Ford की बड़ी चूक: बिस्किट चोरी के आरोप में बेगुनाह कर्मचारी को निकाला, सच्चाई सामने आने के बाद फिर नहीं लौटा!
Innocence Ford Workers Fired Over An Alleged Cookie Theft: अमेरिका में फोर्ड के केंटकी ट्रक प्लांट में 11 साल से काम कर रहे एक कर्मचारी को सिर्फ इसलिए निकाल दिया गया क्योंकि कंपनी को लगा कि उसने बिस्किट चुराया है। कर्ट क्रोम नाम के व्यक्ति को मात्र 160 रुपए की बिस्किट चोरी के आरोप में नौकरी से निकाल दिया गया। बाद में जब उनके बैंक स्टेटमेंट की जांच की गई तो वे बेगुनाह साबित हुए। जिसके बाद कंपनी ने उन्हें दोबारा नौकरी पर रखने की पेशकश की लेकिन उन्होंने प्रस्ताव ठुकरा दिया।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
ऑटोमोबाइल इंडस्ट्री से एक बेहद हैरान करने वाला मामला सामने आया है। अमेरिका में फोर्ड के केंटकी ट्रक प्लांट में 11 साल से काम कर रहे एक सीनियर इलेक्ट्रीशियन को सिर्फ 1.95 डॉलर (करीब 160 रुपये) की चॉकलेट चिप कुकी (चॉकलेट वाला बिस्किट) के विवाद में नौकरी से निकाल दिया गया।
सबस्टैक के ऑटो न्यूजलेटर शिफ्टिंग गियर्स की एक रिपोर्ट के अनुसार, 60 वर्षीय कर्ट क्रोम को न सिर्फ नौकरी से निकाला गया, बल्कि सिक्योरिटी गार्ड्स ने उन्हें सरेआम चोर कहकर प्लांट से बाहर कर दिया। आइए जानते हैं क्या है यह पूरा विवाद:
क्या है पूरा मामला?
- पेमेंट हो गया फेल: पूरी घटना की शुरुआत कैंटीन के एक सीसीटीवी फुटेज से हुई। वहां लगे ऑटोमैटिक पेमेंट कियोस्क मशीन की स्क्रीन लाल हो गई थी, जिसका मतलब था कि पेमेंट फेल हो गया है।
- चोरी का आरोप: मैनेजमेंट और यूनियन के लोगों ने बिना पूरी जांच के यह मान लिया कि क्रोम ने कुकी चुराई है।
- नौकरी से निकाला: क्रोम के सुपरवाइजर ने उन्हें ऑफिस बुलाया और यूनियन के लोगों ने कहा, "हमने तुम्हें वीडियो में कुकी चुराते हुए पकड़ लिया है।" इसके बाद उन्हें बिना किसी औपचारिकता के तुरंत नौकरी से निकाल दिया गया।
कर्मचारी ने अपने सफाई में क्या कहा?
कर्ट क्रोम ने शुरुआत से ही कहा कि उन्होंने कुकी का पूरा पेमेंट किया था। वहां दो पेमेंट मशीनें थीं और हो सकता है कि उन्होंने दूसरी मशीन से पेमेंट किया हो। अपना बचाव करते हुए क्रोम ने एक बेहद वाजिब सवाल पूछा, "मैंने पिछले साल 200,000 डॉलर (करीब 1.6 करोड़ रुपये) से ज्यादा कमाए हैं। मैं चोरी क्यों करूंगा? मैंने तो पिछले साल कैंटीन में सिर्फ डाइट कोक पर 1,200 डॉलर खर्च कर दिए थे।" आखिरकार, जब क्रोम के बैंक खाते का स्टेटमेंट चेक किया गया, तो सच्चाई सामने आ गई। स्टेटमेंट में साफ दिख रहा था कि 1.95 डॉलर का पेमेंट हुआ था। क्रोम पूरी तरह से निर्दोष थे।
अंत भला तो सब भला
निर्दोष साबित होने के बाद, फोर्ड ने क्रोम को उसी शिफ्ट में उनकी नौकरी वापस देने की पेशकश की। लेकिन क्रोम कंपनी के इस बर्ताव से बेहद निराश और आहत थे। उन्होंने फोर्ड में वापस जाने से इनकार कर दिया और कहा, "क्या फोर्ड मोटर में मेरा करियर इसी तरह खत्म होने वाला था? मेरे वापस जाने का कोई सवाल ही नहीं था।
पहले आप मुझे चोर कहते हैं और फिर जब मैं कहता हूं कि मैंने चोरी नहीं की, तो आप मुझे झूठा कहते हैं।" हालांकि, इस कहानी का अंत कर्ट के लिए अच्छा रहा। उन्हें एक अलग कारखाने में बढ़े हुए वेतन के साथ नई नौकरी मिल गई है।
फोर्ड की प्रतिक्रिया
इस पूरे विवाद पर फोर्ड ने सीधे तौर पर कुछ कहने से इनकार कर दिया। हालांकि, फोर्ड की प्रवक्ता जेसिका एनोक ने एक गोलमोल सा जवाब देते हुए कहा, "हम किसी कर्मचारी के व्यक्तिगत मामलों पर बात नहीं करते।
लेकिन कई बार जांच के बाद हमें लगता है कि मामलों को अलग या बेहतर तरीके से निपटाया जा सकता था। ऐसा होने पर हम सुधार करने की कोशिश करते हैं। हम अपने कर्मचारियों की कद्र करते हैं और उनके साथ निष्पक्ष रहना चाहते हैं।"