Ferrari EV: फेरारी की पहली इलेक्ट्रिक कार 'Luce' का इंटीरियर वीडियो आउट, केबिन में मिलेगी हेलिकॉप्टर वाली फील!
Ferrari Luce EV: फेरारी ने अपनी पहली इलेक्ट्रिक कार 'Luce' के इंटीरियर का वीडियो जारी कर दिया है। इसे Jony Ive की कंपनी LoveFrom के साथ मिलकर डिजाइन किया गया है। इस कार में 122 kWh बैटरी, लगभग 531 किमी की रेंज और 1 हजार HP की पावर मिलती है, जो इसे 2.5 सेकंड से भी कम में 0-96 किमी/घंटा तक पहुंचा देती है। खास बात यह है कि इसमें बड़ी टचस्क्रीन के बजाय स्मार्ट OLED डिस्प्ले, फिजिकल कंट्रोल्स और हेलिकॉप्टर-स्टाइल लॉन्च सिस्टम जैसे यूनिक फीचर्स दिए गए हैं, जो ड्राइविंग एक्सपीरियंस को पूरी तरह अलग बनाते हैं।
विस्तार
फेरारी ने अपनी पहली पूरी तरह से इलेक्ट्रिक कार, 'फेरारी लूचे' के शानदार इंटीरियर का वीडियो जारी किया है। इस कार को जाने-माने डिजाइनर और Apple के पूर्व हेड ऑफ डिजाइन, जॉनी इवे के साथ मिलकर तैयार किया गया है। दिलचस्प बात यह है कि जॉनी ने हाल ही में एक बयान में कहा था कि 'कार में एक बहुत बड़ी टचस्क्रीन काम नहीं करती है।' आइए इस लेख के जरिए जानते हैं कि फेरारी की इस पहली इलेक्ट्रिक कार में और क्या-क्या खासियतें होने वाली हैं।
कार की कुछ खास बातें
अगर इस 4-डोर और 4-सीटर कार की खासियतों की बात करें तो फेरारी लूचे में 122 kWh की एक दमदार बैटरी दी गई है, जो इसे फुल चार्ज पर लगभग 531 किलोमीटर तक की शानदार ड्राइविंग रेंज देती है। परफॉर्मेंस के मामले में यह एक आम फेरारी जैसी ही दमदार है। इसमें लगे चार इलेक्ट्रिक मोटर्स मिलकर 1,000 हॉर्सपावर (HP) की जबरदस्त ताकत पैदा करते हैं।
इसी पावर के दम पर, करीब 2313 किलोग्राम वजनी यह कार मात्र 2.5 सेकंड से भी कम समय में 0 से 96 किमी/घंटा की रफ्तार पकड़ लेती है। इसके अलावा, इसका ड्राइविंग एक्सपीरियंस और भी मजेदार होने वाला है, क्योंकि पूरी तरह से इलेक्ट्रिक होने के बावजूद ड्राइवर्स को इसमें 'नकली गियर शिफ्ट' का रोमांचक अहसास भी मिलेगा।
कैसा है डिजाइन और इंटीरियर?
फरवरी में फेरारी ने 'Luce' के नाम और इंटीरियर की कुछ झलकियां दिखाई थीं। इस प्रोजेक्ट पर फेरारी ने सैन फ्रांसिस्को की क्रिएटिव कंपनी 'LoveFrom' के साथ काम किया है। इसके फाउंडर जॉनी इवे और मार्क न्यूसन हैं। बता दें कि जॉनी इवे इससे पहले Apple के iPad, iPhone और MacBook के डिजाइन पर काम कर चुके हैं।
वीडियो की शुरुआत में फेरारी की 'प्रांसिंग हॉर्स' वाली चाबी को होल्डर में डालते हुए दिखाया गया है। इससे कार स्टार्ट होती है और स्टीयरिंग व्हील के पीछे एक शानदार डिजिटल डिस्प्ले ऑन हो जाता है। स्टीयरिंग व्हील पर अलग-अलग ड्राइविंग मोड्स (आइस, वेट, ड्राई और स्पोर्ट) दिखाई देते हैं। इसके अलावा, कार की स्मूथ लेदर सीट्स पर फेरारी का लोगो काफी बारीकी से उकेरा गया है।
Ferrari has released a new video of the interior for its first ever all-electric car, called the Ferrari Luce.
— Sawyer Merritt (@SawyerMerritt) April 15, 2026
It was designed with Apple's former head of design, Jony Ive, who recently said "a large touchscreen doesn't work in a car."
Car info:
• Four-door four-seater
• 122… pic.twitter.com/jiYUIca5Ax
स्मार्ट स्क्रीन और अनोखा मीटर
कार के इंटीरियर में बेहतरीन क्वालिटी की OLED स्क्रीन्स दी गई हैं, जो इसके डिजिटल अनुभव को बेहद शानदार बनाती हैं। इसका अनोखा 3D स्पीडोमीटर कई लेयर्स को मिलाकर तैयार किया गया है। इसमें ऊपरी लेयर्स में कट लगाकर इसे ऐसे डिजाइन किया गया है कि स्पीडोमीटर का ग्राफिक एक असली सुई के नीचे नजर आता है, जो एक कर्व्ड ग्लास के अंदर बेहद खूबसूरत 3D लुक देता है।
डैशबोर्ड के बीच में मौजूद इंफोटेनमेंट स्क्रीन का आकार बिल्कुल एक iPad जैसा है। इसके किनारे iPhone की तरह कर्व्ड हैं। इस स्क्रीन में जॉनी इवे के बेहतरीन डिजाइन की साफ झलक मिलती है। क्लाइमेट कंट्रोल के लिए इस स्क्रीन के ठीक नीचे कुछ फिजिकल बटन दिए गए हैं और सबसे खास बात यह है कि इस पूरी स्क्रीन को ड्राइवर या पैसेंजर अपनी सहूलियत के हिसाब से दाएं-बाएं घुमा सकते हैं। इसके अलावा, एकदम सही ड्राइविंग पोजीशन के लिए स्टीयरिंग व्हील और इसके पीछे के डिजिटल डिस्प्ले को भी ड्राइवर अपनी सुविधा और कद के अनुसार एक साथ ऊपर-नीचे एडजस्ट कर सकता है।
हेलिकॉप्टर जैसी फील
इस वीडियो का सबसे रोमांचक हिस्सा कार का 'लॉन्च कंट्रोल सिस्टम' है। कार को पूरी पावर के साथ लॉन्च करने के लिए ड्राइवर के सिर के ऊपर एक ग्रिप दिया गया है, जिसे नीचे खींचना होता है- बिल्कुल वैसे ही जैसे किसी हेलिकॉप्टर में होता है।
लॉन्च कब होगी?
फेरारी Luce का इंतजार अब खत्म होने वाला है। इस कार की कीमत और परफॉर्मेंस से जुड़े बाकी सभी फाइनल आंकड़े इस साल मई में इटली में होने वाले एक इवेंट में सामने आएंगे।

कमेंट
कमेंट X