सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   World ›   World News Updates Balochistan Nepal China Russia Ukraine Politics Crime Iran US West Asia UN and Global event

World News: बलूचिस्तान में PAK के सुरक्षाबलों ने मारे 17 संदिग्ध विद्रोही; शटल ट्रेन पर हमले के बाद कार्रवाई

वर्ल्ड डेस्क, अमर उजाला। Published by: Jyoti Bhaskar Updated Wed, 03 Jun 2026 07:53 AM IST
विज्ञापन
World News Updates Balochistan Nepal China Russia Ukraine Politics Crime Iran US West Asia UN and Global event
दुनिया की बड़ी खबरें - फोटो : amar ujala graphics
विज्ञापन
पिछले सप्ताह बलूचिस्तान में एक शटल ट्रेन पर बम हमले के बाद पाकिस्तानी सुरक्षा बलों ने 17 संदिग्ध आतंकवादियों को मार गिराया है। 24 मई को क्वेटा में हुए संदिग्ध आत्मघाती हमले में 16 लोग मारे गए थे, जिनमें तीन सुरक्षाकर्मी शामिल थे। पाकिस्तान सेना के आईएसपीआर के अनुसार, घटना के बाद सुरक्षा बलों ने बलूचिस्तान के विभिन्न जिलों में खुफिया-आधारित अभियान चलाए। इन अभियानों में मस्तंग, नुश्की, ज़ेहरी, खुज़दार और केच में विद्रोहियों के कई ठिकानों को निशाना बनाया गया। फिटना-अल-हिंदोस्तान से जुड़े 17 आतंकवादी भारी गोलीबारी में मारे गए। सुरक्षा बलों ने आतंकवादियों से हथियार, गोला-बारूद, विस्फोटक और तैयार आईईडी बरामद किए। सुरक्षाबलों के मुताबिक मारे गए विद्रोही पाकिस्तानी क्षेत्र में कई आतंकी वारदातों में शामिल थे। बचे हुए आतंकवादियों को खत्म करने के लिए प्रभावित क्षेत्रों में तलाशी अभियान जारी हैं।
Trending Videos


 

किशोरों की सुरक्षा के लिए मेटा ने सभी देशों में लागू किया सख्त कंटेंट सेटिंग्स
किशोरों की सुरक्षा और मानसिक सेहत को लेकर बढ़ते वैश्विक दबाव के बीच सोशल मीडिया दिग्गज मेटा ने बड़ा कदम उठाया है। कंपनी ने इंस्टाग्राम, फेसबुक और मैसेंजर पर किशोरों के लिए कंटेंट सेटिंग्स का दायरा वैश्विक स्तर पर बढ़ा दिया है। इस पहल की शुरुआत पिछले साल अक्तूबर में कुछ चुनिंदा देशों से हुई थी, जिसका मकसद बच्चों को अनुपयुक्त सामग्री से बचाना है। मेटा ने कहा है कि अब किशोरों के खातों (अकाउंट्स) के लिए 13+ कंटेंट सेटिंग्स को डिफॉल्ट रूप से लागू कर दिया गया है। इसके अलावा इस साल के अंत तक फेसबुक और मैसेंजर पर अधिक प्रतिबंधात्मक अनुभव देने वाली लिमिटेड कंटेंट सेटिंग भी पेश की जाएगी। 
मेटा ने जानकारी दी कि वह इंस्टाग्राम पर एक नए फीचर का परीक्षण कर रहा है, जो किशोरों को एक ही तरह के कंटेंट को बार-बार देखने से रोकेगा और उनके फीड में विविधता लाएगा। मेटा ने कहा कि हम मानते हैं कि पोषण, वेटलिफ्टिंग या चिंता (एंग्जायटी) से निपटने से जुड़े पोस्ट मददगार हो सकते हैं, लेकिन इन्हें बार-बार दिखाने के बजाय अन्य प्रकार के कंटेंट के साथ संतुलित किया जाना चाहिए। यह कदम ऐसे समय में आया है, जब हाल में (25 मार्च को) लॉस एंजिल्स की एक जूरी ने मेटा और गूगल को युवाओं के लिए हानिकारक प्लेटफॉर्म डिजाइन करने का दोषी पाते हुए जुर्माना लगाया था। साथ ही मेटा ने अप्रैल में निवेशकों को चेतावनी दी थी कि युवाओं की सुरक्षा से जुड़े कानूनी और नियामक फैसलों से उनके बिजनेस और वित्तीय नतीजों पर गंभीर असर पड़ सकता है।
 
विज्ञापन
विज्ञापन

सांस्कृतिक और पर्यटन संबंध बढ़ाएंगे भारत और चीन
शंघाई में भारत के महावाणिज्य दूत प्रतीक माथुर ने चीन के सांस्कृतिक अधिकारियों से मुलाकात कर द्विपक्षीय सांस्कृतिक और पर्यटन संबंधों को मजबूत करने पर चर्चा की। गुओयुन अमूर्त सांस्कृतिक विरासत केंद्र के सीईओ झांग जियाक्सिंग के साथ बैठक में उन्होंने अतुल्य भारत अभियान के तहत जन-सांस्कृतिक जुड़ाव बढ़ाने पर जोर दिया। इसके अलावा, आगामी अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के उपलक्ष्य में सुझोउ-कुनशान क्षेत्र में बने एक योग शिविर का उद्घाटन किया। 
विज्ञापन

पाकिस्तान में आत्मघाती हमला नाकाम, चार आतंकी मारे गए
पाकिस्तान के उत्तर-पश्चिमी खैबर पख्तूनख्वा प्रांत में सुरक्षाबलों ने मंगलवार को आत्मघाती हमला नाकाम कर चार आतंकियों को मारा गिराया। तहरीक-ए- तालिबान पाकिस्तान (टीटीपी) से जुड़े ये सभी आतंकी उत्तरी वजीरिस्तान जिले के मीरानशाह के पास एक सुरक्षा चौकी को विस्फोटकों से भरी गाड़ी से निशाना बनाने की फिराक में थे। हालांकि, सतर्क सुरक्षाकर्मियों ने खतरे को भांप लिया और वाहन को उसके लक्ष्य तक पहुंचने से पहले ही नष्ट कर दिया। इस अभियान में चार आतंकी मारे गए। 

भारत ने अफ्रीकी देशों को भेजी चिकित्सा सहायता की दूसरी खेप
भारत ने इबोला प्रकोप से जूझ रहे अफ्रीकी देशों की मदद के लिए 43 टन चिकित्सा सहायता की दूसरी खेप भेजी है। इसमें सुरक्षात्मक उपकरण, निदान एवं निगरानी उपकरण, दवाएं शामिल हैं। विदेश मंत्री एस जयशंकर ने मंगलवार को सोशल मीडिया में यह जानकारी दी और उम्मीद जताई कि इस सहायता से अफ्रीकी संघ को इबोला से निपटने की क्षमताओं को मजबूती मिलेगी। इससे पहले, 29 मई को अफ्रीकी संघ को चिकित्सा सहायता की पहली खेप भेजी गई थी। 
 

अमेरिका में रिंग कंपनी पर निजता के उल्लंघन का आरोप, केस दर्ज
अमेरिका में अमेजन की सहायक कंपनी रिंग के खिलाफ केस दर्ज किया गया है। वर्जीनिया के एक निवासी ने सिएटल फेडरल कोर्ट में याचिका दायर कर कंपनी पर निजता के उल्लंघन आरोप लगाया है। उनका दावा है कि रिंग स्मार्ट डोरबेल का फैमिलियर फेसेस फीचर एआई का इस्तेमाल कर बिना सहमति के राहगीरों के चेहरे का डाटा और तस्वीरें रिकॉर्ड करता है। याचिकाकर्ता ने प्रभावित लोगों के लिए कम से कम 5 मिलियन डॉलर (41 करोड़) के हर्जाने की मांग की है। 

565 भारतीय शांतिरक्षकों को संयुक्त राष्ट्र पदक
संघर्ष प्रभावित दक्षिण सूडान में आम नागरिकों की रक्षा करने और शांति निर्माण में सहयोग के लिए संयुक्त राष्ट्र मिशन में सेवाएं दे रहे 565 भारतीय शांतिरक्षकों को सम्मानित किया गया। भारतीय शांतिरक्षकों को उनके समर्पण व प्रतिबद्धता के लिए सम्मान मिला, जिनमें इनमें 53 महिलाएं भी शामिल हैं। सम्मानित होने वालों में भारत के 565 व रवांडा के 464 शांतिरक्षकों को यूएन सम्मान पदक दिया गया। दक्षिण सूडान में संयुक्त राष्ट्र मिशन ने मलाकाल शहर में सम्मान समारोह आयोजित किया। 
 

चीन में शीर्ष मानचित्र वैज्ञानिक हिरासत में
चीन के जाने-माने मानचित्र (कार्टोग्राफिक) वैज्ञानिक और इंस्टीट्यूट ऑफ ज्योग्राफिक साइंसेज के पूर्व उप निदेशक झोउ चेंगहू (62) को भ्रष्टाचार के आरोप में हिरासत में लिया गया है। चीन की शीर्ष अनुशासन और निगरानी संस्था केंद्रीय अनुशासन निरीक्षण आयोग (सीसीडीआई) ने सोमवार को बताया कि झोउ पर गंभीर कर्तव्य उल्लंघन के आरोपों में जांच चल रही है। हांगकांग के एक अखबार ने मंगलवार को यह खबर प्रकाशित की है। हालांकि, सीसीडीआई ने आरोपों का विस्तृत विवरण साझा नहीं किया है।  झोउ को अप्रैल के अंत में संस्थान की इमारत से हिरासत में लिया गया था। वह 20 से अधिक कंपनियों से जुड़े थे और कम-से-कम 17 में उनके शेयर थे। 
 

अमेरिका में हिंदुओं से घृणा व मंदिरों पर हमलों के निंदा प्रस्ताव को समर्थन
अमेरिकी संसद (कांग्रेस) के प्रमुख भारतवंशी सांसद रो खन्ना ने प्रतिनिधि सभा (निचले सदन) के उस प्रस्ताव का समर्थन किया, जिसमें अमेरिकी अर्थव्यवस्था के भीतर हिंदू-अमेरिकी समुदाय के योगदान की सराहना की गई है। इसमें हिंदुओं के प्रति घृणा, हिंदू-विरोधी कट्टरता तथा समुदाय के पूजा स्थलों पर हमलों की निंदा की गई है। यह प्रस्ताव मिशिगन से डेमोक्रेटिक पार्टी के सांसद श्री थानेदार ने पेश किया। पिछले साल 24 जनवरी को लाए गए इस प्रस्ताव को अब तक राजा कृष्णमूर्ति और सुहास सुब्रमण्यम सहित 32 सांसद सह-प्रायोजित कर चुके हैं। कैलिफोर्निया का प्रतिनिधित्व करने वाले डेमोक्रेट सांसद खन्ना ने एक पोस्ट में प्रस्ताव के समर्थन की घोषणा की। वह बोले, मुझे थानेदार के प्रतिनिधि सभा में पेश प्रस्ताव संख्या 69 को सह-प्रायोजित करने पर गर्व है। प्रस्ताव में अमेरिका में बढ़ती हिंदुओं के प्रति घृणा, हिंदू-विरोधी कट्टरता, नफरत और असहिष्णुता की निंदा करते हुए कहा गया है कि देश में सकारात्मक योगदान के बावजूद हिंदू-अमेरिकियों को अपनी विरासत और प्रतीकों को लेकर रूढ़ धारणाओं तथा दुष्प्रचार का सामना करना पड़ता है।

हिंदू विश्व के प्राचीन धर्मों में एक
प्रस्ताव में कहा गया कि हिंदू धर्म दुनिया के सबसे बड़े और सबसे प्राचीन धर्मों में से एक है तथा 100 से अधिक देशों में 1.2 अरब से अधिक हिंदू हैं। इसमें कहा गया है कि हिंदू धर्म में विविध परंपराएं और आस्था प्रणालियां समाहित हैं जिनमें स्वीकार्यता, परस्पर सम्मान और शांति जैसे सार्वभौमिक मूल्य निहित हैं।
 

पीओके में मानवाधिकारों का हनन, मिर्जा ने पीएम मोदी से मांगी मदद
पाकिस्तान के अवैध कब्जे वाले कश्मीर (पीओके) के मानवाधिकार कार्यकर्ता अमजद अयूब मिर्जा ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से वहां जारी मानवाधिकारों के हनन और राजनीतिक दमन को रोकने के लिए तुरंत हस्तक्षेप करने की अपील की है। अयूब मिर्जा ने आरोप लगाया कि क्षेत्र में नागरिक अधिकारों के लिए आवाज उठाने वाले कार्यकर्ताओं को लगातार निशाना बनाया जा रहा है। मिर्जा के अनुसार राजनीतिक प्रतिनिधित्व और आर्थिक अधिकारों की मांग दबाने के लिए गिलगित-बाल्टिस्तान अवामी एक्शन कमेटी के कई शीर्ष नेताओं को जेल में डाल दिया गया है। उन्होंने आशंका जताई कि पाकिस्तानी सुरक्षा एजेंसियां 9 जून को प्रस्तावित आम हड़ताल से पहले जॉइंट अवामी एक्शन कमेटी पर बड़ा क्रैकडाउन करने की तैयारी में हैं। क्षेत्र के आर्थिक संकट का जिक्र करते हुए मिर्जा ने कहा कि ईद के दिन भी सैकड़ों स्वास्थ्यकर्मियों का प्रदर्शन करना जनता के गहरे आक्रोश को दिखाता है। उन्होंने कहा कि पीएम मोदी का विकास मॉडल ही वहां के लोगों को सम्मान का जीवन दे सकता है, इसलिए भारत इस मुद्दे को अंतरराष्ट्रीय मंचों पर उठाए। 
 
विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get latest World News headlines in Hindi related political news, sports news, Business news all breaking news and live updates. Stay updated with us for all latest Hindi news.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

एप में पढ़ें

Followed