विदेश के समाचार: 12 डिग्री वाले शख्स की चर्चा, पढ़ने पर पैसे देगा सिंगापुर; खाड़ी में जहाज पर हमला
12 डिग्रियां लेकर दुनिया के सबसे पढ़े लिखे इंसान बनने की राह पर न्यूजीलैंड के बीटन
न्यूजीलैंड के 31 वर्षीय जेमी बीटन दुनिया के सबसे अधिक शिक्षित लोगों में शामिल होने की राह पर हैं। हार्वर्ड, येल, ऑक्सफोर्ड, स्टैनफोर्ड और प्रिंसटन जैसे प्रतिष्ठित विश्वविद्यालयों से वह अब तक 12 उच्च डिग्रियां हासिल कर चुके हैं और उनकी पढ़ाई अभी जारी है।
इससे पहले सबसे अधिक डिग्रियां हासिल करने वालों में बेंजामिन बी. बोल्गर के नाम 16 और माइकल निकोलसन के नाम 30 से अधिक डिग्रियां बताई जाती हैं। बीटन ने हाईस्कूल के अंतिम वर्ष में जरूरी पाठ्यक्रमों से दोगुने से अधिक विषय पढ़े और हार्वर्ड, येल व प्रिंसटन समेत 25 विश्वविद्यालयों में दाखिला मिला। 2016 में उन्होंने हार्वर्ड से मैग्ना कम लाउड सम्मान के साथ पढ़ाई पूरी की। फिलहाल वह ब्राउन यूनिवर्सिटी से डाटा साइंस में मास्टर की पढ़ाई भी कर रहे हैं। एजेंसी
बीटन ने पढ़ाई के साथ क्रिमसन एजुकेशन की स्थापना की, जो छात्रों को प्रतिष्ठित विश्वविद्यालयों में प्रवेश की तैयारी में मदद करती है। कंपनी में उनके अनुसार करीब 1,200 पूर्णकालिक कर्मचारी हैं और अब तक करीब 10 हजार छात्र इसकी सेवाएं ले चुके हैं। बीटन का कहना है कि शुरुआती पांच डिग्रियां कौशल हासिल करने के उद्देश्य से थीं, लेकिन इसके बाद वह बढ़ते गए।
सिंगापुर। सिंगापुर अपने नागरिकों की लगातार स्क्रीन से चिपके रहने की बुरी आदत (डूमस्क्रॉलिंग) छुड़ाने के लिए दिन में कम से कम 15 मिनट किताब पढ़ने के एवज में पैसे दे रहा है। इस समृद्ध देश ने इसी महीने शुरू की गई इस रणनीति को गेमिफिकेशन नाम दिया है। सरकार को उम्मीद है कि इस पहल से लोगों की एकाग्रता, सोच-समझकर फैसला लेने की क्षमता और कल्पनाशीलता बेहतर होगी। योजना के तहत, पढ़ने वालों को कुछ अंक मिल रहे हैं जिन्हें सेंट के बदले भुनाया जा सकता है। लोगों को 80 सेंट यानी एक डॉलर पाने के लिए एक सरकारी वेबसाइट पर रोजाना 50 रीडिंग सेशन लॉग करने होंगे। 15 मिनट के हर रीडिंग सेशन के लिए 20 वर्चुअल क्वाइन मिलेंगे और एक डॉलर के पेमेंट के लिए 1,000 क्वाइन की जरूरत होगी।
नेशनल लाइब्रेरी बोर्ड की प्रमुख मेलिसा टैम ने कहा कि पढ़ने की आदतें छोटे और आसानी से पूरे किए जा सकने वाले कदमों से बनती हैं। उन्होंने कहा, हम ऐसी दुनिया में रहते हैं जहां कंटेंट, जानकारी और प्रेरणा की भरमार है। हम जानते हैं कि आदतें छोटे-छोटे, लगातार किए जाने वाले काम से बनती हैं। इसलिए हम एक आसान लक्ष्य से शुरुआत कर रहे हैं, बस रोज 15 मिनट पढ़ना। बस में, सोने से पहले या लंच के समय। इससे पहले भी स्वास्थ्य से जुड़ी पहल के तहत सरकार पैदल चलने के लिए सुपरमार्केट वाउचर और रोजाना तय कदम चलने के लक्ष्य को पूरा करने पर इनाम देती रही है।
धार्मिक स्थलों के आसपास 100 फीट का होगा प्रदर्शन-मुक्त क्षेत्र
अमेरिका में सांसदों ने धार्मिक स्थलों पर पूजा-अर्चना के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षित आवाजाही सुनिश्चित करने के लिए एक विधेयक को जल्द पारित करने की मांग की है। प्रस्तावित ‘राइट टू वर्शिप एक्ट’ के तहत पूजा स्थलों के आसपास 100 फीट का प्रदर्शन-मुक्त क्षेत्र बनाने और धार्मिक सेवाओं के दौरान लोगों को वहां पहुंचने से जानबूझकर रोकने या बाधा डालने को गैरकानूनी बनाने का प्रावधान है। बुधवार को कैपिटल हिल में हिंदू, सिख और यहूदी समुदायों समेत 30 से अधिक संगठनों ने विधेयक के समर्थन में रैली की। डेमोक्रेटिक सांसद टॉम सूजी और रिपब्लिकन सांसद ब्रैड नॉट ने इसे पेश किया है। सूजी ने कहा कि किसी व्यक्ति को अपने पूजा स्थल में प्रवेश के लिए असाधारण साहस दिखाने की जरूरत नहीं होनी चाहिए, जबकि नॉट ने कहा कि पूजा करने का अधिकार खतरे में है और यह अमेरिकी संविधान के प्रथम संशोधन के तहत संरक्षित अधिकार है। हिंदू अमेरिकन फाउंडेशन की कार्यकारी निदेशक सुहाग शुक्ला ने अमेरिका के हिंदू मंदिरों में श्रद्धालुओं को परेशान किए जाने और धार्मिक सेवाओं में बाधा डालने की घटनाओं पर चिंता जताई। प्रस्तावित कानून में 100 फीट के दायरे में जानबूझकर बाधा डालने या उत्पीड़न करने पर नागरिक दंड का प्रावधान भी है।