Mon, 02 Nov 2026 08:28 AM IST
शिवम गर्ग
एएनआई, तेहरान
एएनआई, तेहरान
Published by: शिवम गर्ग
Updated Mon, 02 Nov 2026 08:28 AM IST
सार
होर्मुज जलडमरूमध्य में दो तेल टैंकरों में धमाके की खबर सामने आई है। ईरान ने दावा किया है कि जहाज नौसैनिक बारूदी सुरंगों से टकराए थे। वहीं, कतर के LNG जहाज पर हमले के बाद सऊदी अरब और यूएई ने भी चिंता जताई है। इन घटनाओं का समुद्री सुरक्षा और तेल आपूर्ति पर क्या असर पड़ सकता है? आइए, जानते हैं...
विज्ञापन
होर्मुज में तेल टैंकर में धमाका (सांकेतिक तस्वीर)
- फोटो : Amar Ujala Graphics
विस्तार
ईरान के होर्मुज जलडमरूमध्य में दो तेल टैंकरों में जोरदार धमाके होने का दावा किया गया है। ईरान की इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स (IRGC) की नौसेना के मुताबिक, दोनों जहाज प्रतिबंधित समुद्री रास्ते से गुजरने की कोशिश कर रहे थे। इसी दौरान वे कथित तौर पर नौसैनिक बारूदी सुरंगों से टकरा गए। इनमें एक सुपरटैंकर भी शामिल था।
विज्ञापन
ईरान के सरकारी चैनल प्रेस टीवी ने आईआरजीसी नौसेना के जनसंपर्क कार्यालय के बयान के हवाले से बताया कि एक टैंकर में जोरदार धमाके के बाद आग लग गई। ईरानी नौसेना का आरोप है कि दोनों जहाजों ने अपने नेविगेशन और पहचान सिस्टम बंद कर दिए थे। इसके अलावा प्रतिबंधित रास्ते पर नहीं जाने की कई चेतावनियों को भी नजरअंदाज किया।
विज्ञापन
होर्मुज में एक अन्य जहाज पर हमले की सूचना
इस बीच, ब्रिटेन की समुद्री व्यापार संचालन एजेंसी (UKMTO) ने भी होर्मुज जलडमरूमध्य में एक व्यापारिक जहाज पर हमले की सूचना दी। एजेंसी ने 1 नवंबर को जारी चेतावनी में बताया कि उसे अंतरराष्ट्रीय समयानुसार करीब 15:09 बजे इस घटना की जानकारी मिली थी। UKMTO के अनुसार, एक व्यापारिक जहाज के कप्तान ने रेडियो के जरिए आपातकालीन संदेश भेजा। उन्होंने बताया कि एक अन्य जहाज पर किसी अज्ञात चीज से हमला किया गया है। एजेंसी ने इस रास्ते से गुजरने वाले जहाजों को सतर्क रहने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना देने की सलाह दी है।
विज्ञापन
कतर के LNG जहाज पर हमले की सऊदी अरब ने की निंदा
इस घटनाक्रम के बीच सऊदी अरब ने कतर गैस ट्रांसपोर्ट कंपनी के जहाज 'अल मयेडा' को अरब की खाड़ी में निशाना बनाए जाने की निंदा की है। यह जहाज तरलीकृत प्राकृतिक गैस (LNG) का परिवहन करता है। सऊदी विदेश मंत्रालय ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर बयान जारी कर कहा कि समुद्री रास्तों और वैश्विक ऊर्जा आपूर्ति को खतरे में डालने वाली घटनाएं स्वीकार नहीं हैं। सऊदी अरब ने कतर के साथ एकजुटता जताई और समुद्री सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए अंतरराष्ट्रीय स्तर पर तत्काल कदम उठाने की अपील की। संयुक्त अरब अमीरात (UAE) ने भी कतर के जहाज अल मयेडा को निशाना बनाए जाने की निंदा की है।
30 अक्तूबर को भी टैंकर पर हुआ था हमला
इससे पहले 30 अक्तूबर को UKMTO ने ओमान के खासाब शहर से करीब 25 समुद्री मील उत्तर-पूर्व में एक तेल टैंकर पर हमले की जानकारी दी थी। एजेंसी के मुताबिक, एक छोटी नाव टैंकर के पास पहुंची और उसके पानी की सतह से ऊपर वाले हिस्से में दो विस्फोटक उपकरण लगा दिए। इसके बाद जहाज के इंजन रूम में आग लग गई और टैंकर कुछ समय के लिए काम करना बंद कर गया। हालांकि, इस घटना में चालक दल के सभी सदस्य सुरक्षित बताए गए थे।