अंतरराष्ट्रीय डायरी: यमन में लड़ाई तेज, मिस्र का सऊदी अरब को समर्थन; US में सड़क हादसा, 45+ मवेशियों की मौत
मिस्र के शीर्ष सुरक्षा निकाय ने रविवार को यमन में ईरान समर्थित हूती विद्रोहियों के खिलाफ सऊदी अरब का समर्थन करने पर सहमति जताई। सऊदी अरब सैन्य सहायता के लिए सहयोगियों पर दबाव डाल रहा है। हूतियों ने सऊदी अरब के हवाई अड्डों और तेल बुनियादी ढांचे पर बार-बार हमला किया है। इन हमलों में कम से कम 19 लोग मारे गए हैं। हजारों उड़ानें प्रभावित हुई हैं और वैश्विक बाजार भी हिल गए हैं। मिस्र की यह घोषणा सऊदी क्राउन प्रिंस की यात्रा के एक महीने बाद हुई। राष्ट्रपति अब्देल-फत्ताह अल-सिसी की अध्यक्षता में राष्ट्रीय रक्षा परिषद ने सऊदी अरब की सुरक्षा के लिए "सभी संभव प्रकार के समर्थन" देने का निर्णय लिया। हालांकि, इसका विवरण नहीं दिया गया। अल-सिसी ने शनिवार को संसद से विदेशों में सेना और सैन्य उपकरण तैनात करने की अनुमति देने का भी आग्रह किया।
हाईवे ओवरपास से गिरा ट्रक, दर्जनों मवेशियों की मौत
अमेरिका में मिसौरी के कंसास सिटी में रविवार तड़के (स्थानीय समयानुसार) एक सेमीट्रैक्टर-ट्रेलर हाईवे ओवरपास से नीचे सड़क पर जा गिरा। यह ट्रक एक कार पर भी गिरा, जिससे दर्जनों मवेशी सड़क पर बिखर गए। कंसास सिटी पुलिस सार्जेंट फिल डिमार्टिनो ने बताया कि ट्रक में 120 से 130 मवेशी थे। इनमें से 45 से 60 मवेशी मारे गए। ट्रक चालक और कार चालक को मामूली चोटें आईं। उन्हें स्थानीय अस्पतालों में इलाज के लिए भर्ती कराया गया। दुर्घटना के बाद दर्जनों गायें भाग निकलीं। शहर के अधिकारियों ने मवेशियों का पता लगाने के लिए ड्रोन का इस्तेमाल किया। बाद में एक निजी कंपनी ने घुड़सवार कर्मचारियों के साथ मिलकर बचे हुए मवेशियों को इकट्ठा किया। रविवार दोपहर तक सभी मवेशियों का पता लगा लिया गया।