Exclusive News एक्सक्लूसिव खबरें
Free E-Paper फ्री में ई-पेपर पढ़ें
ऐप डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   World ›   yemen-houthis-advance-70-km-from-aden-bab-al-mandeb-strait-saudi-arabia-led-army

यमन में जंग तेज: बाब अल-मंदेब पर हूती लड़ाकों का नियंत्रण, अदन से महज 70 किमी दूर; सरकारी सेना ने छोड़े मोर्चे

Mon, 16 Nov 2026 08:44 AM IST
देवेश त्रिपाठी आईएएनएस, अदन
आईएएनएस, अदन Published by: देवेश त्रिपाठी Updated Mon, 16 Nov 2026 08:44 AM IST
सार

यमन में हूती विद्रोहियों ने अपनी स्थिति मजबूत करते हुए दक्षिणी बंदरगाह शहर अदन से करीब 70 किलोमीटर दूर तक बढ़त बना ली है। सऊदी अरब के नेतृत्व वाले गठबंधन के समर्थन से सरकारी बलों ने बाब अल-मंदेब जलडमरूमध्य पर नियंत्रण हासिल करने के लिए अभियान चलाया था, लेकिन करीब 40 दिन बाद उन्हें पीछे हटना पड़ा।

विज्ञापन
yemen-houthis-advance-70-km-from-aden-bab-al-mandeb-strait-saudi-arabia-led-army
यमन में फिर तेज हुई जंग - फोटो : अमर उजाला ग्राफिक्स

विस्तार

यमन में हूती विद्रोहियों ने अपनी बढ़त जारी रखते हुए दक्षिणी बंदरगाह शहर अदन से करीब 70 किलोमीटर दूर तक अपनी स्थिति मजबूत कर ली है। अदन यमन की अंतरराष्ट्रीय स्तर पर मान्यता प्राप्त सरकार का प्रमुख केंद्र है। समाचार एजेंसी शिन्हुआ ने सरकारी सैन्य सूत्र के हवाले से यह जानकारी दी है।
विज्ञापन


सूत्र ने रविवार को बताया कि सऊदी अरब के नेतृत्व वाले गठबंधन के समर्थन से सरकारी बलों ने बाब अल-मंदेब जलडमरूमध्य के आसपास सीमित इलाकों पर फिर से कब्जा करने के लिए बड़ा सैन्य अभियान शुरू किया था। हालांकि, महज 40 दिन में सरकारी बलों को अपनी बढ़त वाले इलाकों से पीछे हटना पड़ा। सूत्र के मुताबिक, हूती विद्रोहियों ने बाब अल-मंदेब और उसके आसपास के क्षेत्रों पर अपना नियंत्रण मजबूत कर लिया है।
विज्ञापन


हूती लड़ाकों के शहर घुसने की आशंका बढ़ी
एक सैन्य सूत्र ने कहा कि अभियान नाकाम रहा है और आगे की कार्रवाई को लेकर कोई स्पष्ट योजना नहीं है। उसने चेतावनी दी कि सरकारी बलों की वापसी से अदन की पश्चिमी दिशा में सुरक्षा कमजोर हुई है। इससे हूती लड़कों के शहर की ओर बढ़ने की आशंका बढ़ गई है।
विज्ञापन
विज्ञापन


अदन के पास सुनाई दे रहे धमाके, लौट रहे सैन्य वाहन
पश्चिमी अदन के अल-बुराइकह जिले के निवासियों ने शिन्हुआ को बताया कि उन्हें आसपास के इलाकों से धमाकों और गोलीबारी की आवाजें सुनाई दे रही हैं। उन्होंने रविवार को बाब अल-मंदेब मोर्चे से सैन्य वाहनों और सैनिकों के काफिले लौटते हुए भी देखे।

सरकार समर्थक बलों ने बाब अल-मंदेब जलडमरूमध्य के आसपास ऊंचाई वाले मोर्चों से पीछे हटने की घोषणा की है। इससे पहले हूती लड़ाकों ने दक्षिणी प्रांत लहज में कई रणनीतिक ठिकानों पर कब्जा कर लिया था। इन ठिकानों से अदन और बाब अल-मंदेब जलडमरूमध्य की ओर जाने वाले महत्वपूर्ण रास्तों पर नजर रखी जा सकती है।

खराज ठिकाने का नुकसान बड़ा झटका
मैदान में मौजूद एक सैन्य सूत्र ने खराज इलाके पर नियंत्रण खोने को बड़ी सैन्य नाकामी बताया। उसके मुताबिक, यह ठिकाना अदन की पश्चिमी दिशा से आने वाले हमलों को रोकने और बाब अल-मंदेब जलडमरूमध्य की ओर जाने वाले रास्तों की सुरक्षा के लिहाज से अहम था।

दूसरे सैन्य सूत्र ने इन नाकामियों के लिए जायंट्स ब्रिगेड के कमजोर प्रदर्शन को भी जिम्मेदार बताया। यह एक शक्तिशाली सैन्य बल है, जिसे पहले अदन के पास गठित किया गया था। सूत्र का दावा है कि मौजूदा सऊदी नेतृत्व वाली सैन्य व्यवस्था के तहत इस बल को उम्मीद से कहीं तेजी से हार का सामना करना पड़ा है। इससे उसकी लड़ाकू क्षमता में गिरावट का संकेत मिलता है।

सऊदी अरब और दक्षिणी अलगाववादी समूह के बीच तनाव
सैन्य सूत्र ने हूती विद्रोहियों के खिलाफ लड़ रहे गुटों के बीच मतभेदों को भी सरकारी बलों की कमजोर स्थिति की वजह बताया। खास तौर पर सऊदी अरब और दक्षिणी अलगाववादी संगठन सदर्न ट्रांजिशनल काउंसिल के बीच तनाव का जिक्र किया गया है।

यह संगठन दक्षिणी यमन में प्रभावशाली है और उसके पास मजबूत सैन्य क्षमता है। हालांकि, वह हालिया सैन्य अभियान से काफी हद तक अलग रहा है। एक सैन्य सूत्र ने चेतावनी दी कि दक्षिणी बलों को कमजोर करने से हूती लड़कों को आगे बढ़ने का और मौका मिलेगा।

लाल सागर और अदन की खाड़ी के बीच अहम समुद्री रास्ता
बाब अल-मंदेब जलडमरूमध्य लाल सागर को अदन की खाड़ी से जोड़ता है। यह दुनिया के महत्वपूर्ण समुद्री मार्गों में से एक है। इस पर नियंत्रण को लेकर जारी संघर्ष ने सऊदी नेतृत्व वाले गठबंधन के अभियान के सामने मुश्किलें बढ़ा दी हैं। सऊदी अरब के समर्थन के बावजूद सरकारी बल हूती लड़ाकों की बढ़त रोकने में संघर्ष कर रहे हैं। गठबंधन के सहयोगी गुटों के बीच मतभेदों ने भी रणनीतिक इलाकों पर दोबारा नियंत्रण हासिल करने की कोशिशों को मुश्किल बना दिया है।


2014 से जारी है यमन में संघर्ष
यमन में संघर्ष 2014 के आखिर में शुरू हुआ था, जब हूती विद्रोहियों ने राजधानी सना और देश के बड़े उत्तरी हिस्से पर कब्जा कर लिया था। इसके बाद 2015 में सऊदी अरब के नेतृत्व वाले गठबंधन ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर मान्यता प्राप्त यमन सरकार के समर्थन में सैन्य हस्तक्षेप किया था। इसके बावजूद देश में संघर्ष जारी है।
विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get latest World News headlines in Hindi related political news, sports news, Business news all breaking news and live updates. Stay updated with us for all latest Hindi news.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

Followed