Car of the Year 2026: इस साल BMW iX3 ने जीता का 'वर्ल्ड कार ऑफ द ईयर' अवार्ड, जानें क्या है इस गाड़ी में खास
Car Of The Year 2026: BMW की नई इलेक्ट्रिक एसयूवी iX3 ने शानदार परफॉरमेंस और तकनीक के दम पर 2026 'वर्ल्ड कार ऑफ द ईयर' (WCOTY) का प्रतिष्ठित अवार्ड जीत लिया है। जानिए इस कार के हर उस फीचर के बारे में जिसकी वजह से इसे ये अवार्ड मिला।
विस्तार
अमेरिका के न्यूयॉर्क में आयोजित हुए न्यूयॉर्क इंटरनेशनल ऑटो शो 2026 (NYIAS) में BMW iX3 ने 'वर्ल्ड कार ऑफ द ईयर' खिताब अपने नाम कर लिया है। यह कार BMW की नई 'न्यू क्लास' सीरीज का पहला प्रोडक्शन मॉडल है, जो पूरी तरह से इलेक्ट्रिक है। इस प्रतियोगिता में BMW iX3 ने 'वर्ल्ड कार ऑफ द ईयर' के साथ 'वर्ल्ड इलेक्ट्रिक व्हीकल' का खिताब भी जीता।
इस रेस में उसने निसान लीफ और ह्यूंदै पैलिसेड जैसी दमदार कारों को पछाड़कर यह मुकाम हासिल किया। अपनी बेहतरीन तकनीक, शानदार परफॉरमेंस और वैल्यू-फॉर-मनी होने के कारण इस कार को 'ईवी ऑफ द ईयर' का अवार्ड भी दिया गया है। वहीं, इस इवेंट के अन्य विजेताओं की बात करें तो ल्यूसिड ग्रेविटी ने 'लग्जरी कार ऑफ द ईयर' और माजदा 6e ने 'कार डिजाइन अवार्ड 2026' का खिताब जीता है। आइए विस्तार से जानते हैं कि आखिर BMW iX3 में ऐसा क्या खास है जो इसे दुनिया की सबसे बेहतरीन कार का इनाम मिला।
कीमत और भारत में लॉन्चिंग
कीमत और उपलब्धता की बात करें तो नई BMW iX3 को फिलहाल यूरोप, अमेरिका और एशिया के प्रमुख वैश्विक बाजारों में बिक्री के लिए उतारा जा रहा है। अगर अंतरराष्ट्रीय बाजार पर नजर डालें तो यूके में इसकी शुरुआती कीमत लगभग 73 लाख रुपये रखी गई है, जो इसके टॉप मॉडल के लिए 80 लाख रुपये तक जाती है। वहीं, अमेरिका में इसके करीब 50 लाख रुपये की शुरुआती कीमत पर उपलब्ध होने का अनुमान है। भारतीय ग्राहकों के लिए खबर यह है कि उन्हें इस शानदार इलेक्ट्रिक एसयूवी के लिए थोड़ा और इंतजार करना होगा। भारत में इसके 2027 तक लॉन्च होने की उम्मीद जताई जा रही है, जहां इसकी एक्स-शोरूम कीमत 65 से 70 लाख रुपये के बीच रहने की संभावना है।
बैटरी, पावर और रेंज
परफॉरमेंस के मामले में BMW iX3 एक असली चैंपियन साबित होती है। इसकी सबसे बड़ी ताकत इसका नया 800-वोल्ट इलेक्ट्रिक आर्किटेक्चर और 108.7 kWh का विशाल बैटरी पैक है। पावर की बात करें तो इसका डुअल-मोटर xDrive50 वर्जन 460 से भी ज्यादा हॉर्सपावर की जबरदस्त ताकत पैदा करता है। इसकी बदौलत यह कार मात्र 4.9 सेकंड में 0 से 100 किमी/घंटा की रफ्तार पकड़ लेती है। लंबी दूरी तय करने वालों के लिए भी यह एक बेहतरीन विकल्प है क्योंकि फुल चार्ज होने पर यह लगभग 640 किलोमीटर की शानदार रेंज देती है। साथ ही, इसकी चार्जिंग स्पीड भी काफी प्रभावशाली है, अल्ट्रा-फास्ट DC चार्जर की मदद से इसकी बैटरी को मात्र 21 मिनट में 10% से 80% तक चार्ज किया जा सकता है।
इंटीरियर और एडवांस्ड फीचर्स
कार के इंटीरियर में कदम रखते ही आपको किसी भविष्य की गाड़ी में बैठने का अहसास होता है। इसके डैशबोर्ड पर एक बेहद खूबसूरत कर्व्ड पैनोरमिक डिस्प्ले दिया गया है। इसमें नेविगेशन और मनोरंजन के लिए 17.9 इंच की बड़ी सेंट्रल टचस्क्रीन मौजूद है। केबिन को न केवल प्रीमियम फिनिश दी गई है, बल्कि इसमें पर्यावरण का ख्याल रखते हुए सस्टेनेबल मटीरियल का इस्तेमाल किया गया है। आरामदायक सीटों के साथ-साथ इसमें सामान रखने के लिए काफी बड़ा बूट स्पेस (डिग्गी) भी मिलता है। कनेक्टिविटी के लिहाज से भी यह कार काफी एडवांस्ड है, जहां वायरलेस एपल कारप्ले, एंड्रॉयड ऑटो और एक बेहतरीन ऑडियो सिस्टम इसके कई मॉडल्स में स्टैंडर्ड तौर पर मिलते हैं, जो आपके सफर को और भी मजेदार बना देते हैं।
सेफ्टी और खास तकनीक
BMW iX3 को 'वर्ल्ड कार ऑफ द ईयर' का खिताब मिलने के पीछे इसकी वर्ल्ड-क्लास सेफ्टी और नेक्स्ट-जनरेशन तकनीक का सबसे बड़ा हाथ है। इसकी सबसे अनोखी खूबी 'बाइ-डायरेक्शनल चार्जिंग' है। इसकी मदद से आप न सिर्फ कार चला सकते हैं, बल्कि जरूरत पड़ने पर कार की बैटरी से अपने घर की लाइट जला सकते हैं या किसी दूसरी इलेक्ट्रिक कार को चार्ज भी कर सकते हैं। सुरक्षा के लिहाज से इसमें रडार-बेस्ड इमरजेंसी ब्रेकिंग और लेन-कीपिंग असिस्ट जैसे कई एडवांस्ड ड्राइवर-असिस्ट फीचर्स दिए गए हैं, जो हर सफर को सुरक्षित बनाते हैं। इसके अलावा, कार का एयरोडायनामिक डिजाइन न केवल इसे एक मॉडर्न लुक देता है, बल्कि हवा के दबाव को कम करके सड़क पर बेहतर स्टेबिलिटी और लंबी रेंज भी सुनिश्चित करता है।