Furion M2: ये है दुनिया की पहली ऑल-व्हील ड्राइव मोटरसाइकिल, 100 HP की पावर और ब्रेक लगाने पर होती है चार्ज
All Wheel Drive Motorcycle: फ्रांस की कंपनी फ्यूरियन मोटरसाइकिल्स ने यामाहा MT-07 पर आधारित दुनिया की पहली हाइब्रिड ऑल-व्हील ड्राइव बाइक M2 पेश की है। इस बाइक में पीछे पेट्रोल इंजन और आगे इलेक्ट्रिक मोटर दी गई है। इससे दोनों पहियों को पावर मिलती है और बेहतर ग्रिप, कंट्रोल और लगभग 100 हॉर्सपावर की ताकत मिलती है।
विस्तार
आपने ऑल व्हील ड्राइव (AWD) कारों के बारे में तो बहुत सुना होगा लेकिन क्या आपने कभी ऑल-व्हील ड्राइव बाइक के बारे में सुना है? ऑल-व्हील ड्राइव वो तकनीक होती है जिसमें सभी पहियों में बराबर ताकत पहुंचती है। आमतौर पर गाड़ियां 2-व्हील-ड्राइव (2WD) होती हैं जिससे उनके सिर्फ 2 पहियों में ताकत पहुंचती है। अगर कोई बाइक हो जिसे सिर्फ एक पहिए में ताकत मिलती हो, उसको ऑल-व्हील ड्राइव बना दिया जाए तो? फ्रांस की कंपनी फ्यूरियन मोटरसाइकिल्स ने इस सोच को सच कर दिखाया है। कंपनी ने लोकप्रिय यामाहा MT-07 को एक खास हाइब्रिड बाइक में बदल दिया है जिसका नाम उन्होंने M2 रखा है। इस बाइक की सबसे बड़ी खासियत इसका 2-व्हील-ड्राइव सिस्टम है। यानी इसमें आगे और पीछे दोनों पहियों को पावर मिलती है। यह सिस्टम पेट्रोल इंजन और इलेक्ट्रिक मोटर के साथ मिलकर काम करता है। इससे बाइक को ज्यादा ताकत, बेहतर कंट्रोल और मजबूत ग्रिप मिलती है। यह प्रोटोटाइप दिखाता है कि अब इलेक्ट्रिक और हाइब्रिड टेक्नोलॉजी सिर्फ कारों तक सीमित नहीं है।
यामाहा MT-07 पर आधारित है यह खास प्रोटोटाइप
फ्यूरियन मोटरसाइकिल्स नई और अलग तरह की बाइक बनाने के लिए जानी जाती है। कंपनी ने 2018 में M1 नाम की एक हाइब्रिड बाइक पेश की थी जिसमें रोटरी इंजन दिया गया था। इसके बाद कंपनी ने यामाहा निकेन पर आधारित M3 मॉडल भी बनाया। अब कंपनी ने नया M2 प्रोटोटाइप तैयार किया है जो यामाहा MT-07 पर आधारित है। इसमें 689cc का पैरेलल-ट्विन इंजन दिया गया है जो सामान्य रूप से 73 हॉर्सपावर की ताकत देता है। लेकिन इस बाइक की सबसे खास बात इसका फ्रंट व्हील में लगा इलेक्ट्रिक मोटर है। ये मोटर बाइक को ऑल-व्हील-ड्राइव सिस्टम बना देता है यानी दोनों पहियों को बराबर पावर मिलती है। पेट्रोल इंजन और इलेक्ट्रिक मोटर मिलकर इस बाइक की कुल ताकत को लगभग 100 हॉर्सपावर तक पहुंचा देते हैं जिससे इसका परफॉर्मेंस और भी बेहतर हो जाता है।
पीछे पेट्रोल इंजन, आगे इलेक्ट्रिक मोटर
फ्यूरियन M2 की सबसे बड़ी खासियत इसका डुअल-पावर सिस्टम है। आमतौर पर बाइक्स में सिर्फ पिछला पहिया ही इंजन से चलता है लेकिन इस बाइक में आगे और पीछे दोनों पहियों को पावर मिलती है।
- रियर व्हील: पीछे यामाहा का 689cc पैरेलल-ट्विन पेट्रोल इंजन दिया गया है जो 73 हॉर्सपावर की ताकत देता है
- फ्रंट व्हील: आगे के पहिये में एक इलेक्ट्रिक मोटर लगाई गई है जो अकेले 20 हॉर्सपावर की पावर और 300 Nm का बहुत ज्यादा टॉर्क देती है।
- कुल पावर: पेट्रोल इंजन और इलेक्ट्रिक मोटर मिलकर इस बाइक की कुल लगभग 100 हॉर्सपावर तक की ताकत देते हैं।
इसी वजह से ये बाइक अपने सेगमेंट की सामान्य बाइक्स के मुकाबले ज्यादा ताकतवर और बेहतर परफॉर्मेंस देने में सक्षम है।
ब्रेक लगाने पर बैटरी अपने आप होती है चार्ज
इस हाइब्रिड बाइक की एक खास सुविधा रीजेनरेटिव ब्रेकिंग सिस्टम है। इसका मतलब है कि जब राइडर ब्रेक लगाता है तो आगे लगी इलेक्ट्रिक मोटर जनरेटर की तरह काम करने लगती है और ब्रेक लगाने से बनने वाली ऊर्जा को बैटरी में वापस स्टोर कर देती है। कंपनी के अनुसार, यह सिस्टम ब्रेकिंग के दौरान बनने वाली ऊर्जा का लगभग 27 प्रतिशत तक बैटरी में वापस जमा कर सकता है। बाइक की बैटरी पीछे की तरफ लगाई गई है। पूरा सिस्टम Eversor टेक्नोलॉजी से नियंत्रित होता है जो दोनों पहियों के बीच पावर को सही तरीके से बांटता है और बाइक की पकड़, परफॉर्मेंस और एफिशिएंसी को बेहतर बनाता है।
रेस ट्रैक पर भी हुई टेस्टिंग
इस प्रोटोटाइप बाइक को सुपरमोटो वर्ल्ड चैंपियन एड्रियन शारेरे ने एलेस सेवेनेस मोटर रेसिंग सर्किट पर टेस्ट किया। असली रेस ट्रैक पर टेस्टिंग के दौरान बाइक ने अच्छा कंट्रोल और मजबूत परफॉर्मेंस दिखाया। इस टेस्ट से साफ हुआ कि यह बाइक सिर्फ कॉन्सेप्ट नहीं है बल्कि असल दुनिया में भी बेहतर तरीके से काम करने की क्षमता रखती है।
भविष्य की क्या हैं योजनाएं?
फ्यूरियन मोटरसाइकिल्स नई और अलग टेक्नोलॉजी वाली बाइक्स बनाने के लिए जानी जाती है। इससे पहले कंपनी ने M1 नाम की रोटरी इंजन वाली हाइब्रिड बाइक और M3 नाम का तीन पहियों वाला मॉडल भी पेश किया था। M2 फिलहाल एक प्रोटोटाइप है यानी इसे अभी बिक्री के लिए नहीं लाया जाएगा। लेकिन यह बाइक कंपनी के आने वाले नए मॉडल F1 के लिए रास्ता तैयार कर रही है। फ्यूरियन F1 को लेकर कंपनी की योजनाएं कुछ इस प्रकार हैं:
पहली प्रोडक्शन बाइक: F1 कंपनी की पहली ऐसी बाइक हो सकती है जिसे आम लोगों के लिए लॉन्च किया जाएगा।
डुअल इलेक्ट्रिक मोटर: इसमें आगे और पीछे दोनों पहियों पर इलेक्ट्रिक मोटर दी जा सकती है।
300 किमी तक की रेंज: कंपनी का लक्ष्य है कि यह बाइक एक बार चार्ज करने पर लगभग 300 किलोमीटर तक चल सके।
लिमिटेड यूनिट्स: फ्यूरियन इसकी केवल 100 यूनिट्स ही बनाने की योजना बना रही है जिससे यह एक खास और लिमिटेड एडिशन बाइक होगी।
हालांकि इसकी कीमत और लॉन्च की तारीख अभी घोषित नहीं की गई है। लेकिन M2 प्रोटोटाइप से साफ है कि फ्यूरियन भविष्य में नई और एडवांस टेक्नोलॉजी वाली बाइक्स लाने की दिशा में तेजी से काम कर रही है।